Who Won Yesterday Match, 30 March 2026 (कल का मैच कौन जीता) RR vs CSK kal ka match kon jita: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का तीसरा मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला गया। इस मैच को राजस्थान रॉयल्स की टीम ने वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार बल्लेबाजी के दम पर 8 विकेट से जीत लिया। राजस्थान रायल्स ने पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स को एकतरफा मुकाबले में 8 विकेट से मात देकर अपने सीजन की शुरुआत शानदार तरीके से की। मैच में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी। चेन्नई को शुरू से ही अपने करिश्माई प्लेयर महेंद्र सिंह धोनी की कमी खलती नजर आई। टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरे चेन्नई के बल्लेबाज जरा भी विश्वास में नजर नहीं आए। इस मैच में चेन्नई के मात्र तीन बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू पाए। यहां तक कि चेन्नई सुपर किंग्स की टीम अपने कोटे के 20 ओवर भी पूरा नहीं खेल पाई और 2 गेंद शेष रहते मात्र 127 रनों पर ऑल आउट हो गई।
राजस्थान रॉयल्स ने जीता टॉस
इस मैच में राजस्थान का टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला एकदम सही साबित हुआ, जब उसके गेंदबाजों ने चेन्नई के बल्लेबाजों को नाकों चने चबवा दिए। चेन्नई की ओर से संजू सैमसन और रुतुराज गायकवाड़ ने पारी की शुरुआत की। वहीं राजस्थान की तरफ से जोफ्रा आर्चर ने पहला ओवर डाला। हालांकि, चेन्नई सुपर किंग्स की नई जोड़ी कारगर साबित नहीं हुई और मात्र 14 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा दिया। राजस्थान रॉयल्स से चेन्नई में आए संजू सैमसन कुछ खास नहीं कर सके और मात्र 7 गेंद खेलकर 6 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें बर्गर ने आउट किया। वहीं चेन्नई ने 19 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट गंवाया। जब कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ 11 गेंद में 6 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें जोफ्रा आर्चर ने आउट किया। इसके बाद चेन्नई की पारी संभल नहीं पाई और थोड़े-थोड़े अंतराल पर चेन्नई के विकेट गिरते रहे।
चेन्नई ने 82 रन पर गंवा दिए थे 8 विकेट
एक समय चेन्नई ने मात्र 82 रन के स्कोर पर अपने 8 विकेट गंवा दिए थे। तब लग रहा था कि चेन्नई सुपर किंग्स की टीम राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने सबसे कम स्कोर 109 रन का रिकॉर्ड भी तोड़ देगी। गनीमत यह रही कि 8वें क्रम के बल्लेबाज जेमी ओवर्टन अंत तक टिके रहे और उन्होंने चेन्नई की तरफ से सर्वाधिक 43 रनों की पारी खेली। इसके साथ ही चेन्नई की टीम 19.4 ओवरों में मात्र 127 रनों पर ऑल आउट हो गई। चेन्नई की तरफ से जेमी ओवर्टन के अलावा कार्तिक शर्मा और सरफराज खान ही दहाई का आंकड़ा छू पाए। जहां कार्तिक शर्मा ने 18 रन बनाए, वहीं सरफराज खान ने 17 रनों की पारी खेली। चेन्नई के लिए अच्छी बात यह रही कि राजस्थान ने 16 रन अतिरिक्त के रूप में दिए। जिससे उनका स्कोर 127 तक पहुंच पाया। राजस्थान की तरफ से नांद्र बर्गर, जोफ्रा आर्चर और रवींंद्र जडेजा ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा संदीप शर्मा, रवि विश्नोई और ब्रिजेश शर्मा को भी एक-एक विकेट मिला। वहीं जेमी ओवर्टन आखिरी विकेट के रूप में रनआउट हुए।
राजस्थान की तरफ से वैभव सूर्यवंशी का धमाका
चेन्नई की तरफ से 128 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने बेहद ही धमाकेदार शुरुआत की। राजस्थान के दोनों ओपनरों यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने चेन्नई के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। वैभव सूर्यवंशी ने तो मात्र 15 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा कर डाला। इस दौरान उन्होने 4 चौके और 5 छक्के जड़े। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने मात्र 15 गेंदों में हाफ सेंचुरी जड़कर सबको आश्चर्यचकित कर दिया। वह आईपीएल के इतिहास में सबसे तेज हाफ सेंचुरी जड़ने के मामले में तीसरे नंबर पर पहुंच गए। राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे तेज हाफ सेंचुरी जड़ने के मामले में उनका नंबर अब दूसरा है। IPL के इतिहास में सबसे तेज हाफ सेंचुरी जड़ने का रिकॉर्ड यशस्वी जायसवाल के नाम है। यशस्वी जायसवाल ने साल 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मात्र 13 गेंदों में हाफ सेंचुरी जड़ी थी।
राजस्थान ने दो विकेट खोकर ही हासिल कर लिया लक्ष्य
राजस्थान के दूसरे ओपनर यशस्वी जायसवाल भी पीछे नहीं रहे। एक तरफ वैभव सूर्यवंशी गेंदबाजों की जमकर धुनाई कर रहे थे। वहीं यशस्वी जायसवाल भी लगातार रन बना रहे थे। वह अंत तक नाबाद रहे और 36 गेंदों में 38 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाकर ही वापस लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 1 छक्का लगाया। वैभव सूर्यवंशी 17 गेंदों में 52 रन बनाकर आउट हुए। वह अंशुल कंबोज का शिकार हुए। उसके बाद ध्रुव जुरेल बल्लेबाजी करने आए, जिन्होंने 9 गेंदों में 4 चौके लगाकर 18 रनों की पारी खेली। जुरेल को भी अंशुल कंबोज ने ही आउट किया। इसके बाद राजस्थान के कप्तान रियान पराग ने क्रीज संभाला और अंत तक आउट हुए बिना अपनी टीम को जीत दिलाई। पराग ने 11 गेंदों में एक चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 14 रनों की पारी खेली। राजस्थान ने चेन्नई की तरफ से मिले 128 रन के लक्ष्य को 2 विकेट खोकर मात्र 12.1 ओवर में हासिल कर लिया। चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से अंशुल कंबोज सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 3 ओवर में 27 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किया।
प्लेयर ऑफ द मैच:
चेन्नई सुपर किंग्स के किलाफ 4 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट चटकाने वाले गेंदबाज नांद्रे बर्गर को उनकी शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
