क्रिकेट

World Cup 2023, SA vs NED Pitch Report, Weather: दक्षिण अफ्रीका-नीदरलैंड मैच की पिच रिपोर्ट और मौसम का हाल, यहां जानिए

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Oct 17, 2023, 01:19 PM IST

World Cup 2023 Match 15, SA vs NED Pitch Report HPCA Stadium and Dharamsala weather forecast Today: आज (17 October 2023) विश्व कप 2023 में 15वां मैच खेला जाएगा। इस मुकाबले में आमने-सामने होंगी दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड की टीमें। आइए जानते हैं कि इस मैच की पिच रिपोर्ट कैसी होगी और आज कैसा रहेगा धर्मशाला का मौसम।

Image

दक्षिण अफ्रीका बनाम नीदरलैंड पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • आईसीसी वनडे विश्व कप 2023 - 15वां मैच
  • आज दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड के बीच मुकाबला
  • धर्मशाला के एचपीसी स्टेडियम में होगी टक्कर

World Cup 2023, SA (South Africa) vs NED (Netherlands) ODI Pitch Report HPCA Stadium, Dharamsala Weather Forecast Today: विश्व कप 2023 में आज दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड के बीच मुकाबला खेला जाएगा। मौजूदा स्थिति को देखा जाए तो ये एकतरफा मुकाबला भी हो सकता है, लेकिन अफगानिस्तान ने जिस तरह से विश्व चैंपियन इंग्लैंड को हराकर बड़ा उलटफेर किया है उसके बाद कुछ भी कहना मुश्किल है। लेकिन दक्षिण अफ्रीकी टीम इस समय जबरदस्त लय में है और कमजोर नीदरलैंड का उनके सामने टिक पाना आसान नहीं होगा। ये मुकाबला धर्मशाला की खूबसूरत वादियों के बीच एचपीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा।

दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड की टीम की ताकत में जमीन-आसमान का अंतर है और इस समय जिस तरह से तेम्बा बावुमा की कप्तानी में द.अफ्रीकी टीम खेल रही है उसको देखकर ये कहना मुश्किल है कि कोई भी टीम उनको टॉप-4 से बाहर कर सकेगी। दक्षिण अफ्रीका ने अब तक खेले अपने दोनों मुकाबले जीते हैं और सभी 10 टीमों में उनका नेट रन रेट (+2.360) सर्वश्रेष्ठ है। दोनों टीमों के बीच अब तक 7 वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं जिसमें 6 मैच दक्षिण अफ्रीका ने जीते हैं और एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला। वहीं वनडे विश्व कप इतिहास में इनकी तीन बार टक्कर हुई है और तीनों ही बार नीदरलैंड को हार का स्वाद चखना पड़ा है।

दक्षिण अफ्रीका-नीदरलैंड मैच की पिच रिपोर्ट कैसी होगी? (SA vs NED Pitch Report)

दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड के बीच खेला जाने वाला ये मुकाबला धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में होने जा रहा है। इस मैदान की बाउंड्री काफी छोटी हैं और यहां रनों की बारिश देखने को मिल सकती है। इस मैदान का सर्वाधिक स्कोर 364 रन है जो इसी विश्व कप में इंग्लैंड ने बांग्लादेश के खिलाफ बनाया था। उस मैच में डेविड मलान ने 140 रनों की धुआंधार पारी खेली थी। लेकिन साथ ही साथ ये भी कहना गलत नहीं होगा कि कुछ मैचों में यहां पर गेंदबाजों ने भी मैच का रुख पलटने की कोशिश की है। हालांकि दबदबा बल्लेबाजों का ही रहने वाला है।

आज कैसा होगा धर्मशाला का मौसम? (Dharamsala Weather Today)

आज धर्मशाला के मौसम की बात करें तो यहां सर्दियों ने पूरी तरह से पैर पसार लिए हैं और हर आने वाले दिन इसमें बढ़ोतरी ही देखने को मिलेगी। सोमवार को यहां बारिश हुई है इसलिए मौसम और भी सर्द हो गया है। अगर आज की बात करें तो फैंस को शायद ये खबर अच्छी ना लगे क्योंकि आज भी यहां 60 प्रतिशत बारिश का अनुमान है जिससे मैच में बाधा आ सकती है। यहां उमस भी काफी रहने वाली है। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेंटीग्रेड तक गिर सकता है। मुकाबला दोपहर 2 बजे से शुरू होगा।

दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड की टीमें

दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम: तेम्बा बावुमा (कप्तान), गेराल्ड कोएट्ज़ी, क्विंटन डिकॉक, रीज़ा हेंड्रिक्स, मार्को यानसन, हेनरिक क्लासेन, केशव महाराज, एडेन मार्कराम, डेविड मिलर, कैगिसो रबाडा, तबरेज़ शम्सी, रासी वान डेर डुसेन, लिज़ाद विलियम्स, लुंगी एनगिडी और एंडिले फेहलुकवायो।

नीदरलैंड क्रिकेट टीम: स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान), मैक्स ओडोड, बास डी लीडे, विक्रम सिंह, तेजा निदामानुरू, पॉल वैन मीकेरेन, कॉलिन एकरमैन, रोलोफ वान डेर मर्व, लोगान वैन बीक, आर्यन दत्त, शारिज अहमद, साइब्रांड एंजेलब्रेक्ट, रेयान क्लेन, वेस्ली बारेसी और साकिब जुल्फिकार।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!