इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का लीग दौर अपने समापन की ओर बढ़ चला है लेकिन प्लेऑफ में टीमों की एंट्री को लेकर रोमांच चरम पर है। 62 मैच खेले जा चुके हैं और केवल एक टीम प्लेऑफ में एंट्री करने में सफल हो सकी है। ऐसे में सोमवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच एक अहम मुकाबला खेला जाएगा। इस मुकाबले के परिणाम से उलट करोड़ों भारतीय फैन्स की नजरें इस पर है कि क्या एमएस धोनी या सीएसके के थाला आज आईपीएल में सीएसके के लिए अपना आखिरी मैच खेलने उतरेंगे?
थाला के दीदार का फैन्स को है बेसब्री से इंतजार
आज का मुकाबला सीएसके का घरेलू मैदान पर सीजन का आखिरी मैच है। धोनी अबतक खेले गए 12 मैच में मैदान पर नहीं उतरे, चोट उनकी राह का रोड़ा बनी रही। फैन्स बेसब्री से अपने हीरो की एक झलक पाने को बेकरार हैं। चेन्नई के हर मैच से पहले सोशल मीडिया में धोनी का नाम ट्रेंड करने लगा, हर कोई ये जानने को बेकरार था कि आज धोनी खेल रहे हैं या नहीं? ये सिलसिला बदस्तूर जारी रहा और आज भी मैच से पहले भी फैन्स का उत्साह अपने चरम पर होने की पूरी संभावना है।
पीले समंदर में तब्दील हो जाएगा चेपॉक
वहीं दूसरी तरफ आज चेन्नई का चेपॉक स्टेडियम आज पीले सागर में तब्दील हो जाएगा। हर फैन 7 नंबर की जर्सी पहने नजर आएगा। लेकिन फैन्स को ये डर भी है कि थाला की मौजूदा सीजन में पहली झलक कहीं आखिरी ना बन जाए। फैन्स चाहते हैं कि वो जीवनभर सीएसके की जर्सी पहने खेलते रहें लेकिन अब उनका शरीर जवाब देने लगा है और वो आईपीएल से संन्यास के मुहाने पर पहुंच गए हैं। बस एक ऐलान की देरी है जो देर सवेर धोनी अपने जाने पहचाने अंदाज में सोशल मीडिया पर बगैर किसी शोर-शराबे के कर देंगे।
धोनी का शरीर दे रहा है जवाब
सीएसके के फैन्स अपने सुपर हीरो को खामोशी से विदा करने की मूड में कतई नहीं है। वो उन्हें यादगार विदाई देना चाहते हैं इसलिए 2020 से 2026 तक हर साल धोनी के सामने संन्यास का सवाल आता है और वो आई एम नॉट डन येट या डेफिनेटली नॉट कहकर सीजन खत्म करते हैं और साल भर बाद नए जोश के साथ लौट आते हैं लेकिन इस बाद वापसी के संकेत नहीं मिल रहे हैं इसलिए प्रशंसक मायूस हैं।
क्यों लग रही हैं संन्यास की अटकलें
एमएस धोनी ने एक बार इंटरव्यू में कहा था कि वो आईपीएल में अपना आखिरी मुकाबला चेन्नई में फैन्स के बीच खेलना चाहेंगे। उन्होंने भारत में अपना आखिरी वनडे में रांची में खेला और साल 2019 के विश्व कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ हार के बाद उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत हो गया। संन्यास का आधिकारिक तौर पर धोनी ने ऐलान 15 अगस्त, 2020 को किया।
फिट होने के बावजूद नहीं खेले दो मैच
एमएस धोनी लखनऊ के खिलाफ पिछले दोनों मैच में फिट थे लेकिन वो मुकाबले के लिए मैदान में नहीं उतरे। वो टीम के कॉम्बिनेशन को बिगाड़ना नहीं चाहते थे जो कि सीएसके का या कहे उनका अपना तरीका रहा है। रविवार को धोनी ने मैदान पर जमकर अभ्यास किया। ऐसे में ये तो तय है कि धोनी आज हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में खेलेंगे और चेपॉक में धोनी को देखने आए प्रशंसकों के हाथ मायूसी नहीं लगेगी।
