क्रिकेट

WPL Today Match: विमेंस प्रीमियर लीग का पहला डबल हेडर, जानें कौन-कौन सी टीम भिड़ेंगी आज

WPL Today Match: विमेंस प्रीमियर लीग में आज सीजन का पहला डबल हेडर खेला जाएगा। पहले मुकाबले में यूपी और गुजरात की टीम भिड़ेगी जबकि दूसरे मुकाबले में दिल्ली और मुंबई आमने-सामने होंगे। मुंबई अपना पहला मैच गंवा चुकी है और उसकी कोशिश जीत दर्ज करने की होगी।

Image

WPL में आज के मैच (साभार-WPL)

WPL Today Match: विमेंस प्रीमियर लीग 2026 का पहला डबल हेडर आज खेला जाएगा। पहले दिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस को रोमांचक मुकाबले में हराकर इस लीग के चौथे सीजन का आगाज धमाकेदार अंदाज में किया और आज दो मुकाबले खेले जाने हैं। पहला मुकाबला यूपी वॉरियर्ज (Up Warriorz Women) और गुजरात जायंट्स (Gujarat Giants Women) के बीच, जबकि दूसरा मुकाबला मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians)और दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के बीच खेला जाएगा। दोनों मैच नवी मुंबई के डीवाई पाटिल अकेडमी में खेले जाएंगे। यूपी वॉरियर्ज और गुजरात जायंट्स (Match Timing) के बीच पहला मैच शाम 3 बजे से खेला जाएगा। टॉस 2:30 पर होगा। यूपी और गुजरात दोनों टीमें नीलामी के बाद नई टीम के साथ उतर रही हैं। पिछले तीन सीजन में दोनों ही टीमों का प्रदर्शन साधारण रहा है। दोनों टीमें फाइनल में कभी जगह नहीं बना सकी हैं।

यूपी वॉरियर्ज नए कप्तान मेग लैनिंग के साथ उतर रही है। लैनिंग पिछले तीन सीजन दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान रहीं और तीनों ही सीजन में दिल्ली फाइनल खेली थी, लेकिन खिताब नहीं जीत सकी। नई टीम के साथ लैनिंग एक बार फिर सीजन की दमदार शुरुआत करना चाहेंगी। दीप्ति शर्मा के प्रदर्शन पर भी नजर रहेगी जिसे यूपी ने आरटीएम का इस्तेमाल कर खरीदा था। एश्ले गार्डनर की कप्तानी में गुजरात जायंट्स ने पिछले साल अच्छा प्रदर्शन किया था और पहली बार प्लेऑफ में जगह बनाई थी। गार्डनर ने इस सीजन की टीम को पिछले सीजन से मजबूत बताया है और अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद जताई है। यूपी और गुजरात की टक्कर दो ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की बतौर कप्तान श्रेष्ठता की परीक्षा भी है। पिछले तीन सीजन में दोनों टीमों के बीच 6 मैच हुए हैं। दोनों टीमें 3-3 बार विजेता रही हैं।

गुजरात जायंट्स की संभावित प्लेइंग इलेवन

बेथ मूनी (विकेटकीपर), सोफी डिवाइन, भारती फुलमाली, एश्ले गार्डनर (कप्तान), जॉर्जिया वेयरहम, कनिका आहूजा, आयुषी सोनी, काश्वी गौतम, तनुजा कंवर, तीतास साधु, रेणुका सिंह।

यूपी वॉरियर्स की संभावित प्लेइंग इलेवन

मेग लैनिंग (कप्तान), किरण नवगिरे, हरलीन देओल, फोबे लिचफील्ड, श्वेता सेहरावत (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, डिएंड्रा डॉटिन, सोफी एक्लेस्टोन, आशा सोभना, शिखा पांडे, क्रांति गौड़।

दिन का दूसरा मुकाबला मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच शाम 7:30 से खेला जाएगा। टॉस 7 बजे होगा। मुंबई इंडियंस का सीजन का यह दूसरा मैच होगा। शुक्रवार को सीजन के उद्घाटन मुकाबले में मुंबई को आरसीबी के खिलाफ आखिरी गेंद पर 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली मुंबई दिल्ली के खिलाफ जीत दर्ज करना चाहेगी। वहीं दिल्ली सीजन का पहला मैच नई कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स के नेतृत्व में खेलेगी। रोड्रिग्स पिछले तीन सीजन से टीम का हिस्सा हैं, लेकिन पहली बार बतौर कप्तान टीम को लीड करेंगी। रोड्रिग्स की कोशिश टीम को शुरुआती मैच में जीत दिलाना होगी। डीसी की बल्लेबाज शेफाली वर्मा पर भी नजर रहेगी। मुंबई और दिल्ली के बीच पिछले तीन सीजन में 8 मैच खेले गए हैं। दोनों टीमों ने 4-4 मैच जीते हैं।

मुंबई इंडियंस की संभावित प्लेइंग इलेवन

नैट साइवर-ब्रंट, जी कमलिनी (विकेटकीपर), अमेलिया केर, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), अमनजोत कौर, निकोला कैरी, पूनम खेमनार, शबनम इस्माइल, संस्कृति गुप्ता, सजीवन सजना, साइका इशाक।

दिल्ली कैपिटल्स की संभावित प्लेइंग इलेवन

शेफाली वर्मा, लॉरा वोल्वार्ड्ट, जेमिमा रोड्रिग्स (कप्तान), मारिजेन कैप, चिनेल हेनरी, तानिया भाटिया (विकेटकीपर), निकी प्रसाद, स्नेह राणा, अलाना किंग, श्री चरणी, मिन्नू मणि।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article