क्रिकेट

Gujarat Titans vs Punjab Kings: गुजरात टाइटन्स के खिलाफ मैच में पंजाब किंग्स ने मारी बाजी, देखें मैच हाइलाइट्स,अवार्ड्स की सभी डिटेल्स

पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को रोमांचक मुकाबले में 11 रन से शिकस्त देकर आईपीएल 2025 की शुरुआत की है। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल?

Image

गुजरात के खिलाफ पंजाब ने मारी बाजी, देखें मैच हाइलाइट्स,अवार्ड्स की सभी डिटेल्स।

Photo : Times Now Digital

दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट ग्राउंड में मैच हो और उसमें रोमांच न हो ऐसा हो नहीं सकता है। आईपीएल के पांचवें मुकाबले में नए कप्तान के साथ खेलने उतरी पंजाब किंग्स की टीम ने एक बार की चैम्पियन गुजरात टाइटंस को उसके घर में रोमांचक मुकाबले में 11 रन से पटखनी दी। इसी जीत के साथ पंजाब ने आईपीएल के मौजूदा सीजन में अपनी शुरुआत जीत के साथ की। पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 243 रन बनाए और टीम ने मेजबान टीम को 244 रन का विशाल लक्ष्य दिया। जवाब में खेलने उतरी गुजरात टीम ने निर्धारित ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 232 रन बना सकी। इसी जीत के साथ पंजाब की टीम 2 अंक के साथ पॉइंट टेबल में तीसरे नंबर पर जगह बनाई।

गुजरात टाइटंस ने जीता टॉस

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पंजाब किंग्स की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी।

पंजाब की अच्छी शुरुआत

गुजरात के खिलाफ उनके घर में पंजाब किंग्स ने अच्छी शुरुआत की। टीम ने पावरप्ले में एक विकेट के नुकसान पर 73 रन बनाए। टीम को चौथे ओवर की पहली गेंद पर प्रभसिमरन सिंह के रूप में पहला झटका लगा।

अर्धशतक से चूके प्रियांश

पंताब किंग्स के लिए ओपनिंग करने आए 24 साल के बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन वे अपने अर्धशतक से सिर्फ 3 रन दूर रह गए। उन्होंने 204.34 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। प्रियांश ने 23 गेंदों पर 7 चौके और 2 छक्के की मदद से 47 रन बनाए। उनको राशिद खान ने साई सुदर्शन के हाथों कैच आउट कराया।

खाता नहीं खोल पाए मैक्सवेल

आरसीबी से पंजाब किंग्स में ग्लेन मैक्सवेल गुजरात टाइटंस के खिलाफ खाता नहीं खोल पाए। उन्होंने सिर्फ एक गेंदों का सामना किया। मैक्सवेल को साई सुदर्शन ने आउट कर पवेलियन भेज दिया।

शतक से चूके श्रेयस

पहली बार पंजाब किंग्स की कमान संभालने वाले श्रेयस अय्यर शतक से चूक गए। उन्होंने 27 गेंदों पर 3 चौके और 4 छक्के की मदद से अर्धशतक पूरा किया, लेकिन वे अपने शतक से सिर्फ 3 रन दूर रह गए। उन्होंने 230.95 की स्ट्राइक रेट से 42 गेंदों पर 5 चौके और 9 छक्के की मदद से 97 रन की नाबाद पारी खेली।

शशांक का गरजा बल्ला

दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट मैदान पर शशांक सिंह का बल्ला जमकर गरजा। उन्होंने गुजरात के खिलाफ उनके घर में 275 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। शशांक ने सिर्फ 16 गेंदों पर 6 चौके और 2 छक्के की मदद से 44 रन की नाबाद पारी खेली।

साई किशोर ने चटकाए सबसे ज्यादा विकेट

पंजाब किंग्स के खिलाफ साई किशोर ने घातक गेंदबाजी की। उन्होंने 4 ओवर में 7.50 की इकोनॉमी से 30 रन दिए और उन्होंने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए।

गुजरात को पावरप्ले में लगा एक झटका

जवाब में खेलने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम ने भी अच्छी शुरुआत की। टीम ने शुरुआती छह ओवर में 61 रन बनाए। हालांकि, टीम को एक विकेट का नुकसान भी झेलना पड़ा। छठवें ओवर की पांचवीं गेंद पर कप्तान शुभमन गिल आउट हो गए।

कप्तान का नहीं चला बल्ला

साई सुदर्शन के साथ ओपनिंग करने आए शुभमन गिल पंजाब के खिलाफ अपनी छाप छोड़ने में असफल रहे। उन्होंने 14 गेंदों पर 2 चौके और 3 छक्के की मदद से 33 रन बनाकर आउट हो गए। उनको ग्लेन मैक्सवेल ने आउट कर पवेलियन भेजा।

सुदर्शन का घर में गरजा बल्ला

ओपनिंग करने आए साई सुदर्शन ने अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 31 गेंदों पर 3 चौके और 4 छक्के की मदद से अर्धशतक पूरा किया। सुदर्शन ने पंजाब के खिलाफ 41 गेंदों पर 5 चौके और 6 छक्के की मदद से 74 रन की पारी खेली।

बटलर ने खेली अर्धशतकीय पारी

तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए जोस बटलर ने सधी हुई बल्लेबाजी की। राजस्थान से गुजरात की टीम में आए बटलर ने अपने पहले मैच में अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 33 गेंदों पर 4 चौके और 2 छक्के की मदद से 54 रन की पारी खेली। उनको मार्को जानसेन ने बोल्ड किया।

रदरफोर्ड का दिखा इम्पैक्ट

शेरफेन रदरफोर्ड ने जोस बटलर के साथ शानदार पारी खेली। दोनों खिलाड़ियों ने 33 गेंदों पर 54 रन की अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को जीत के करीब ले गए। इस दौरान रदरफोर्ड ने 28 गेंदों पर 4 चौके और 3 छक्के की मदद से 46 रन की पारी खेली।

सिर्फ तीन खिलाड़ियों को मिली सफलता

गुजरात के खिलाफ पंजाब किंग्स के सात खिलाड़ियों ने गेंदबाजी की, जिसमें से सिर्फ गेंदबाजों को विकेट चटकाने में सफलता मिली। अर्शदीप सिंह ने सबसे ज्यादा 2 विकेट चटकाए, जबकि मार्को जानसेन और ग्लेन मैक्सवेल को एक-एक सफलता मिली। वहीं, अजमतुल्लाह उमरजई, मार्कस स्टोइनिस, युजवेंद्र चहल और विजय कुमार विशक विकेट लेने में असफल रहे।

प्लेयर ऑफ द मैच

गुजरात टाइंटस के खिलाफ बेहतरीन पारी खेलने वाले पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर को प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया। उन्होंने 97 रन की नाबाद पारी खेली थी।

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article