क्रिकेट

WPL 2025, DC vs GG: दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ प्लेऑफ की दावेदारी मजबूत करने उतरेगी गुजरात जायंट्स

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ गुजरात जायंट्स अपनी प्लेऑफ की दावेदारी को और मजबूत करने के इरादे से विमेंस प्रीमियर लीग के 17वें मुकाबले में उतरेगी। जानिए मैच से जुड़ी जरूरी बातें।

Image

गुजरात जायंट्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स (साभार WPL)

लखनऊ: लगातार दो जीत के साथ महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) प्लेऑफ में जगह बनाने की अपनी दावेदारी मजबूत करने के बाद गुजरात जायंट्स शुक्रवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में भी इसी लय को बरकरार रखना चाहेगी। गुजरात जायंट्स डब्ल्यूपीएल अंक तालिका में सबसे नीचे थी लेकिन दो बड़ी जीत (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पर छह विकेट से और यूपी वॉरियर्स के खिलाफ 81 रन से) ने उसे पांच टीम की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंचा दिया है।

गुजरात जायंट्स के छह मैच में छह अंक हैं और उसके पास दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जीत से आगे बढ़ने का बेहतरीन मौका होगा जो 10 अंक के साथ तालिका में शीर्ष पर काबिज है। दिल्ली कैपिटल्स पहले ही प्लेऑफ में जगह बना चुकी है। वह जीत दर्ज कर अपने अंक 12 तक ले जाने के अलावा फाइनल में अपनी जगह पक्की करने के लिए अपने नेट रन रेट को भी बेहतर करना चाहेगी।

गुजरात जायंट्स के लिए आखिरकार चीजें सही हो रही हैं जिसने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ सभी मुश्किलों के बावजूद कम स्कोर वाले रोमांचक मैच में जीत दर्ज की जिसमें कप्तान एश्ले गार्डनर (नाबाद 58) और फीबी लिचफील्ड (नाबाद 30) ने अहम भूमिका निभाई। इसके बाद जायंट्स ने बेथ मूनी के नाबाद 96 रन और अपने गेंदबाजों के सामूहिक प्रदर्शन की बदौलत पिछले मैच में यूपी वॉरियर्स को 81 रन से रौंद दिया। इस बड़ी जीत ने उसके तालिका में स्थान में ही सुधार नहीं किया बल्कि उनका नेट रन रेट भी -0.450 से बेहतर कर 0.357 कर दिया जो तीसरे स्थान पर रहने वाली मुंबई इंडियंस (0.166) से बेहतर था। लेकिन मुंबई ने यूपी वॉरियर्स को मात देकर दूसरे स्थान पर कब्जा कर लिया है।

मुंबई इंडियंस के अभी दो मैच बचे हैं जिससे गुजरात की टीम चाहेगी कि वह अपने नेट रन रेट को बेहतर रखे और अन्य मैच के नतीजों पर निर्भर नहीं रहे। जायंट्स के तेज गेंदबाजों ने नयी गेंद और परिस्थितियों का अच्छा फायदा उठाया है। लेकिन जायंट्स को दिल्ली कैपिटल्स की हरफनमौला ताकत से सावधान रहना होगा क्योंकि वह भी जीत के लिए उत्सुक होगी। इससे उन्हें शीर्ष पर रहकर सीधे फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में मदद मिलेगी।

दिल्ली कैपिटल्स सात मैच में 10 अंक के साथ शीर्ष पर है। वह पहले स्थान पर रहने की स्थिति में हैं जिससे खिताबी मुकाबले में सीधे प्रवेश सुनिश्चित होगा। दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें अगले सप्ताह एलिमिनेटर में आमने-सामने होंगी।

कप्तान मेग लैनिंग की दिल्ली कैपिटल्स ने इस चरण में उतार-चढ़ाव भरा प्रदर्शन किया है लेकिन फिर भी वह खतरनाक बनी हुई हैं जबकि भारत की बल्लेबाज शैफाली वर्मा (260 रन) ने अपने आक्रामक खेल से टूर्नामेंट में धूम मचा दी है।

दिल्ली कैपिटल्स संभावित प्लेइंग-11:

मेग लैनिंग (कप्तान), शेफाली वर्मा, जेस जॉनासन, जेमिमा रॉड्रिग्स, ऐनाबेल सदरलैंड , मारीजान काप, सारा ब्राइस (विकेटकीपर), निकी प्रसाद, शिखा पांडे, मिन्नू मनि, श्री चरिणी।

गुजरात जायंट्स संभावित प्लेइंग-11:

बेथ मूनी (विकेटकीपर), दयालन हेमलता, हरलीन देओल, एश्ले गार्डनर (कप्तान), फीबी लिचफील्ड, डिएंड्रा डॉटिन, काश्वी गौतम, भारती फुलमाली, तनुजा कंवर, मेघना सिंह, प्रिया मिश्रा।
Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article