Pakistan vs USA Match Today Timing, Squads, Venue: पाकिस्तान क्रिकेट सरकार ने एक बार फिर यू-टर्न मारते हुए भारत से टी20 विश्व कप मैच खेलने की हामी भर दी है। चौतरफा दबाव और नुकसान से बचने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और उसकी सरकार को मजबूरी में आखिरकार ये फैसला लेना ही पड़ा। अब 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान (IND vs PAK) के बीच बहुचर्चित मुकाबला खेला जाएगा। अब बात कर लेते हैं आज होने वाले बड़े मैच की। आज टी20 विश्व कप में खेले जाने वाले तीन मैचों में सबसे ज्यादा जिस मैच पर नजरें टिकी हुई हैं, वो है पाकिस्तान का मैच। सलमान आगा (Salman Agha) की अगुवाई वाली टीम भारतीय मूल के मोनांक पटेल (Monank Patel) की कप्तानी में खेल रही यूएसए की टीम (PAK vs USA) के सामने होगी।
पाकिस्तान के लिए क्यों डरावनी है USA की टीमः हमेशा से टी20 विश्व कप में कुछ टीमें ऐसी रही हैं जो बड़ी टीमों को हराकर टूर्नामेंट की रूप-रेखा और उम्मीदों में बदलाव कर देती हैं। ऐसी ही एक टीम है संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) की टीम। टी20 विश्व कप 2026 के पहले ही दिन यूएसए ने नंबर.1 भारतीय टीम को तब चौंका दिया था जब भारत के 77 रन पर 6 विकेट गिरा दिए थे। ऐसा लग रहा था कि आज कुछ उलटफेर होगा, लेकिन सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) की अर्धशतकीय पारी ने अकेले दम पर मैच की दिशा पलट दी और बाद में अमेरिका को हार का मुंह देखना पड़ा। लेकिन दो साल पहले टी20 विश्व कप 2024 में ऐसा नहीं हुआ था जब पाकिस्तान और यूएसए की टीमें टकराई थीं। वहां यूएसए ने पाकिस्तान को ऐसी हार का स्वाद चखाया था जिसे वे आज तक नहीं भूले होंगे।
पाक-यूएसए टी20 विश्व कप 2024 मैच में क्या हुआ थाः तारीख थी 6 जून 2024, वेन्यू था अमेरिका का डलास। पाकिस्तान और यूएसए की टीमें आमने-सामने आईं तो ये शुरुआत में एकतरफा मैच ही लग रहा था क्योंकि अमेरिकी टीम पहली बार विश्व कप खेल रही थी, वो भी मेजबान होने के नाते। मैच में पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी 20 ओवर में 7 विकेट पर 159 रन ही बना सकी। जवाब में उतरी अमेरिकी टीम ने कप्तान मोनांक पटेल (50 रन) के अर्धशतक और कुछ अन्य खिलाड़ियों की तेज पारियों के दम पर अंतिम ओवर के रोमांच में 3 विकेट पर उतना ही स्कोर बना दिया जो पाकिस्तान ने बनाया था। यानी मैच टाई हो चुका था और अब फैसला सुपर-ओवर (Super Over) से किया जाना था। सुपर ओवर में अमेरिका ने पहले बल्लेबाजी की और सिर्फ 1 विकेट गंवाते हुए 6 गेंदों में 18 रन बना दिए। जवाब में उतरी पाकिस्तान की टीम 1 विकेट खोकर सिर्फ 13 रन ही बना सकी और हो गया टी20 वर्ल्ड कप का बड़ा उलटफेर। अमेरिका ने बड़ी जीत के साथ पाकिस्तान को टूर्नामेंट से बाहर जाने के लिए मजबूर कर दिया था। इसलिए आज पाकिस्तान की टीम अमेरिका को किसी कमजोर टीम की तरह नहीं देखने वाली, उनके सामने एक बेहद खतरनाक टीम है जो कभी भी मैच की दिशा और दशा बदल सकती है। आइए जानते हैं आज पाकिस्तान-यूएसए मैच कितने बजे व कहां होगा और इस मैच को आप भारतीय समय के मुताबिक कब व कहां देख सकते हैं।
पाकिस्तान बनाम यूएसए टी20 विश्व कप 2026 कब और कितने बजे शुरू होगा? (PAK vs USA Match Date And Time)
पाकिस्तान-यूएसए टी20 विश्व कप 2026 का ग्रुप-ए मैच आज (10 फरवरी, मंगलवार) भारतीय समय के मुताबिक शाम 7 बजे शुरू होगा। टॉस शाम 6:30 बजे कराया जाएगा।
पाकिस्तान और यूएसए का टी20 वर्ल्ड कप मैच आज कहां होने वाला है? (PAK vs USA T20 World Cup Match Venue)
पाकिस्तान और यूएसए के बीच आज का टी20 वर्ल्ड कप मुकाबला कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब (एसएससी) ग्राउंड में खेला जाएगा।
पाकिस्तान और यूएसए के बीच आईसीसी टी20 विश्व कप मैच का भारत में टीवी पर सीधा प्रसारण कहां देखें? (Where To Watch PAK vs USA T20 World Cup Match On TV In India)
पाकिस्तान बनाम यूएसए T20 विश्व कप मैच आज आप भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर अलग-अलग भाषाओं में लाइव देख सकेंगे।
अमेरिका और पाकिस्तान की टीमों के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच की लाइव स्ट्रीमिंग आज भारत में कहां देख सकते हैं? (PAK vs USA T20 World Cup Match Live Streaming In India)
संयुक्त राज्य अमेरिका और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बीच टी20 विश्व कप 2026 का मैच की ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग आज आप भारत में जियो हॉटस्टार वेबसाइट और ऐप पर देख पाएंगे।
पाकिस्तान और यूएसए की आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के लिए टीमें (Pakistan And USA T20 World Cup 2026 Full Squads)
पाकिस्तान की टी20 विश्व कप टीमः सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फ़हीम अशरफ़, फ़खर ज़मान, ख्वाजा नफे (विकेटकीपर), साहिबज़ादा फरहान (विकेटकीपर), सईम अयूब, शाहीन अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान (विकेटकीपर), उस्मान तारिक, मोहम्मद नवाज़, सलमान मिर्ज़ा और नसीम शाह।
यूएसए की टी20 विश्व कप टीमः मोनांक पटेल (कप्तान और विकेटकीपर), एंड्रीज गौस , शहन जयसूर्या, मिलिंद कुमार, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, मोहम्मद मोहसिन, शुभम रंजन, अली खान, एहसान आदिल, नोस्थुष केनजिगे, सौरभ नेत्रवलकर, शयन जहांगीर, साईतेजा मुक्कामाला और शैडली वैन शाल्कवाइक।
