क्रिकेट

IND vs PAK, एशिया कप 2025 सुपर फोर मैच, भारत ने पाकिस्तान को सुपर फोर राउंड में भी हराया, देखें मैच हाइलाइट्स,अवार्ड्स की सभी डिटेल्स

भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से रौंद दिया। जानिए कैसा रहा एशिया कप के सुपर फोर राउंड में हुए मुकाबले के पल-पल का हाल?

Image

भारत बनाम पाकिस्तान, एशिया कप 2025, सुपर फोर राउंड, कल का मैच कौन जीता

Photo : AP

भारत ने पाकिस्तान को एशिया कप 2025 के सुपर फोर राउंड के अपने पहले मुकाबले में 6 विकेट से मात देकर शुरुआत की है। भारत ने मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ऐसे में पाकिस्तानी टीम ने साहिबजादा फरहान की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 5 विकेट पर 171 रन का स्कोर खड़ा किया। ऐसे में जीत के लिए मिले 172 रन के लक्ष्य को टीम इंडिया ने अभिषेक शर्मा की 74, शुभमन गिल की 47 और तिलक वर्मा की 30 रन की नाबाद पारियों की बदौलत हासिल कर लिया। ऐसा रहा मैच के पल पल का हाल।

भारत ने जीता टॉस, किया गेंदबाजी का फैसला

भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के रविवार को सुपर फोर राउंड के मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।

खराब रही पाकिस्तान की शुरुआत

पाकिस्तान के लिए भारत के खिलाफ पारी की शुरुआत करने फखर जमां और साहिबजादा फरहान की जोड़ी उतरी। दोनों ने तेजी से रन बनाने शुरू किए। हार्दिक पांड्या ने भारत के लिए गेंदबाजी की शुरुआत की लेकिन तीसरी ही गेंद पर अभिषेक शर्मा ने साहिबजादा फरहान का कैच छोड़ दिया। दोनों ने तेजी से पाकिस्तान को 2 ओवर में 17 रन तक पहुंचा दिया। ऐसे में हार्दिक पांड्या ने तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर खतरनाक बनते दिख रहे फखर जमां तो विकेट के पीछे संजू सैमसन के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। तीसरे अंपायर की मदद फैसले के लिए ली गई। फखर 15(9) रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके जड़े।

साहिबजादा फरहान और सैम अयूब ने जमाया रंग

फखर जमां के आउट होने के बाद साहिबजादा फरहान का साथ देने सैम अयूब आए। दोनों ने रनों की गति को बनाए रखा और पाकिस्तान को पॉवरप्ले के अंत तक 1 विकेट पर 55 रन तक पहुंचा दिया। फरहान 31(25) और अयूब 11(9) रन बनाकर खेल रहे थे। पाकिस्तान ने अपने 50 रन 5.5 ओवर में पूरे कर लिए। सैम अयूब को पांचवें ओवर की चौथी गेंद पर कुलदीप यादव ने जीवन दान दिया। अयूब उस वक्त 4 रन बनाकर खेल रहे थे और पाकिस्तान का स्कोर 42 रन था। ये पॉवरप्ले के अंदर पाकिस्तानी बल्लेबाजों को मिला दूसरा जीवनदान था।

फरहान ने जड़ा शानदार अर्धशतक

पॉवरप्ले के खत्म होने के बाद पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने और आक्रामक रूख अपनाया और छक्कों की झड़ी लगा दी और पाकिस्तान को 10 ओवर में 1 विकेट पर 91 रन तक पहुंचा दिया। ग्रुप राउंड में भारत के खिलाफ 42 रन की पारी खेलने वाले फरहान ने अपना अर्धशतक 34 गेंद में 5 चौके और तीन छक्के की मदद से पूरा कर लिया। 10वें ओवर की समाप्ति के बाद पाकिस्तानी टीम 91/1 के स्कोर के साथ मजबूत स्थिति में नजर आ रही थी। फरहान 52(37) और सैम अयूब 21(15) रन बनाकर खेल रहे थे।

शिवम दुबे ने तोड़ी फरहान अयूब की साझेदारी

साहिबजादा फरहान और सैम अयूब के बीच की अर्धशतकीय साझेदारी को 11वें ओवर की तीसरी गेंद पर शिवम दुबे ने तोड़ दिया। शिवम की गेंद पर अयूब 21(17) रन बनाकर पवेलियन लौट गए। अभिषेक शर्मा ने दो कैच छोड़ने की भरपाई शानदार डाइविंग कैच के साथ कर दी। अयूब 21(17) रन बनाकर आउट हुए। अयूब और फरहान के बीच दूसरे विकेट के लिए 72 (49) रन की साझेदारी हुई। इसमें फरहान ने 47(32) और अयूब ने 21(17) रन का योगदान दिया। पाकिस्तान को दूसरा झटका 93 के स्कोर पर लगा।

कुलदीप ने किया हुसैन तलत का शिकार

अयूब के आउट होने के बाद साहिबजादा फरहान का साथ देने आए हुसैन तलत ज्यादा देर तक पिच पर नहीं टिक सके। उन्होंने फरहान के साथ मिलकर पाकिस्तान को 11.2 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों स्कोर को 13 ओवर में 110 रन तक ले गए। ऐसे में कुलदीप यादव ने तलत को वरुण चक्रवर्ती के हाथों कैच कराकर चलता कर दिया। उन्होंने 10(11) रन बनाए। 14वें ओवर की पहली गेंद पर पाकिस्तान को तीसरा झटका लगा।

