क्रिकेट

Who Won Yesterday IPL Match 3 June 2025, RCB vs PBKS Final Match: पंजाब किंग्स को पटखनी देकर आरसीबी ने पहली बार जीता खिताब, देखें मैच हाइलाइट्स और सभी डिटेल्स

Who Won Yesterday IPL Match 3 June 2025, RCB vs PBKS, kal ka match kaun jeeta: आईपीएल 2025 के खिताबी मुकाबले में पंजाब किंग्स को पटखनी देकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू 18 साल का खिताबी सूखा खत्म करने में सफल रही। जानिए कैसा रहा रोमांचक रहे खिताबी मुकाबले के पल पल का हाल।

Image

आईपीएल 2025 आरसीबी बनाम पीबीकेएस कल का मैच कौन जीता

Who Won Yesterday IPL Match 3 June 2025, RCB vs PBKS, kal ka match kaun jeeta: विराट कोहली और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने 18 साल की नाकामियों और निराशाओं को आखिरकार भुलाते हुए पंजाब किंग्स को मंगलवार को छह रन से हराकर पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग खिताब अपने नाम किया। जीत तय होते ही अपने आंसू पर काबू नहीं पा सके विराट मैदान पर घुटने के बल बैठकर रो पड़े। उनके साथ ही 18 साल से ‘ई साला कप नमदे’ का मंत्र जप रहे आरसीबी के प्रशंसकों की आंखें भी नम हो गईं। अब तक तीन बार फाइनल में मिली नाकामी की यादें भी खुशी के इन आंसुओं में धुंधली हो गई।

जीतकर ही आरसीबी ने लिया दम

बल्लेबाजी की मददगार पिच पर खेले गए फाइनल में आरसीबी ने दबाव का बखूबी सामना करते हुए जुझारूपन नहीं छोड़ा और जीतकर ही दम लिया। मैदान पर ‘कोहली कोहली’ और ‘आरसीबी आरसीबी’ के शोर के बीच आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 190 रन बनाये जिसमें कोहली ने 35 गेंद में 43 रन का योगदान दिया। 190 रन का स्कोर उतना बड़ा नहीं था लेकिन क्रुणाल पांड्या की अगुवाई में गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। पांड्या ने चार ओवर में 17 रन देकर दो विकेट लिये। वैसे मैच का निर्णायक पल रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर का विकेट था।

आखिरी ओवर में पंजाब नहीं बना पाया 29 रन

आखिरी ओवर में पंजाब को 29 रन चाहिये थे और जोश हेजलवुड ने दूसरी डॉट गेंद डालकर जीत तय कर दी। पंजाब के लिये शशांक सिंह (30 गेंद में 61 रन) के अलावा कोई बल्लेबाज नहीं चल सका। दूसरे क्वालीफायर में शानदार पारी खेलकर आये अय्यर एक रन बनाकर आउट हो गए। जोश इंग्लिस ने 23 गेंद में 39 रन बनाये लेकिन पांड्या ने 13वें ओवर में उन्हें लांग आन पर लपकवाया। इसके बाद से हर डॉट गेंद पर ‘आरसीबी आरसीबी’ का शोर बढ़ता गया। आरसीबी के लिये खेल चुके दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स और क्रिस गेल भी खास तौर पर इस मैच के लिये यहां पहुंचे थे। पंजाब के लिये प्रभसिमरन सिंह ने 22 गेंद में 26 रन बनाये। भुवनेश्वर सिंह ने नेहाल वढेरा (15) और मार्कस स्टोइनिस (छह) को तीन गेंद के भीतर 17वें ओवर में पवेलियन भेजा।

9 विकेट पर 190 बना पाई आरसीबी

इससे पहले अर्शदीप सिंह और काइल जैमीसन की अगुवाई में अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर पंजाब किंग्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को नौ विकेट पर 190 रन पर रोक दिया। आरसीबी के लिये कोहली 35 गेंद में 122.85 की स्ट्राइक रेट से 43 रन बनाकर आउट हो गए। कोहली ने अपनी पारी में सिर्फ तीन चौके लगाये। पावरप्ले में आरसीबी का स्कोर एक विकेट पर 55 रन था लेकिन छठे से 11वें ओवर के बीच सिर्फ 42 रन बने। फिल साल्ट (16) ने पहले ओवर में एक छक्का और एक चौका लगाया लेकिन अगले ओवर में विकेट गंवा बैठे। मिडऑन पर खड़े पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने दस कदम से अधिक पीछे की ओर लेते हुए जैमीसन की गेंद पर शानदार ऊंचा कैच लपका।

बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे आरसीबी के बल्लेबाज

साल्ट के आउट होने का आरसीबी की पारी पर बड़ा असर पड़ा क्योंकि मयंक अग्रवाल (24), रजत पाटीदार (26) और लियाम लिविंगस्टोन (25) अच्छी शुरूआत के बावजूद बड़ी पारी नहीं खेल पाये। जैमीसन ने सटीक लैंग्थ और लाइन के साथ गेंदबाजी की और विविधता से बल्लेबाजों को उलझाये भी रखा। उन्होंने चार ओवर में 48 रन देकर तीन विकेट लिये जबकि अर्शदीप ने चार ओवर में 40 रन देकर तीन विकेट चटकाये।

जैमीसन और अर्शदीप ने चटकाए 3-3 विकेट

दूसरे ओवर में साल्ट को अय्यर के हाथों लपकवाने के बाद जैमीसन ने 11वें ओवर में शानदार यॉर्कर पर पाटीदार को पगबाधा आउट किया। जैमीसन के चौथे और पारी के 17वें ओवर में जितेश शर्मा ने दो और लिविंगस्टोन ने एक छक्का लगाकर कुल 23 रन बटोरे। जीतेश ने दस गेंद में दो चौकों और दो छक्कों के साथ 24 रन बनाये। जैमीसन ने फुलटॉस पर लिविंगस्टोन को पगबाधा आउट किया। पहले तीन ओवर में 37 रन देने के बाद भारत के स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप ने आखिरी ओवर में सिर्फ तीन रन देकर तीन विकेट चटकाये। उन्होंने क्रुणाल (चार), भुवनेश्वर (एक) और शेफर्ड (17) को आउट करके आरसीबी को 200 रन तक नहीं पहुंचने दिया।

मैन ऑफ द मैच:

4 ओवर में 17 रन देकर 2 विकेट चटकाने वाले क्रुणाल पांड्या को शानदार गेंदबाजी के लिए फाइनल मैच का प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article