Womens World Cup 2025: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम के पास आगामी वनडे विश्व कप में चैंपियन बनने का सुनहरा मौका है।भारत और श्रीलंका मिलकर इस टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहे हैं। 30 सितंबर को गुवाहाटी में भारत और श्रीलंका के बीच होने वाले मैच से महिला वनडे विश्व कप का शुभारंभ होगा।सैकिया ने कहा कि यह गुवाहाटी के लिए ऐतिहासिक पल है क्योंकि यहां पहली बार आईसीसी विश्व कप का मैच आयोजित किया जाएगा।
श्रेया घोषाल देंगी प्रस्तुति
उद्घाटन समारोह में मशहूर गायिका श्रेया घोषाल भी प्रस्तुति देंगी। वह विश्व कप के थीम सांग के साथ अपने 4-5 लोकप्रिय गीत गाकर कार्यक्रम को खास बनाएंगी।
ऑस्ट्रेलिया सीरीज़ से मिली हौसला-अफ़ज़ाई
विश्व कप से पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज़ खेली। ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज़ 2-1 से जीती, लेकिन भारतीय टीम का प्रदर्शन काबिले-तारीफ़ रहा।सैकिया ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया को दुनिया की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेट टीम माना जाता है। भारतीय टीम ने पहला मैच गंवाया, लेकिन दूसरा मुकाबला बड़े अंतर से जीता और तीसरे मैच में 413 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 369 रन तक पहुंची।उन्होंने इसे टीम की शानदार तैयारी और आत्मविश्वास का संकेत बताया।
विश्व कप जीतने का बड़ा अवसर
देवजीत सैकिया ने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अभी तक कोई आईसीसी टूर्नामेंट नहीं जीता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह विश्व कप टीम इंडिया के लिए इतिहास रचने का अवसर बनेगा।उन्होंने कहा कि “टीम ने हाल के समय में अच्छा प्रदर्शन किया है और पूरे देश से समर्थन मिल रहा है। मुझे विश्वास है कि इस बार हम खिताब जीत सकते हैं।”
बीसीसीआई चुनावों की तैयारी
महिला विश्व कप के अलावा बीसीसीआई में बड़े पदों के लिए चुनाव भी होने हैं। जय शाह के आईसीसी अध्यक्ष बनने के बाद देवजीत सैकिया बीसीसीआई के सचिव बने थे। अब उन्होंने एक बार फिर सचिव पद के लिए नामांकन किया है।सैकिया ने बताया कि मिथुन मन्हास, राजीव शुक्ला और अरुण धूमल सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी चुनावी मैदान में हैं।
