who won yesterday IPL Match, 13 April 2026 (कल का आईपीएल मैच कौन जीता) SRH vs DC kal ka IPL Match kaun jeeta: सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को 47 रन से हराकर घर पर जीत की हैट्रिक लगा ली। दिल्ली कैपिटल्स के सामने 243 रन का विशाल लक्ष्य था, लेकिन ईशान मलिंगा और हर्ष दुबे की गेंदबाजी के सामने दिल्ली कैपिटल्स की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 195 रन ही बना पाई। दिल्ली की ओर से सर्वाधिक 57 रन की पारी नीतीश राणा ने खेली। नीतीश के अलावा समीर रिजवी ने 41 और केएल राहुल ने 37 रन बनाए। हैदराबाद की ओर से ईशान मलिंगा ने 4 और हर्ष दुबे ने 3 विकेट चटकाए।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने अभिषेक शर्मा की 135 और हेनरिक क्लासेन की 37 रन की नाबाद पारी के दम पर 2 विकेट खोकर 242 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। अभिषेक ने अपने आईपीएल करियर का दूसरा शतक केवल 47 गेंद में जड़ा। उन्होंने पहले विकेट के लिए ट्रेविस हेड के साथ 97 रन की साझेदारी की।
दिल्ली कैपिटल्स ने जीता टॉस
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन हैदराबाद के बल्लेबाजों ने अक्षर पटेल के इस फैसले को गलत साबित करते हुए 242 रन का विशाल स्कोर बना दिया। दिल्ली के स्पिन गेंदबाजों की खूब धुनाई हुई।
हैदराबाद ने की तूफानी शुरुआत
हैदराबाद ने टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए विस्फोटक शुरुआत दी। ट्रेविस हेड और अभिषेक ने बिना विकेट गंवाए पावरप्ले में 67 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 8.5 ओवर में 97 रन की साझेदारी की। पहले विकेट के तौर पर ट्रेविस हेड 26 गेंद में 37 रन की पारी खेलकर आउट हुए।
ईशान के साथ अर्धशतकीय साझेदारी
हेड का विकेट गिरने के बाद भी अभिषेक और ईशान किशन ने तेजी से बैटिंग करना जारी रखा। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए केवल 35 गेंद में 79 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी में अभिषेक का रोल 22 गेंद में 50 और ईशान किशन का रोल 13 गेंद में 25 रन का रहा। ईशान 25 रन की पारी खेलकर नीतीश राणा का शिकार बने।
क्लासेन और अभिषेक का तूफान
किशन के आउट होने के बाद भी दिल्ली के गेंदबाजों की मुश्किलें कम नहीं हुई। हेनरिक क्लासेन और अभिषेक शर्मा ने तीसरे विकेट के लिए 32 गेंद में नाबाद 66 रन की साझेदारी की। हेनरिक क्लासेन ने 13 गेंद में नाबाद 37 रन की पारी खेली।
अभिषेक शर्मा का तूफानी शतक
अभिषेक शर्मा ने 47 गेंद में 7 चौके और 9 छक्के की मदद से अपनी दूसरी आईपीएल सेंचुरी लगाई। उन्होंने दिल्ली के गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाते हुए 68 गेंद में 10 छक्के और इतने ही चौके की मदद से नाबाद 135 रन की पारी खेली। क्लासेन ने आखिरी ओवरों में तीन चौके और इतने ही छक्कों की मदद से लगभग 280 की अधिक स्ट्राइक रेट से रन बनाकर अपनी टीम को 242 रन तक पहुंचा दिया।
दिल्ली के स्पिन गेंदबाजों की धुनाई
दिल्ली के स्पिन आक्रमण ने कुल आठ ओवर में 108 रन खर्च किए। पावरप्ले में 67 रन देने के बाद टीम ने सातवें से 15वें ओवर के बीच 116 रन लुटाकर मैच पर पकड़ पूरी तरह गंवा दी। दिल्ली के लिए एकमात्र सफलता अक्षर पटेल को मिली, जिन्होंने हेड को आउट कर पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी पूरी नहीं होने दी। नीतीश राणा ने चार ओवर में 55 रन लुटाए और बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ छह छक्के खाए।
दिल्ली कैपिटल्स की खराब शुरुआत
243 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। तीसरे ओवर की पहली गेंद पर दिलशान मदुशंका ने पथुम निसांका को आउट कर दिया। निसांका 6 गेंद में 8 रन की पारी खेलकर आउट हुए। पहले विकेट के लिए वो केवल 21 रन की साझेदारी ही कर पाए।
राहुल और राणा की अर्धशतकीय साझेदारी
केएल राहुल और नीतीश राणा ने दूसरे विकेट के लिए 45 गेंद में 86 रन की साझेदारी की। इन दोनों की इस साझेदारी से दिल्ली ने लड़ाई जारी रखी। इस दौरान नीतीश राणा ने 27 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि, वह अपनी इस पारी को ज्यादा बड़ी नहीं कर पाए।
5 गेंद में दिल्ली को लगे 3 झटके
राहुल और राणा की इस साझेदारी से ऐसा लग रहा था कि दिल्ली मैच में कुछ कमाल कर सकती है, लेकिन फिर सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों ने वापसी की। 5 गेंद के भीतर हैदराबाद ने दिल्ली के 3 विकेट चटका दिए। साकिब हुसैन ने पहले राहुल को 37 के स्कोर पर और फिर ईशान मलिंगा ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर दिल्ली की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। मलिंगा ने पहले नीतीश राणा को 57 और फिर डेविड मिलर को गोल्डन डक पर पवेलियन भेजा।
प्लेयर ऑफ द मैच:
दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच दिया गया। अभिषेक ने 68 गेंद में 10 चौके और इतने ही छक्के की मदद से नाबाद 135 रन की पारी खेली।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें MI Vs PBKS Today IPL Match छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
