WTC Points Table: भारत ने वेस्टइंडीज को हराकर दूसरा टेस्ट 7 विकेट से जीत लिया। भारत के सामने जीत के लिए 121 रन का लक्ष्य था, जिसे उसने केएल राहुल की नाबाद अर्धशतकीय पारी (58) के दम पर 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। राहुल के अलावा साई सुदर्शन ने 39 रन की पारी खेली। इससे पहले वेस्टइंडीज ने दूसरी पारी में पहली बार अच्छी बल्लेबाजी की और 390 रन का स्कोर खड़ा किया। इससे पहले भारतीय टीम के कप्तान ने टॉस जीतकर 5 विकेट के नुकसान पर 518 रन बनाए। जायसवाल ने 175 जबकि गिल ने नाबाद 129 रन की पारी खेली। इस जीत के साथ ही भारत ने दो मैच की टेस्ट सीरीज को 2-0 से जीत लिया। सीरीज जीत के बाद प्वाइंट्स टेबल में अंकों की तो बढ़ोतरी हुई, लेकिन अब भी टीम इंडिया WTC प्वाइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर है।
नंबर 3 पर है टीम इंडिया
इस सीरीज जीत के बाद टीम इंडिया को 12 अंक का फायदा हुआ। अब उसके 7 मैच में 4 जीत और 2 हार हैं। एक मुकाबला ड्रॉ रहा था। 52 अंक और 61.90 जीत प्रतिशत के साथ नंबर 3 पर है। अब भारत को साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में खेलना है, जहां उसके पास एक और मौका होगा।
टॉप पर है ऑस्ट्रेलिया
WTC की रनर-अप टीम ऑस्ट्रेलिया फिलहाल प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर है। ऑस्ट्रेलिया ने 3 मैच खेले हैं और 3 जीत और 36 प्वाइंट के साथ वह टॉप पर बनी हुई है। टीम के जीत का प्रतिशत 100 है। नंबर दो पर फिलहाल श्रीलंका की टीम है। जिसके नाम 2 मैच में एक जीत और एक ड्रॉ है। श्रीलंका 16 अंक और 66.67 जीत प्रतिशत के साथ नंबर दो पर बनी हुई है।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप प्वाइंट्स टेबल (साभार-ICC)
टॉप-5 में इंग्लैंड और बांग्लादेश
इंग्लैंड की टीम प्वाइंट्स टेबल में चौथे जबकि बांग्लादेश की टीम 5वें नंबर पर है। इंग्लैंड ने अब तक 5 मैच में 2 जीत दर्ज की है। 2 मैच में उसे हार मिली है और एक मैच ड्रॉ रहा है। इंग्लैंड टीम के फिलहाल 52 प्वाइंट हैं और जीत का प्रतिशत 43.33 प्रतिशत है। वहीं बांग्लादेश की टीम 2 टेस्ट मैच में एक हार और एक ड्रॉ के साथ नंबर 5 पर है।
3 टीमों का नहीं खुला है खाता
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की बात करें तो 3 टीमों को अपना पहला मुकाबला खेलना है। इन टीमों में पाकिस्तान, WTC चैंपियन साउथ अफ्रीका जबकि न्यूजीलैंड जैसी टीम शामिल है।
कैसे काम करती है WTC प्वाइंट्स सिस्टम (Points System)
WTC प्वाइंट्स टेबल की बात करें तो इसमें एक जीत के 12 प्वाइंट, जबकि टाई के 6 और ड्रॉ के 4 प्वाइंट मिलते हैं। टीमों की रैंकिंग जीत प्रतिशत के आधार पर की जाती है। टॉप दो पर फिनिश करने वाली टीम फाइनल खेलेगी। इसके अलावा टीमों के स्लो ओवर रेट के कारण टीम के प्वाइंट्स भी काटे जाते हैं।
