Who Won Yesterday Cricket Match (28 January, 2026): कल का मैच कौन जीता? IND vs NZ 4th T20, न्यूजीलैंड ने चौथे टी20 में टीम इंडिया को दी पटखनी, देखें मैच हाइलाइट्स,अवार्ड्स की सभी डिटेल्स
- Authored by: नवीन चौहान
- Updated Jan 29, 2026, 12:08 AM IST
IND vs NZ, Who Won Yesterday 4th T20 Match (कल का मैच कौन जीता?): न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया को विशाखापट्टनम में खेले गए सीरीज के चौथे टी20 मुकाबले में पटखनी देकर पहली जीत दर्ज की। ऐसा रहा मैच के पल पल का हाल।
भारत बनाम न्यूजीलैंड चौथा टी20आई, कल का मैच कौन जीता
Who Won Yesterday Cricket Match (28 January, 2026)(कल का मैच कौन जीता): सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम को बुधवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ विशाखापट्टनम में खेले गए सीरीज के चौथे टी20 मुकाबले में 50 रन के बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 215 रन का विशाल स्कोर टिम सीफर्ट की 36 गेंद में 62 और डेवोन कॉन्वे की 23 गेंद में 44 रन की पारियों की बदौलत खड़ा किया था। इसके बाद लगातार चौथी जीत के लिए मिले 216 रन के लक्ष्य को टीम इंडिया हासिल नहीं कर सकी और 18.4 ओवर में 165 रन पर ढेर हो गई। शिवम दुबे ने 23 गेंद में 65 रन की आतिशी पारी खेलकर टीम को मैच में बनाए रखने की पुरजोर कोशिश की लेकिन उनके दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट होने के बाद भारत की जीत की आशाएं भी खत्म हो गईं। इस मुकाबले में जीत के बाद में भारतीय टीम 3-1 से आगे चल रही है। सीरीज का आखिरी मुकाबला तिरुवनंतपुरम में 31 जनवरी, 2026 को खेला जाएगा।
भारत ने जीता टॉस:
टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने विखाशापट्टनम में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। दोनों टीमों ने एक-एक बदलाव एकादश में किया। ईशान किशन की जगह भारतीय टीम में अर्शदीप सिंह की और न्यूजीलैंड की टीम में काइल जैमीसन की जगह जेम्स फॉक्स की एंट्री हुई।
न्यूजीलैंड ने की आतिशी शुरुआत
सीरीज के शुरुआत तीन मैच में हार का सामना करने वाली न्यूजीलैंड की टीम ने चौथे मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए आतिशी शुरुआत की। डेवोन कॉन्वे और टिम सीफर्ट की जोड़ी ने 4.3 ओवर में न्यूजीलैंड को 50 रन के पार पहुंचा दिया। पॉवरप्ले में न्यूजीलैंड की टीम ने बगैर किसी नुकसान के 71 रन बना लिए थे। इसके बाद दोनों यहीं नहीं रुके और टीम को 8.1 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। टिम सीफर्ट ने इसी दौरान अपना अर्धशतक 25 गेंद में 5 चौके और तीन छक्के की मदद से पूरा किया।
कॉन्वे अर्धशतक से चूके, रचिन सस्ते में पवेलियन लौटे
सीफर्ट और कॉन्वे के बीच हुई शतकीय साझेदारी को नौवें ओवर की दूसरी गेंद पर कुलदीप यादव ने तोड़ा। कुलदीप की गेंद पर कॉन्वे कवर के ऊपर से चौका जड़ने की कोशिश में चूक गए और रिंकू सिंह के हाथों लपके गए। कॉन्वे 44(23) रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 3 छक्के जड़े। कॉन्वे के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे रचिन रवींद्र ज्यादा देर तक पिच पर नहीं टिक सके। जसप्रीत बुमराह ने दसवें ओवर की पहली गेंद पर अपनी ही गेंद पर उनका कैच फॉलो थ्रू में लपक लिया। रचिन 2(4) रन बना सके। अचानक से न्यूजीलैंड का स्कोर 2 विकेट पर 103 रन हो गया।
सीफर्ट ने खेली 62 रन की आतिशी पारी
जल्दी-जल्दी दो विकेट गंवाने के बाद कीवी पारी को ग्लेन फिलिप्स और टिम सीफर्ट ने आगे बढ़ाय़ा। दोनो स्कोर को 126 रन तक ले गए। ऐसे में आतिशी बल्लेबाजी कर रहे सीफर्ट को अर्शदीप सिंह ने 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर रिंकू सिंह के हाथों कैच करा दिया। सीफर्ट 62(36) रन बना सके। सीफर्ट के आउट होने के बाद न्यूजीलैंड का मोर्चा फिलिप्स के साथ मार्च चैपमैन ने संभाला। दोनों की साझेदारी ज्यादा देर नहीं चल सकी। फिलिप्स 24(16) रन बनाकर कुलदीप की गेंद पर रिंकू के हाथो लपके गए। इसके बाद चैपमैन और डेरिल मिचेल में कीवी टीम को 15 ओवर में 152 रन तक पुहंचा दिया। लेकिन इसी स्कोर पर चैपमैन 9(8) रन बनाकर रवि बिश्नोई की गेंद पर हर्षित राणा के हाथों लपके गए।
