who won yesterday IPL Match, 20 April 2026 (कल का आईपीएल मैच कौन जीता) GT vs MI kal ka IPL Match kaun jeeta: आईपीएल 2026 में लगातार 4 हार के बाद आखिरकार मुंबई इंडियंस की टीम जीत की पटरी पर लौट आई। मुंबई ने गुजरात के खिलाफ 99 रन से जीत दर्ज की। गुजरात के सामने 200 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य था, लेकिन अश्विनी कुमार के खतरनाक स्पेल के सामने टीम पूरे ओवर भी नहीं खेल पाई और 15.5 ओवर में 100 रन बनाकर ढेर हो गई। गुजरात की ओर से सर्वाधिक 26 रन की पारी वाशिंगटन सुंदर ने खेली। मुंबई की ओर से अश्विनी कुमार ने 4 जबकि मिचेल सैंटरन और अल्लाह गजनफर ने 2-2 विकेट चटकाए। इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने तिलक वर्मा के तूफानी शतक के दम पर 5 विकेट के नुकसान पर 199 रन का स्कोर खड़ा किया। तिलक ने 45 गेंद में 101 रन की नाबाद पारी खेली। यह उनके आईपीएल करियर का पहला शतक था।
गुजरात टाइटंस ने जीता टॉस
मुंबई के खिलाफ इस मुकाबले में टॉस गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुंबई इस मुकाबले में दो नए खिलाड़ियों के साथ उतरी। दानिश मालेवार और कृष भगत ने इस मैच में अपना आईपीएल डेब्यू किया।
मुंबई की नई सलामी जोड़ी रही फेल
मुंबई इंडियंस की ओर से इस मैच में नई सलामी जोड़ी क्विंटन डिकॉक और दानिश मालेवार ने पारी की शुरुआत की, लेकिन दूसरे ही ओवर में मुंबई इंडियंस को पहला झटका लगा। रबाडा ने पारी के दूसरे ओवर में मालेवार को एलबीडब्ल्यू किया और फिर अगले ओवर में डिकॉक को अपनी ही गेंद पर कैच लेकर पवेलियन भेजा।
पावरप्ले को नहीं भुना पाई मुंबई
रबाडा की खतरनाक गेंदबाजी के चलते मुंबई इंडियंस पावरप्ले को भुना नहीं पाई। रबाडा ने चौथे ही ओवर में 25 रन तक दोनों सलामी बल्लेबाजों क्विंटन डिकॉक (13) और दानिश मालेवार (02) को पवेलियन भेज दिया। पावरप्ले के आखिरी ओवर में उन्होंने सूर्यकुमार यादव (15) को भी क्लीन बोल्ड कर दिया। मुंबई इंडियन्स ने पावर प्ले में तीन विकेट के नुकसान पर 46 रन बनाए।
नमन और तिलक की अर्धशतकीय साझेदारी
44 रन के स्कोर पर 3 विकेट खोकर मुंबई मुश्किल में थी, लेकिन नमन और तिलक वर्मा ने अर्धशतकीय साझेदारी कर पारी को संभाला। नमन ने अशोक शर्मा पर लगातार दो चौके जड़ने के बाद वाशिंगटन सुंदर की लगातार गेंदों पर भी छक्का और चौका मारा। दोनों ने 40 गेंद में 52 रन जोड़े। नमन, प्रसिद्ध कृष्णा की धीमी गेंद पर डीप स्क्वायर लेग बाउंड्री पर रबाडा को कैच थमा बैठे। उन्होंने 32 गेंद का सामना करते हुए 45 रन की पारी खेली। इसमें छह चौके और एक छक्का शामिल रहा।
हार्दिक और तिलक का धमाल
कप्तान हार्दिक पांड्या ने तिलक वर्मा के साथ 5वें विकेट के लिए केवल 38 गेंद में 81 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी की। इस साझेदारी में तिलक वर्मा ने 22 गेंद में 64 और हार्दिक पांड्या ने 16 गेंद में 15 रन का योगदान दिया। तिलक ने 18वें ओवर में अशोक की लगातार गेंदों पर तीन छक्के और दो चौके से 26 रन बटोरे और इस दौरान 33 गेंद में सीजन का अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 3 चौके और 3 छक्के लगाए।