शिवम ने किया साहिबजादा फरहान को चलता

तलत के आउट होने के बाद 15वें ओवर की पहली गेंद पर साहिबजादा फरहान को शिवम दुबे ने कुलदीप यादव के हाथों कैच कराकर पाकिस्तान को करारा और चौथा झटका दिया। फरहान 58(45) रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 3 छक्के जड़े। फरहान के आउट होते ही पाकिस्तान के रनों की रफ्तार धीमी पड़ती दिखी। मोहम्मद नवाज और कप्तान सलमान आगा बड़े शॉट्स लगाने में नाकाम रहे। पाकिस्तान 16 ओवर में 4 विकेट पर 121 रन तक पहुंच सका।

पाकिस्तान ने बनाए 5 विकेट पर 171 रन

कप्तान सलमान आगा और मोहम्मद नवाज ने 17वें ओवर से रन गति को बढ़ाने की कोशिश की। दोनों ही ओवरों की शुरुआत छक्के के साथ हुई और टीम को 18 ओवर में 4 विकेट पर 144 रन तक पहुंचा दिया। सलमान 13(10) और मोहम्मद नवाज 20(17) रन बनाकर खेल रहे थे। 18वें ओवर में शिवम दुबे ने 17 रन लुटाए। इसके बाद 19वें ओवर की तीसरी गेंद पर कुलदीप यादव ने मोहम्मद नवाज को रन आउट कर दिया। वो 21(19) रन बना सके। इसके बाद अंतिम 9 गेंद में पाकिस्तान ने 22 रन जोड़े और स्कोर को 5 विकेट पर 171 रन तक पहुंचा दिया। सलमान आगा 17(13) और फहीम अशरफ 20(8) रन बनाकर नाबाद रहे। भारत के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट शिवम दुबे ने लिए। वहीं 1-1 सफलता हार्दिक पांड्या और कुलदीप यादव को मिली। जसप्रीत बुमराह को कोई विकेट नहीं मिला और उनकी जमकर धुनाई हुई। उन्होंने 4 ओवर में 45 रन दिए।

भारत की आतिशी शुरुआत, पॉवरप्ले में बनाए 69/0 रन

टीम इंडिया को अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने आतिशी शुरुआत दिलाई। अभिषेक ने शाहीन अफरीदी के खिलाफ पारी की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया। इसके बाद गिल और अभिषेक ने चौकों छक्कों की झड़ी लगी दी। 4 ओवर में भारतीय टीम ने बगैर किसी नुकसान के 43 रन बना लिए थे। दोनों ने भारत को पांचवें ओवर की चौथी गेंद पर 50 रन के पार पहुंचा दिया। टीम इंडिया ने पॉवरप्ले में बगैर किसी नुकसान के 69 रन बना लिए थे। शुभमन गिल 35 (18) और अभिषेक शर्मा 33 (18) रन बनाकर खेल रहे थे।

अभिषेक-गिल के बीच हुई शतकीय साझेदारी

अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल की जोड़ी ने पॉवरप्ले के बाद टीम 8.4 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। दोनों ने 52 गेंद में पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी पूरी कर ली। साझेदारी में अभिषेक ने 56 और गिल ने 43 रन का योगदान दिया।

अर्धशतक से चूके शुभमन गिल

गिल और अभिषेक की शतकीय साझेदारी दसवें ओवर की पांचवीं गेंद पर टूट गई। फहीम अशरफ ने गिल को बोल्ड कर दिया। शुभमन अपने अर्धशतक से चूक गए। उन्होंने 28 गेंद में 47 रन की पारी खेली। उन्होंने इस दौरान 8 चौके जड़े। 10 ओवर में भारत ने 1 विकेट पर 105 रन बना लिए थे।

कप्तान सूर्या नहीं खोल पाए खाता

शुभमन गिल के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए कप्तान सूर्यकुमार यादव खाता खोले बगैर पवेलियन लौट गए। 11वें ओवर की तीसरी गेंद पर सूर्या हारिस रऊफ की गेंद पर अबरार अहमद के हाथों लपके गए। 5 गेंद में दो विकेट चटकाकर पाकिस्तान ने मैच में वापसी करने की कोशिश की।

अभिषेक बने अबरार का शिकार

जल्दी-जल्दी दो विकेट गिरने का दबाव अभिषेक शर्मा ने टीम पर नहीं पड़ने दिया और आतिशी बल्लेबाजी जारी रखी। लेकिन 13वें ओवर की पहली गेंद पर अभिषेक ने छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद पर वो कैच दे बैठे। उन्होंने 39 गेंद में 74 रन की पारी खेली। गिल अबरार अहमद का शिकार बने। अभिषेक ने 189.74 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए और अपनी पारी के दौरान 6 चौके और 5 छक्के जड़े। उनके आउट होते ही भारत का स्कोर 12.2 ओवर में 3 विकेट पर 123 रन हो गया।

तिलक और हार्दिक ने दिलाई जीत

भारतीय टीम जल्दी-जल्दी तीन विकेट गंवाने के बाद संजू सैमसन और तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला। दोनों ने पिच पर पैर जमाए और पाकिस्तानी गेंदबाजी के खिलाफ हल्ला बोल दिया। दोनों स्कोर को 148 रन तक ले गए लेकिन हारिस रऊफ ने संजू को बोल्ड करके भारत को चौथा झटका दिया। संजू 13(17) रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद जीत की औपचारिकता तिलक वर्मा ने हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर 18.5 ओवर में पूरी कर दी। तिलक 30(19) और हार्दिक 7(7) रन बनाकर नाबाद रहे। भारत ने 7 गेंद और 6 विकेट शेष रहते टीम को जीत दिला दी।

अभिषेक बने मैन ऑफ द मैच

अभिषेक शर्मा को उनकी मैच जिताऊ आतिशी अर्धशतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

Navin Chauhan
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article