न्यूजीलैंड ने बनाए 7 विकेट पर 215 रन
152 रन पर न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। ऐसे में फॉर्म में चल रहे डेरिल मिचेल ने एक छोर संभाला दूसरे छोर पर उनका साथ थोड़ी देर कप्तान मिचेल सेंटनर ने दिया। लेकिन वो हार्दिक के सटीक थ्रो पर 11(6) रन बनाकर रन आउट हो गए। इसके बाद जैक फोक्स और मिचेल ने टीम को 182 रन तक पहुंचा दिया। फॉक्स अर्शदीप की गेंद पर रिंकू के हाथों लपके गए। अंत में मैट हेनरी और मिचेल ने टीम को 20 ओवर में 7 विकेट पर 215 रन तक पहुंचा दिया। भारत के लिए सबसे ज्यादा 2-2 विकेट अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव ने लिए। वहीं एक-एक विकेट बुमराह और रवि बिश्नोई के खाते में गया।
पहली ही गेंद पर पवेलियन लौटे अभिषेक
जीत के लिए 216 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही। भारत को पहला झटका पहली ही गेंद पर फॉर्म में चल रहे अभिषेक शर्मा के रूप में लगा। अभिषेक पहली ही गेंद पर छक्का जड़ने की कोशिश में कैच दे बैठे। इसके बाद दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर कप्तान सूर्यकुमार यादव जैकब डफी की गेंद पर उनके हाथों शानदार तरीके से फॉलो थ्रू में लपके गए। सूर्या 8(8) रन बना सके। 9 रन पर दो विकेट गंवाकर भारतीय टीम बैकफुट में नजर आने लगी।
सैमसन रिंकू ने पहुंचाया 50 के पार
ऐसे में संजू सैमसन और रिंकू सिंह ने पारी को संभाला। दोनों ने टीम इंडिया को 5.5 ओवर में 50 रन के पार पहुंचाया। पहले तीन मैच में नाकाम रहे संजू सैमसन ने पिच पर पैर जमाए रखा और टीम को पॉवरप्ले में 53 रन तक पहुंचा दिया। पॉवरप्ले के समाप्त होते ही संजू सैमसन की पारी का भी अंत हो गया। सैमसन मिचेल सेंटनर की गेंद पर गच्चा खाकर बोल्ड हो गए। वो 24(15) रन बना सके। सैमसन के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए हार्दिक पांड्या भी जल्दी ही पवेलियन लौट गए। हार्दिक 2(5) रन बनाकर सैंटनर की गेंद पर कैच दे बैठे। महज 63 रन पर भारत ने 4 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे मुश्किल वक्त में रिंकू का साथ देने आए शिवम दुबे ने आते ही चौकों छक्कों की झड़ी लगा दी लेकिन रिंकू सिंह 11वें ओवर की तीसरी गेंद पर 39(30) फॉक्स का शिकार बने। रिंकू को अंपायर ने एलबीडब्लू करार दिया।
82 रन पर टीम इंडिया ने गंवाए पांच विकेट
82 रन पर आधी टीम इंडिया पवेलियन लौट चुकी थी। ऐसे में शिवम दुबे ने आक्रामक रुख अपनाया और 12वें ओवर में ईश सोढ़ी को आडे़ हाथ लिया और ओवर में 29 रन जड़कर टीम को 100 रन के पार पहुंचा दिया। दूसरे छोर से उनका साथ हर्षित राणा दे रहे थे दोनों तेजी से स्कोर को 145 रन तक ले गए।
शिवम ने खेली 15 गेंद में 65 रन की आतिशी पारी
शिवम ने 15 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया और टीम को जीत की संभावनाओं को बनाए रखा। लेकिन उनकी पारी का अंत दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर हो गया। हर्षित राणा का शॉट मैट हेनरी के हाथ पर लगकर स्टंप्स पर जा लगा और इसके साथ ही भारत की जीत की संभावनाएं गिल्लियों के साथ बिखर गईं। शिवम 65(23) रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 7 छक्के जड़े।
165 रन पर ढेर हुई टीम इंडिया
शिवम के आउट होने के बाद भारत के पुछ्ल्ले बल्लेबाजों ने अपने हाथ आजमाए लेकिन वो सभी रन गति को बढ़ा पाने में नाकाम रहे और 18.4 ओवर में टीम 165 रन पर ढेर हो गई और 50 रन के अंतर से मैच गंवा दिया। हर्षित राणा 9(13), अर्शदीप 0(2), जसप्रीत बुमराह 4(2) और कुलदीप 1(2) रन बना सके। बिश्नोई 10(10) रन बनाकर नाबाद रहे।
प्लेयर ऑफ द मैच:
टीम सीफर्ट को उनकी 62 रन की आतिशी मैच जिताऊ पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।