क्रिकेट

Women's ODI World Cup 2025, IND W vs ENG W: भारत इंग्लैंड के बीच मुकाबला आज, सेमीफाइनल की उम्मीदों को बरकरार रखने के लिए मैदान पर उतरेगी हमनप्रीत की सेना

IND W vs ENG W, Match Preview: टीम इंडिया महिलाओं के वनडे विश्व कप में आज करो या मरो के मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ आज मैदान में उतरेगी। इस मुकाबले के परिणाम पर भारतीय टीम की सेमीफाइनल में जगह निर्भर करेगी। जानिए मैच से जुड़ी जरूरी बातें।

Image

भारतीय महिला क्रिकेट टीम

Photo : AP

इंदौर: लगातार दो मैच हारने के बाद अपने अभियान को ढर्रे पर लाने का दबाव झेल रही भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ रविवार को महिला विश्व कप के अहम मुकाबले में अपने गेंदबाजी आक्रमण को संतुलित करने के लिये छठे गेंदबाज को उतारने पर विचार करना होगा। विशाखापट्टनम में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया से हारने के बाद भारत की सेमीफाइनल में प्रवेश की उम्मीदों को करारा झटका लगा है।

नाकाम रही है भारत का पांच गेंदबाजों वाली रणनीति

इस विश्व कप सत्र में भारत ने पांच बल्लेबाजों , एक विकेटकीपर और पांच गेंदबाजों को उतारने की रणनीति अपनाई है और गेंदबाजों में से तीन हरफनमौला हैं। लेकिन विश्व कप में यह संयोजन सटीक नहीं बैठा और अब ‘करो या मरो’ के बाकी मुकाबलों में भारत को इस पर पुनर्विचार करना होगा । सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिये भारत को तीन में से दो मैच हर हालत में जीतने होंगे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच गेंदबाजों की रणनीति असफल होने के बावजूद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इसमें बदलाव नहीं किया गया जिससे एक और पराजय हाथ लगी।

गेंदबाजी बनी टीम की कमजोर कड़ी

दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया ने 251 और 330 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत के गेंदबाजी आक्रमण की कलई खोल दी। हरफनमौलाओं को उतारकर बल्लेबाजी को गहराई देने की भारत की रणनीति के चलते रेणुका सिंह जैसी विकेट लेने वाली गेंदबाज की जगह अमनजोत कौर को तरजीह दी गई है।

रेणुका की गैरमौजूदगी से भारत का आक्रमण एक जैसा हो गया है और विविधता देने के लिये उन्हें उतारना ही होगा। इससे अनुभवहीन और युवा क्रांति गौड़ पर दबाव बन रहा है जिसने अभी तक अच्छी गेंदबाजी की है। इसके अलावा बायें हाथ की स्पिनर राधा यादव या तेज गेंदबाज अरूंधति रेड्डी के भी विकल्प हैं।

टॉप ऑर्डर का फॉर्म है चिंता का विषय

शीर्षक्रम के बल्लेबाजों का खराब फॉर्म भी चिंता का विषय है । विश्व कप शुरू होने से पहले भारतीय बल्लेबाज जबर्दस्त फॉर्म में थे लेकिन अब उनके बल्ले खामोश हैं।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल ने अर्धशतक लगाये लेकिन कप्तान हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रौड्रिग्स कोई योगदान नहीं दे सकीं। अच्छी शुरूआत के बाद भारत ने आखिरी छह विकेट 36 रन के भीतर गंवा दिये। श्रीलंका और पाकिस्तान के खिलाफ पहले दो मैचों में शीर्षक्रम की नाकामी को निचले क्रम ने ढक दिया लेकिन चार बार की चैम्पियन इंग्लैंड के खिलाफ बल्लेबाजों को जिम्मेदारी से खेलना ही होगा। इससे छठे गेंदबाजी विकल्प को आजमाने का भी मौका मिलेगा।

इंग्लैंड की भी है सेमीफाइनल की बर्थ पर नजर

होल्कर स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों की मददगार रहती है और यहां अभी तक दोनों मैचों में बड़ा स्कोर बना है। इंग्लैंड अभी तक अपराजेय रही है लेकिन उसके बल्लेबाज एक ईकाई के रूप में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाये। पाकिस्तान के खिलाफ उसने सात विकेट 79 रन पर गंवा दिये थे लेकिन बारिश ने बचाव कर दिया। इससे पहले बांग्लादेश के खिलाफ पांच विकेट 78 रन पर निकल गए थे। इंग्लैंड के गेंदबाजों ने अभी तक संकटमोचक की भूमिका निभाई है। इंग्लैंड को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिये बस एक जीत की जरूरत है।

भारत और इंग्लैंड की टीम:

भारत : हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, हरलीन देयोल, जेमिमा रौड्रिग्स, रिचा घोष, उमा छेत्री, रेणुका सिंह ठाकुर, दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, श्री चरणी, राधा यादव, अमनजोत कौर, अरूंधति रेड्डी, क्रांति गौड।

इंग्लैंड: नैट साइवर-ब्रंट (कप्तान), एम अर्लट, टैमी ब्यूमोंट, लॉरेन बेल, एलिस कैप्सी, चार्ली डीन, सोफिया डंकले, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन फाइलर, सारा ग्लेन, एमी जोन्स, हीथर नाइट, एम्मा लैम्ब, लिन्सी स्मिथ, डैनी व्याट-हॉज।

मैच का समय : दोपहर तीन बजे से ।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article