वैशाली में राघोपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर शाम गंगा नदी में एक नाव पलटने से बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया। इस नाव में 15 से 20 लोग सवार थे, हादसे में 11 लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में अधिकांश बच्चे शामिल हैं। प्रशासन की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर शोक जताया है। बिहार सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख और पीएमओ इंडिया की ओर से 2-2 लाख रुपये बतौर मुआवजा देने का ऐलान किया गया है। जानकारी के मुताबिक, सभी गंगा पार भोज खाने के लिए गए थे। जिला पुलिस अधिकारी और SDRF की टीम को खोज अभियान चलाने के लिए भेजा गया है। पीएम मोदी ने हादसे में मारे गए लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
भोज खाने के लिए गए थे सभी
जानकारी के मुताबिक, हादसा रामपुर श्यामचंद गांव के नजदीक हुआ है। बताया जा रहा है गंगा के पार एक भोज में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग गए थे। एक नाव में करीब 15 से 20 लोग सवार थे। बारिश के कारण गंगा नदी में पानी का वेग भी तेज है। ऐसे में माना जा रहा है कि ओवरलोड नाव अनियंत्रित हो गई और पलट गई। इससे पहले लोग कुछ समझ पाते सब डूबने लगे। इसमें से कई लोग तैरकर किनारे पहुंच गए, लेकिन उसमें से 11 लोग गहरे पानी में फंस गए। हालांकि, हादसे की असली वजह क्या ये सामने नहीं आ पाई है। फिलहाल, व्यापक पैमाने पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। हादसे से प्रभावित लोगों को अस्पताल ले जाया गया है।
कैसे हुआ हादसा।
चश्मदीदों के मुताबिक, यह हादसा गंभीर लापरवाही और ओवरलोडिंग के कारण हुआ है। बताया जा रहा है कि नाव का आकार छोटा था और उसमें क्षमता से अधिक लोग सवार थे। गंगा में अत्यधिक पानी और धारा की रफ्तार तेज थी और नाव बीच मझधार में असंतुलित होकर पलट गई। चूंकि नाव में अधिकांश बच्चे शामिल थे, जिन्हें तैरने का अनुभव कम था। लिहाज वे धारा में बह गए। शेष लोग जो बाहर निकल पाए उन्होंने लोगों से मदद की गुहार लगाई। इससे पहले स्थानीय लोग और प्रशासन मदद के लिए पहुंचता बच्चों की जान जा चुकी थी। आपको बता दें कि सितंबर माह में भी वैशाली जिले में एक नाव पलटी थी, जिसमें तीने लोगों के लापता होने की बात सामने आई थी।
राघोपुर दियारा नेता विपक्ष तेजस्वी यादव का विधानसभा क्षेत्र है। यहां अधिकांश जगहों पर लोग नावों के जरिए ही नदियों को पार करते हैं। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने हादसे पर शोक जताया है। राघोपुर दियारा क्षेत्र में नाव पलटने की दुर्भाग्यपूर्ण दुखद खबर प्राप्त हुई। डूबने वालों में से अधिकांश बच्चे हैं। उन्होंने कहा कि ईश्वर सबको सुरक्षित रखें। स्थानीय लोगों, प्रशासन और अधिकारियों से वार्ता कर राहत बचाव और उपचार कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