अंतिम 4 ओवर में तिलक की आंधी
मुंबई इंडियंस ने आखिरी 4 ओवर में 73 रन जोड़े। उन्होंने आखिरी गेंद पर चौका जड़कर अपने आईपीएल करियर का पहला शतक पूरा किया। उन्होंने प्रसिद्ध के अंतिम ओवर में दो छक्कों और दो चौकों के साथ 45 गेंद में शतक पूरा किया। इस पारी में उन्होंने आठ चौकों और सात छक्के जड़े। तिलक ने 101 रन की नाबाद पारी खेली। यह आईपीएल में मुंबई इंडियंस की ओर से किसी भारतीय का सबसे तेज शतक था। तिलक वर्मा के नाबाद तूफानी शतक से मुंबई इंडियन्स ने पांच विकेट पर 199 रन का स्कोर खड़ा किया।
रबाडा का दिखा दम
गुजरात टाइटंस की ओर से कगिसो रबाडा सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 33 रन देकर तीन विकेट चटकाए। रबाडा के अलावा मोहम्मद सिराज ने 25 जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने 54 रन देकर एक-एक विकेट हासिल किया।
गुजरात की खराब शुरुआत
200 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस क शुरुआत बेहद खराब रही। पारी की पहली ही गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने साई सुदर्शन को आउट कर 6 मैच से विकेटलेस होने का इंतजार खत्म कर दिया और मुंबई को पहली सफलता दिला दी। अगले ही ओवर में गुजरात ने जोस बटलर का विकेट भी गंवा दिया जो 5 रन बनाकर हार्दिक पांड्या का शिकार बने।
पावरप्ले रहा मुंबई इंडियंस के नाम
मुंबई इंडियंस ने पावरप्ले में गुजरात के 3 विकेट चटकाए। 6 ओवर में गुजरात की टीम केवल 45 रन ही बना पाई। इस सीजन यह पहली बार हुआ जब गुजरात ने पावरप्ले में 3 विकेट गंवाए।
सैंटनर ने एक ही ओवर में दिए दो झटके
इससे पहले की गुजरात टाइटंस की टीम संभल पाती, 8वें ओवर में मिचेल सैंटनर ने पहले वाशिंगटन सुंदर और फिर ग्लेन फिलिप्स का विकेट लेकर गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी, जिसके बाद टीम वापसी नहीं कर पाई।
शाहरुख खान और राहुल तेवतिया की साझेदारी
शाहरुख खान और राहुल तेवतिया ने छठे विकेट के लिए 24 रन की साझेदारी की और कुछ हद तक गुजरात की हार को टालने में कामयाब रहे। तेवतिया 8 रन बनाकर अश्विनी कुमार का शिकार बने।
21 रन पर गिरे आखिरी 4 विकेट
गुजरात टाइटंस के विकेट गिरने का सिलसिला लगातार जारी रहा। नतीजा उसने आखिरी 4 विकेट केवल 21 रन में गंवा दिए। 200 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात 15.5 ओवर में केवल 100 रन बनाकर ढेर हो गई और मुंबई इंडियंस ने 99 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस ने प्वाइंट्स टेबल में छलांग लगाते हुए 7वें नंबर पर जगह बना ली।
प्लेयर ऑफ द मैच:
गुजरात और मुंबई के बीच इस मुकाबले में प्लेयर ऑफ द मैच तिलक वर्मा को दिया गया जिन्होंने 45 गेंद में नाबाद 101 रन की पारी खेली।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें MI Vs PBKS Today IPL Match छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
