क्रिकेट

WTC Point Table: एडिलेड टेस्ट में हार के बाद डब्ल्यूटीसी पॉइंट टेबल में भारत को भारी नुकसान, ऑस्ट्रेलिया ने लगाई लंबी छलांग

WTC Point Table Updates: एडिलेड टेस्ट मुकाबले में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा। पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को 10 विकेट से पटखनी दी। इस हार के साथ भारतीय टीम को वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) के पॉइंट टेबल में भारी नुकसान हुआ है। आइए जानते हैं कि टीम इंडिया अब टेबल में किस नंबर पर खिसक गई है।

Image

हार के बाद जानिए पॉइंट टेबल में किस नंबर पर है टीम इंडिया। (फोटो- AP)

Photo : AP

WTC Point Table Updates: ऑस्ट्रेलिया ने एडिलेड ओवल में खेले गए दूसरे टेस्ट में भारत को दस विकेट से हराकर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी सीरीज को 1-1 से बराबर कर लिया है। इस जीत के साथ, ऑस्ट्रेलिया 2023-2025 आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की रैंकिंग में फिर से पहले स्थान पर पहुंच गया है। पैट कमिंस की कप्तानी वाली टीम का पॉइंट प्रतिशत अब 60.71 हो गया है, जिससे उन्होंने भारत और दक्षिण अफ्रीका को पीछे छोड़ दिया। मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल में यह उनकी नौवीं जीत है।

दूसरी ओर, रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम को इस करारी हार के बाद तीसरे स्थान पर जाना पड़ा है। भारत का पॉइंट प्रतिशत 61.11 से गिरकर अब 57.29 हो गया है। भारत को अब ब्रिसबेन, मेलबर्न और सिडनी में बचे हुए तीन टेस्ट मैच जीतने होंगे, ताकि अगले साल लॉर्ड्स में होने वाले तीसरे लगातार टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पहुंचने का मौका मिल सके।

दक्षिण अफ्रीका का पॉइंट प्रतिशत 59.26 है और वह श्रीलंका के खिलाफ चल रहे घरेलू टेस्ट में मजबूत स्थिति में है। अगर वे यह मैच जीतते हैं, तो रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंच सकते हैं। एडिलेड ओवल में खेले गए डे-नाइट टेस्ट के तीसरे दिन पैट कमिंस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 14 ओवर में 5 विकेट लिए और भारत को उनकी दूसरी पारी में सिर्फ 175 रनों पर समेट दिया।

ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए केवल 19 रन चाहिए थे, जो उन्होंने सिर्फ 3.2 ओवर में बनाकर हासिल किए। इसके साथ ही कंगारूओं ने सीरीज में जोरदार वापसी की। ऑस्ट्रेलिया इससे पहले बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में पहला मैच पर्थ में 295 रनों से हार गया था। दूसरा मैच, जो पिंक बॉल से खेला गया था, ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच सबसे छोटा टेस्ट बन गया है, जिसमें सिर्फ 1031 गेंदें फेंकी गईं और तीसरे दिन के दो घंटे से पहले ही मैच खत्म हो गया। इस मुकाबले में 141 गेंदों पर 140 रनों की तेज पारी खेलने वाले ट्रेविस हेड को प्लेयर ऑफ द मैच दिया गया है।

(आईएएनएस)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article