क्रिकेट

Deepti Sharma hat-trick: दीप्ति शर्मा ने रचा इतिहास, बनीं WPL में हैट्रिक झटकने वाले पहली भारतीय

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 9, 2024, 12:03 AM IST

भारत की स्टार महिला क्रिकेट खिलाड़ी दीप्ति शर्मा ने विमेंस प्रीमियर लीग में शुक्रवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ यूपी वॉरियर्स के लिए खेलते हुए नया इतिहास रच दिया। दीप्ति WPL इतिहास में हैट्रिक लेने वाली पहली भारतीय और दूसरी खिलाड़ी बनीं।

Image

दीप्ति शर्मा (साभार WPL)

नई दिल्ली: भारतीय महिला टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने विमेंस प्रीमियर लीग में शुक्रवार को इतिहास रच दिया। यूपी वॉरियर्स की ओर से खेलते हुए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ दीप्ति WPL इकिहास में हैट्रिक लेने वाली पहली भारतीय बन गईं। विमेंस प्रीमियर लीग इतिहास की पहली हैट्रिक मुंबई इंडियन्स के लिए खेलने वाली इसी वॉन्ग(Issy Wong) ने पिछले सीजन हासिल की थी। वॉन्गने यूपी वॉरियर्स के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में हैट्रिक लेने का कारनामा किया था।

दीप्ति ने ऐसे पूरी की हैट्रिक

दीप्ति शर्मा ने 14वें ओवर की आखिरी और 19वें ओवर की पहली और दूसरी गेंद पर मेग लैनिंग, एनाबेल सदरलैंड और अरंधती रेड्डी का शिकार करके अपनी हैट्रिक पूरी की। 19वें ओवर की चौथी गेंद पर दीप्ति ने शिखा पांडे को भी आउट कर दिया और अपनी हैट्रिक का जश्न मनाया। उनके इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने जीती बाजी गंवा दी। अंत में दिल्ली कैपिटल्स को 1 रन के अंतर से मैच में हार का सामना करना पड़ा। दीप्ति शर्मा ने 4 ओवर में 17 रन देकर 4 विकेट अपवे नाम किए।

जीत के बाद चुनी गईं प्लेयर ऑफ द मैच

दीप्ति शर्मा मैच में बल्ले और गेंद दोनों के साथ चमकीं। पहले तीसरे पायदान पर बल्लेबाजी करते हुए दीप्ति ने 48 गेंद में 59 रन की पारी 6 चौके और एक छक्के की मदद से खेली। वो टीम की सबसे सफल बल्लेबाज रहीं। उनकी पारी की बदौलत ही यूपी की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 138 रन का स्कोर खड़ा करने में सफल हुई। इसके बाद गेंदबाजी में भी दीप्ति ने कहर बरपाया और अपनी टीम के नाम हारी बाजी कर दी। इस शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए दीप्ति को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। दिल्ली कैपिटल्स ने दबाव में 11 गेंद के अंतराल में 6 विकेट गंवा दिए। 18 ओवर में दिल्ली कैपिटल्स ने 4 विकेट पर 124 रन बना लिए थे लेकिन अंत में पूरी टीम 19.5 ओवर में 137 रन बनाकर ढेर हो गई।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article