क्रिकेट

Who Won Yesterday Cricket Match (30 October, 2025): कल का मैच कौन जीता? IND W vs AUS W, विमेंस वनडे विश्व कप 2025 सेमीफाइनल, ऑस्ट्रेलिया को मात देकर फाइनल में पहुंचा भारत, देखें मैच हाइलाइट्स,अवार्ड्स की सभी डिटेल्स

IND W vs AUS W, Who Won Yesterday Women's ODI World Cup 2025 ODI Match (कल का मैच कौन जीता?): हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जेमिमा रोड्रिग्ज की अविश्वसनीय शतकीय पारी की बदौलत पांच विकेट से पटखनी देकर फाइनल में एंट्री कर ली है। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल?

Image

कल का मैच कौन जीता, विमेंस वर्ल्ड कप 2025 दूसरा सेमीफाइनल, भारतीय महिला क्रिकेट टीम बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम

Photo : AP

Who Won Yesterday Cricket Match (30 October, 2025)(कल का मैच कौन जीता): हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने नवी मुंबई के डीवाय पाटिल स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को पटखनी देकर फाइनल में एंट्री कर ली है। टीम इंडिया ने ये जीत रिकॉर्ड तोड़ 339 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए हासिल की और चैंपियन वाले अंदाज में फाइनल में प्रवेश किया। जेमिमा रोड्रिग्ज ने 127 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 89 रन की पारी खेली। जानिए कैसा रहा टीम इंडिया के रिकॉर्ड तोड़ चेज का रोमांच?

ऑस्ट्रेलिया ने जीता टॉस:

भारत के खिलाफ विमेंस वर्ल्ड कप 2025 के दूसरे सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी एलिसा हीली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।

ऑस्ट्रेलिया की खराब शुरुआत

ऑस्ट्रेलिया की सेमीफाइनल मुकाबले में खराब शुरुआत रही। चोट से उबरकर वापसी करने वाली कप्तानी एलिसा हीली 5 रन बनाकर क्रांति गौड़ की गेंद पर बोल्ड हो गईं। हीली जब आउट हुईं उस वक्त स्कोर 25 रन था।

लिचफील्ड और पैरी ने संभाला

एलिसा हीली के आउट होने के बाद युवा बल्लेबाज फीबी लिचफील्ड और अनुभवी एलिस पैरी ने मोर्चा संभाला। दोनों ने इसके बाद कोई विकेट नहीं गिरने दिया। दोनों ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए टीम को पॉवरप्ले के अंत में 1 विकेट पर 71 रन तक पहुंचा दिया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 32 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली। इसके बाद लिच फील्ड ने अपना अर्धशतक 45 गेंद में 10 चौके की मदद से पूरा कर लिया। दोनों ने ऑस्ट्रेलिया को तेजी से 15.2 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों खिलाड़ी यहीं नहीं रुकीं और दूसरे विकेट के लिए 85 गेंद में शतकीय साझेदारी भी पूरी कर ली।

119 रन बनाकर आउट हुंई लिचफील्ड

टीम को 150 रन के पार पहुंचाने के बाद लिच फील्ड ने अपना शतक 77 गेंद में 17 चौके और एक छक्के की मददे से पूरा कर लिया। इसके बाद वो 119(93) रन बनाकर अमनजोत कौर की गेंद पर बोल्ड हो गईं। 180 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका लगा। पैरी और लिचफील्ड के बीच दूसरे विकेट के लिए 155 (133) रन की साझेदारी हुई। इसी दौरान पैरी ने भी अपना अर्धशतक 66 गेंद में 5 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा कर लिया।

243 रन पर पवेलियन लौटी आधी ऑस्ट्रेलियाई टीम

लिचफील्ड के आउट होने के बाद पैरी ने मोर्चा संभाले रखा। पैरी ने टीम को बेथ मूनी के साथ मिलकर 200 रन के पार पहुंचा दिया। 220 के स्कोर पर मूनी श्रीचरणी की गेंद पर कैच दे बैठीं। उन्होंने 24(22) रन बनाए। मूनी के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आईं सदरलैंड को भी श्रीचरणी ने फॉलो थ्रू में कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। सदरलैंड ने 3 रन बनाए। इसी क्रम में पैरी भी राधा यादव की गेंद पर बोल्ड हो गईं। उन्होंने 77(88) रन बनाए।

