क्रिकेट

WI vs SL 1st ODI Highlights: पहले वनडे में श्रीलंका ने मेजबान वेस्टइंडीज को 41 रन से हराया, मेंडिस बने स्टार

WI vs SL 1st ODI Highlights: वेस्टइंडीज और मेहमान टीम श्रीलंका के बीच शुरू हुई वनडे सीरीज के पहले मैच में श्रीलंका क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान कैरेबियाई टीम को किंग्सटन के मैदान पर 41 रनों से मात देकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

Image

श्रीलंका ने वेस्टइंडीज को पहले वनडे मैच में हराया (X/SLC)

WI vs SL 1st ODI Highlights: वेस्टइंडीज दौरे पर गई श्रीलंकाई टीम की शुरुआत शानदार रही है। किंग्सटन के मैदान पर वनडे सीरीज का आगाज हुआ जहां श्रीलंकाई टीम ने पहले मैच में मेजबान टीम को 41 रन से करारी मात देकर सीरीज में 1-0 की शुरुआती व मजबूत बढ़त हासिल कर ली है। इस मैच में श्रीलंकाई बल्लेबाज कुसल मेंडिस ने सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया और 'प्लेयर ऑफ द मैच' का अवॉर्ड जीता।

श्रीलंका और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए पहले वनडे मैच में वेस्टइंडीज ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम को 22 रन के स्कोर पर ओपनर कमिंडु मेंडिस (12 रन) के रूप में पहला झटका लगा, लेकिन इसके बाद पथुम निसंका और कप्तान कुसल मेंडिस के बीच जोरदार साझेदारी हुई। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 136 रनों की पार्टनरशिप हुई जिसने मैच का रुख पूरी तरह से बदल दिया।

पथुम निसंका ने 103 गेंदों में 79 रनों की पारी खेली, जबकि कुसल मेंडिस ने 62 गेंदों में 72 रनों की पारी खेली। उनके अलावा, निचले क्रम में चरिथ असलंका ने 44 गेंदों में 45 रन और जनिथ लियनगे ने 29 गेंदों में नाबाद 44 रनों की तेज पारी खेलते हुए अपनी टीम को 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 303 रनों के बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया।

दबाव में लड़खड़ाती चली गई वेस्टइंडीज की टीम

श्रीलंका द्वारा दिए गए 304 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम शुरुआत से ही दबाव में लड़खड़ाती नजर आई। पहले विकेट के लिए ओपनर्स ने 50 रनों की साझेदारी कर ली थी, लेकिन जॉन कैंपबेल (17 रन) के आउट होने के बाद श्रीलंकाई गेंदबाज हावी होने लगे। जस्टिन ग्रीव्स ने 45 रन और कप्तान शाइ होप ने 56 रनों की पारी खेली। इसके बाद कुछ बल्लेबाज 20-30 रनों की पारी खेलते रहे लेकिन इतने बड़े टारगेट के सामने ये काम नहीं आया और 49.2 ओवर में 262 रन में पूरी टीम सिमट गई। इसके साथ ही श्रीलंका ने 41 रन से जीत दर्ज कर ली। श्रीलंका के लिए सर्वाधिक विकेट दुष्मंता चमीरा (4 विकेट) ने लिए।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article