क्रिकेट

Women's ODI World Cup 2025 SA W vs SL W: दक्षिण अफ्रीका श्रीलंका को बारिश से प्रभावित मुकाबले में 10 विकेट से रौंदा, दर्ज की लगातार चौथी जीत

दक्षिण अफ्रीका ने कोलंबो में खेले गए महिला विश्व कप 2025 के मुकाबले में श्रीलंका को पटखनी देकर लगातार चौथी दर्ज की। ऐसा रहा मैच के पल पल का हाल।

Image

दक्षिण अफ्रीका बनाम श्रीलंका क्रिकेट टीम

Photo : AP

कोलंबो: दक्षिण अफ्रीका ने कप्तान लौरा वोलवार्ट (60 रन) और तजमिन ब्रिट्स (55 रन) के नाबाद अर्धशतकों की मदद से शुक्रवार को कोलंबो में खेले गए वर्षा बाधित आईसीसी महिला वनडे विश्व कप मैच में श्रीलंका को डकवर्थ लुईस पद्धति से 10 विकेट से रौंदकर लगातार चौथी जीत दर्ज की। भारी बारिश के कारण मैच 20-20 ओवर का कर दिया गया था। दक्षिण अफ्रीका ने नॉनकुलुलेको मलाबा (30 रन देकर तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत श्रीलंका को सात विकेट पर 105 रन पर रोक दिया। सह मेजबान टीम के लिए युवा विष्मी गुणरत्ने 34 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहीं।लेकिन दक्षिण अफ्रीका को डकवर्थ लुईस पद्धति से जीत के लिए 20 ओवर में 121 रन का का लक्ष्य मिला जिसे उसने 14.5 ओवर में 125 रन बनाकर हासिल कर लिया। ब्रिट्स ने छक्का जड़कर अपना अर्धशतक भी पूरा किया और टीम को लगातार चौथी जीत दिलाई।

दक्षिण अफ्रीका ने अपने अभियान की शुरुआत इंग्लैंड के खिलाफ 69 रन पर ढेर होने से की। लेकिन इसके बाद उसका लगातार जीत हासिल करने का सिलसिला जारी है। कप्तान वोलवार्ट ने 47 गेंद की पारी के दौरान आठ चौके जड़े जबकि ब्रिट्स ने 42 गेंद में चार चौके और दो छक्के जमाए। श्रीलंका को अब भी अपनी पहली जीत का इंतजार है। उसने छह गेंदबाजों से गेंदबाजी कराई लेकिन वोलवार्ट और ब्रिट्स ने बिना किसी परेशानी के 31 गेंद रहते दक्षिण अफ्रीका को जीत दिलाई।

इससे पहले श्रीलंकाई पारी के 12वें ओवर के बाद बारिश से खेल रुक गया था तब सह-मेजबान टीम का स्कोर दो विकेट पर 46 रन था। खेल पांच घंटे से भी ज्यादा समय बाद शुरू हुआ। गुणरत्ने 12 रन पर रिटायर्ड हर्ट हो गई थीं लेकिन उन्होंने मैदान पर वापसी की और श्रीलंका के लिए शीर्ष स्कोरर रहीं। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 10 ओवर में महज 37 रन पर दो विकेट गंवा दिए।

मौजूदा टूर्नामेंट में आर प्रेमदासा स्टेडियम में कई दफा बारिश के कारण बाधा हुई है और शुक्रवार को भी ऐसा ही हुआ।खेल पांच घंटे से ज्यादा समय तक रुका रहा। जब बारिश रूक गई तो अंपायरों ने मैदान में गड्ढों और कीचड़ की जांच करने के बाद खेल को फिर से शुरू करने का फैसला किया। पर बारिश के बाद श्रीलंका ने अपनी रणनीति बदली और कविशा दिलहारी ने मलाबा की पहली ही गेंद पर बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर छक्का जड़ दिया। हालांकि दक्षिण अफ्रीका ने वापसी करते हुए दो गेंदों में दो विकेट चटका दिए।

गुणरत्ने घुटने के अंदरूनी हिस्से में गेंद लगने के कारण चोटिल हो गईं जिससे उन्हें स्ट्रेचर पर स्टेडियम से बाहर ले जाया गया। पर गुणरत्ने ने चौथा विकेट गिरने के बाद वापसी की और कुछ उपयोगी चौके लगाकर घरेलू टीम की पारी को संभाला। दक्षिण अफ्रीकी क्षेत्ररक्षकों को गीली गेंद से जूझना पड़ा जो काफी फिसल रही थी। लेकिन फिर भी दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को 110 रन के स्कोर पर रोक दिया। बारिश आने से पहले मासाबाटा क्लास ने दक्षिण अफ्रीका को अच्छी शुरुआत करते हुए हसिनी परेरा और कप्तान चामरी अटापट्टू के विकेट झटक लिए। श्रीलंका को ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ बारिश के कारण रद्द हुए मैचों से उसे एक एक अंक मिला है जिससे उसके पांच मैच में दो अंक हैं।(भाषा)

)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article