IPL 2026: आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। सीजन का उद्घाटन मैच पिछले बार की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होगा। इससे पहले सभी टीमें अपनी तैयारियों में जुटी हुई हैं। सभी टीम के प्लेयर्स मैदान में जमकर पसीना बहा रहे हैं।वहीं मैदान के बाहर भी सरगर्मी तेज नजर आ रही है। जिस प्लेयर को लेकर सरगर्मी तेज हुई है, वह सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर हैं।अर्जुन तेंदुलकर मुंबई इंडियंस छोड़कर अब लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा बन चुके हैं। वहीं उन्हें लेकर पूर्व भारतीय स्पिनर आर अश्विन ने एक बात कह दी थी, जिस पर सिक्सर किंग के पिता योगराज सिंह भड़क उठे हैं।
योगराज सिंह ने किया बड़ा दावा
रविचंद्रन अश्विन ने अर्जुन तेंदुलकर की प्लेइंग इलेवन में जगह को लेकर एक बयान में कहा था कि लखनऊ सुपर जायंट्स के टीम संयोजन में अर्जुन तेंदुलकर की राह कठिन है। उन्होंने तर्क दिया था कि लखनऊ के पास तेज गेंदबाजों में मयंक यादव, मोहसिन खान, आवेश खान और मोहम्मद शमी जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इतने बड़े नामों के बीच अर्जुन तेंदुलकर के लिए प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना बड़ी चुनौती होगी। इसके जवाब में योगराज सिंह ने पलटवार किया है। योगराज सिंह ने ‘इनसाइडस्पोर्ट’ से बातचीत के दौरान पूर्व भारतीय स्पिनर को जमकर आड़े हाथों लिया।
अपने बेबाक अंदाज के लिए मशहूर योगराज सिंह ने अश्विन की अथॉरिटी पर ही सवाल उठा दिए। उन्होंने भड़कते हुए कहा, ‘यह अश्विन, जो कोई भी है, बिल्कुल बकवास कर रहा है। उसे पता होना चाहिए कि किसके बारे में क्या बात करनी चाहिए। कोई टीवी पर बैठकर ये कह रहा है कि ‘ओह, वह यह नहीं कर सकता, वह नहीं कर सकता’. तुम कौन हो? तुम्हारी क्या हैसियत है?’ योगराज सिंह ने इसके आगे कहा कि जब अर्जुन तेंदुलकर गोवा में था, तो मैंने युवी से कहा था कि तुम लोग अर्जुन पर गलत ध्यान केंद्रित कर रहे हो। वह गेंदबाज नहीं है, उसे रीढ़ की हड्डी में समस्या है। उसके हाथ 45 डिग्री से नीचे आते हैं। उसे मुझे दे दो, अगर वह 6 महीने में दुनिया का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज नहीं बना, तो मैं अपनी दाढ़ी कटवाकर फेंक दूंगा।'
