क्रिकेट

WPL 2025: रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने आखिरी गेंद छीनी मुंबई इंडियंस से जीत

दिल्ली कैपिटल्स ने एक बार की खिताब विजेता मुंबई इंडियन्स को सीजन के अपने पहले मुकाबले में आखिरी गेंद पर मात देकर धमाकेदार शुरुआत की है।

Image

दिल्ली कैपिटल्स

वडोदरा: दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार गेंदबाजी के बाद बल्लेबाजों के संयमित प्रदर्शन के दम पर महिला प्रीमियर लीग के रोमांचक मैच में शनिवार को मुंबई इंडियंस को आखिरी गेंद पर दो विकेट से हराया। पहले क्षेत्ररक्षण चुनते हुए दिल्ली ने मुंबई इंडियंस को 19.1 ओवर में 164 रन पर रोक दिया। मुंबई के लिये नेट स्किवेर ब्रंट ने नाबाद 80 और हरमनप्रीत कौर ने 22 गेंद में 42 रन बनाये।

जवाब में शेफाली वर्मा ने 18 गेंद में 43 रन बनाकर दिल्ली को आक्रामक शुरूआत दी और 60 रन तक दिल्ली ने कोई विकेट नहीं गंवाया लेकिन 16 रन के भीतर चार विकेट गंवा दिये। इसके बाद मुंबई इंडियंस ने मैच में वापसी की और लगभग जीत के करीब पहुंच ही गई थी। एलिस कैप्सी (16), अनाबेल सदरलैंड (13) और सारा ब्राइस (21) टिक नहीं सकीं लेकिन निकी प्रसाद ने नाबाद 27 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया।

दिल्ली को आखिरी 12 गेंद में 21 रन चाहिये थे और उसके चार विकेट सुरक्षित थे । नौवे नंबर की बल्लेबाज राधा यादव ने छक्का जड़ दिया और निकी ने चौका लगाया लेकिन पांचवीं गेंद पर आउट हो गई । अरूंधति यादव ने आखिरी गेंद पर दो रन लेकर जीत दिलाई। इससे पहले मुंबई के लिये स्किवर ब्रंट ने शानदार अर्धशतक जड़ा लेकिन दूसरे बल्लेबाजों से उन्हें सहयोग नहीं मिल सका जिससे दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 164 रन पर आउट कर दिया।

स्किवर ब्रंट ने 80 रन की नाबाद पारी में 13 चौके लगाये। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी 22 गेंद में 42 रन बनाये और इसके साथ ही टी20 क्रिकेट में 8000 रन पूरे किये। दोनों ने तीसरे विकेट की साझेदारी में 40 गेंद में 73 रन जोड़े। दिल्ली के गेंदबाजों ने हालांकि शानदार वापसी करते हुए 59 रन के भीतर आठ विकेट चटकाकर मुंबई को 19.1 ओवर में 164 रन पर आउट कर दिया।

तेज गेंदबाज शिखा पांडे ने 14 रन देकर दो विकेट चटकाये जबकि मिन्नू मनी ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 23 रन देकर एक विकेट लिया । बाकी गेंदबाज महंगे साबित हुए। पांडे ने दोनों सलामी बल्लेबाजों हीली मैथ्यूज (0) और यास्तिका भाटिया (11) को पवेलियन भेजा। पावरप्ले के छह ओवर के बाद मुंबई का स्कोर दो विकेट पर 42 रन था। एलिस कैप्सी ने एक ओवर में 19 रन दिये।

स्किवर ब्रंट और हरमनप्रीत ने राधा यादव के आठवें ओवर में 18 रन बनाये जिसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल था। मुंबई ने दस ओवर के बाद दो विकेट पर 87 रन बनाये थे। हरमनप्रीत ने अनाबेल सदरलैंड को तीन चौके और एक छक्का लगाया लेकिन 14वें ओवर में उनका शिकार बन गई। स्किवर ब्रंट ने एक छोर संभाले रखा लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article