टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने काफी संघर्ष के बाद क्रिकेट के शीर्ष स्तर तक अपनी उड़ान भरी और फिर 2007 में वो सीमित ओवर क्रिकेट में टीम इंडिया के कप्तान भी बने। एक साल बाद जब अनिल कुंबले ने टेस्ट की कप्तानी छोड़ते हुए संन्यास का ऐलान किया तो धोनी को टेस्ट टीम की कमान भी सौंपी गई और करियर के शुरुआती दौर में ही वो क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में भारत के कप्तान बन गए थे। उनके करियर के तमाम किस्से आज तक फैंस के लिए उत्सुकता का विषय बने रहते हैं। ऐसा ही एक किस्सा हम आपको बताने जा रहे हैं जिसका खुलासा पूर्व बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग (Virender Sehwag) ने किया था।
पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने 'क्रिकबज' से 2021 में एक बातचीत के दौरान खुलासा किया था कि एक बार मैच फिनिश किए बिना आउट होने पर राहुल द्रविड़ एम एस धोनी पर भड़क गए थे। सहवाग के मुताबिक धोनी ने उस दिन कहा था कि अब से वो गेम फिनिश करके लौटेंगे।
मैंने द्रविड़ को गुस्से में देखा है
सहवाग ने बताया था कि, "मैंने राहुल द्रविड़ को गुस्से में देखा है। जब हम पाकिस्तान में थे और एम एस धोनी उस समय एक नए खिलाड़ी थे, उसने एक शॉट खेला और कैच आउट हो गया। द्रविड़ बहुत नाराज हुए थे धोनी पर। द्रविड़ ने वहीं पर धोनी से कहा था- 'इस तरह खेला जाता है क्या? तुम्हे गेम फिनिश करना चाहिए।' सहवाग बोले, द्रविड़ की अंग्रेजी सुनकर मैं भी स्तब्ध रह गया था, मुझे उनकी आधी बात समझ ही नहीं आई थी।"
मुझे द्रविड़ से डांट नहीं खानी
वीरू ने कहा, "इसके बाद जब धोनी फिर से पिच पर बैटिंग करने आए, मैंने देखा कि वो ज्यादा बड़े शॉट्स नहीं लगा रहे थे। मैंने उससे जाकर पूछा कि क्या हुआ। तो उसने कहा कि वो नहीं चाहता कि द्रविड़ उसे फिर से डांटे। मैं शांति से गेम खत्म करूंगा और वापस जाऊंगा।"
द्रविड़ के बाद धोनी कप्तान बने
राहुल द्रविड़ के वनडे कप्तानी छोड़ने के बाद महेंद्र सिंह धोनी को वनडे टीम की कप्तानी सौंपी गई। द्रविड़ ने अपने संन्यास तक धोनी की अगुवाई में क्रिकेट खेला। द्रविड़ ने 2012 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा और आज वो टीम इंडिया के मुख्य कोच हैं। वहीं धोनी ने अगस्त 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा, हालांकि आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आज भी खेल रहे हैं और रिकॉर्ड खिताब विजेता कप्तान भी हैं।
