क्रिकेट

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने रचा इतिहास, बनी ऐसा करने वाली पहली टीम

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated Jun 11, 2023, 05:52 PM IST

ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल जीत लिया है। उसने टीम इंडिया को 209 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। भारत के सामने जीत के लिए 444 रन का लक्ष्य था, लेकिन पूरी टीम केवल 234 रन बनाकर आउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया अब पहली टीम बन गई है जिसके पास आईसीसी की हर ट्रॉफी है।

Image

ऑस्ट्रेलिया टीम (साभार-AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • ऑस्ट्रेलिया ने जीता वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल
  • भारत को 209 रन से हराया
  • अब आईसीसी का हर खिताब ऑस्ट्रेलिया के नाम

लंदन के ऐतिहासिक ओवल मैदान पर ऑस्ट्रेलिया ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियशिप के फाइनल मुकाबले में भारत को 209 रन हराकर इतिहास रच दिया है। भारत के सामने जीत के लिए 444 रन का लक्ष्य था, लेकिन 5वें दिन ऑस्ट्रेलिया की धारदार गेंदबाजी के सामने टीम इंडिया एक सेशन भी नहीं झेल पाई। भारतीय टीम केवल 234 रन बनाकर ढेर हो गई और ऑस्ट्रेलिया ने 209 रन के भारी अंतर से मुकाबला जीत लिया।

अब आईसीसी के सभी खिताब ऑस्ट्रेलिया के नाम

इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने इतिहास रच दिया है। अब आईसीसी के सभी खिताब उसके नाम हो गया है और वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली टीम बन गई है। ऑस्ट्रेलिया के नाम 5 वर्ल्ड कप, दो चैंपियंस ट्रॉफी और एक टी20 वर्ल्ड कप पहले से था। लेकिन बस एक कमी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की थी जो उसने अब पूरी कर ली है। अब आईसीसी का हर खिताब इस टीम के पास है।

सफल कप्तानों में अब पैट कमिंस भी

पैट कमिंस के नेतृत्व में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप जीतने वाली ऑस्ट्रेलिया टीम पहली बार फाइनल में पहुंची थी और उसने यह कारनामा कर दिया। इस जीत के साथ पैट कमिंस भी ऑस्ट्रेलिया के उन कप्तानों की सूची में शामिल हो गए, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया को आईसीसी का खिताब जिताया हो।

एलन बॉर्डर की कप्तानी में जीता था पहला वर्ल्ड कप

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 1987 में एलन बॉर्डर की कप्तानी में पहली बार वर्ल्ड कप जीता था। 1999 में स्टीव वॉ की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया दूसरी बार चैंपियन बनी। ऑस्ट्रेलिया ने रिकी पोंटिंग की कप्तानी में 2003 में वर्ल्ड कप, 2006 में चैंपियंस ट्रॉफी, 2007 में वर्ल्ड कप और 2009 में दूसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी जीता था। साल 2015 में ऑस्ट्रेलिया 5वीं बार माइकल क्लार्क की कप्तानी में चैंपियन बना और फिर एरोन फिंच के नेतृत्व नें उसने साल 2021 में पहली बार टी20 वर्ल्ड कप जीता।

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article