क्रिकेट

कैच लेने से पहले क्यों हंसती हैं शेफाली वर्मा? PM मोदी के सवाल पर वर्ल्ड चैंपियन ओपनर ने दिया दिलचस्प जवाब

Shafali Verma Answers Question Of PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों से विस्तार से बातचीत की जिसका वीडियो भी जारी किया गया है। इस वार्तालाप के दौरान टीम के सबसे युवा खिलाड़ी शेफाली वर्मा से पीएम मोदी ने एक दिलचस्प सवाल पूछा।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शेफाली वर्मा से पूछा दिलचस्प सवाल (YouTube/PMO)

दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर महिला वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम से मुलाकात की और फिर एक बातचीत सत्र में हर खिलाड़ी से पीएम ने सवाल पूछे जिसके दिलचस्प जवाब भी मिले। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस सत्र के दौरान फाइनल में स्टार रही युवा भारतीय ओपनर शेफाली वर्मा से एक दिलचस्प सवाल पूछा जिसका शेफाली ने जवाब दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने शेफाली वर्मा से पूछा कि आखिर वो फील्डिंग के दौरान कैच लेने से पहले ही हंसने क्यों लगती हैं, उनके चेहरे पर मुस्कान क्यों होती जबकि उन्होंने अभी कैच लिया भी नहीं होता। पीएम ने कहा कि कोई कैच लेने के बाद हंसे, वो तो समझ आता है, लेकिन कोई कैच लेने से पहले कैसे हंस सकता है।

इस सवाल पर शेफाली वर्मा ने कहा, "सर मैं बस मन में बोल रही थी कि आजा कैच आजा कैच, मेरे पास आजा, बस मुझे हंसी आ गई कि अब आ गई मेरे हाथ में।" इस पर पीएम मोदी ने कहा कि मुझे लगा कि तुम्हें अहसास था कि ये कैच कहीं और जा ही नहीं सका। तो शेफाली ने कहा कि कहीं और जाता तो कोई और लपक ही लेता।

पहलवानों के गढ़ से कैसे निकल आई क्रिकेटर?

पीएम मोदी ने शेफाली से ये भी पूछा कि वो हरियाणा के रोहतक से आती हैं जहां अधिकतर पहलवान निकलते हैं, तो फिर वो इस दुनिया में कैसे चली आईं? इस पर शेफाली ने कहा, "हां जी सर वहां से पहलवान और कबड्डी के खिलाड़ी ज्यादा निकलते हैं। लेकिन मेरे पापा का इसमें बड़ा योगदान रहा। पापा क्रिकेटर बनना चाहते थे, वो नहीं बन पाए, तो वो छवि अपने बच्चों में देखी। मैं और मेरा भाई क्रिकेट खेलते थे, उसमें बहुत रुचि बन गई। इसलिए मैं किकेटर बन गई।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article