338 रन पर ढेर हुआ ऑस्ट्रेलिया

243 रन पर ऑस्ट्रेलिया ने 5 विकेट गंवा दिए थे और टीम लय खोती दिख रही थी। ऐसे में एश्ले गार्डनर ने एक छोर संभाला और उन्होंने ताहिला मैक्ग्रा, किम गार्थ के साथ मिलकर टीम को 300 रन के पार पहुंचा दिया। 331 के स्कोर पर गार्डनर रन आउट हो गईं। इसके बाद अंतिम ओवर में ऑस्ट्रेलिया ने तीन विकेट गंवा दिए और पूरी टीम 49.3 ओवर में 338 रन पर ढेर हो गई। भारत के लिए सबसे ज्यादा 2-2 विकेट श्रीचरिणी और दीप्ति शर्मा ने लिए। वहीं एक -एक विकेट क्रांति गौड़, अमनजोत कौर और राधा यादव के खाते में गया। ऑस्ट्रेलिया के तीन खिलाड़ी रन आउट हुए।

टीम इंडिया खराब शुरुआत

जीत के लिए 339 रन के पहाड़ से लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। चोटिल प्रतिका रावल की जगह टीम में शामिल की गईं शेफाली वर्मा दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर 10(5) रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद बल्लेबाजी करने आईं जेमिमा रोड्रिग्ज और स्मृति मंधाना ने टीम को 50 रन के पार 8.2 ओवर में पहुंचाया। लेकिन इसके बाद मंधाना 59 के स्कोर पर गेराथ की गेंद पर विकेट के पीछे लपकी गईं। उन्होंने 24(24) रन बनाए।

25 ओवर में 150 रन के पार पहुंची टीम इंडिया

दो विकेट गंवाने के बाद जेमिमा रोड्रिग्ज और हरमनप्रीत कौर ने मोर्चा संभाला दोनों ने विकेटों की झड़ी पर विराम लगा दिया और टीम को 17 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। तीसरे विकेट के लिए दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी 53 गेंद में पूरी हो गई। इसके बाद जेमिमा ने अपना अर्धशतक 57 गेंद में 8 चौके की मदद से पूरा कर लिया। दोनों ने मिलकर टीम को 25 ओवर में 150 रन के पार पहुंचा दिया।

जेमिमा हरमन के बीच हुई शतकीय साझेदारी

तीसरे विकेट के लिए हरमनप्रीत और जेमिमा ने शतकीय साझेदारी 99 गेंद में पूरी कर ली। साझेदारी में जेमिमा ने 47 और हरमन ने 45 रन का योगदान दिया। इसके बाद हरमन ने अपना अर्धशतक 65 गेंद में 6 चौके की मदद से पूरा कर लिया। भारत ने 31.1 ओवर में 2 विकेट पर 200 रन के आंकड़े को पार कर लिया लेकिन जीत अभी भी दूर थी। दोनों खिलाड़ियों ने धैर्य बनाए रखा और तीसरे विकेट के लिए 15 रन की साझेदारी 140 गेंद में पूरी कर ली और जीत की उम्मीदों को बरकरार रखा।

89 रन बनाकर आउट हुईं हरमनप्रीत

226 के स्कोर पर हरमनप्रीत कौर सदरलैंड की गेंद पर एश्ले गार्डनर के हाथों लपकी गईं और भारतीय टीम ने तीसरा विकेट गंवा दिया। हरमनप्रीत 89(88) रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।

अमनजोत ने जड़ा विजयी चौका

हरमनप्रीत के पवेलियन लौटने के बाद जेमिमा का साथ देने दीप्ति शर्मा आईं। दीप्ति ने संधे हुए अंदाज में जेमिमा का साथ दिया और टीम को 39.1 ओवर में 250 रन के पार पहुंचा दिया लेकिन 264 के स्कोर पर वो रन आउट हो गईं। उन्होंने 24(17) रन बनाए। इसके बाद चोट से उबरकर वापसी करने वाली ऋचा घोष बल्लेबाजी करने आईं। इसके बाज जेमिमा ने अपना शतक 115 गेंद में 10 चौकों की मदद से पूरा कर लिया। दोनों ने मिलकर टीम को 300 रन के पार और जीत के करीब पहुंचा दिया। ऐसे में ऋचा सदरलैंड की गेंद पर गार्थ के हाथों लपकी गईं। अंत में जीत की औपचारिकता अमनजोत कौर और जेमिमा ने 48.3 ओवर में पूरी करके भारत को फाइनल में जगह दिला दी। अमनजोत कौर ने विजयी चौका जड़ा। जेमिमा 127(134) रन और अमनजोत 15(8) रन बनाकर नाबाद रहीं। ऑस्ट्रेलिया के लिए गार्थ और सदरलैंड ने 2-2 विकेट चटकाए।

प्लेयर ऑफ द मैच:

127 रन की यादगार शतकीय पारी खेलने वाली जेमिमा रोड्रिग्ज को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article