क्रिकेट

India vs Zimbabwe: टीम इंडिया की कप्तानी के पहले टेस्ट में पास हुए शुभमन गिल, बताया किस बात का मिला फायदा

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान के रूप में पहली सीरीज जीत के बाद कप्तान शुभमन गिल ने क्या कहा? बताया जिंबाब्वे के खिलाफ युवाओं से सजी टीम के साथ खेलने पर मिला किस बात का फायदा?

Image

जिंबाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज जीत के बाद भारतीय क्रिकेट टीम

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • टीम इंडिया की कप्तानी के पहले टेस्ट में पास हुए शुभमन गिल
  • टीम को दिलाई सीरीज में 4-1 से जीत
  • पहले मैच में हार के की धमाकेदार वापसी

भारतीय टीम ने शुभमन गिल की कप्तानी में जिंबाब्वे को 5 मैच की टी20सीरीज में 4-1 के अंतर से मात दी। भारतीय टीम ने पहले मुकाबले में हार के साथ शुरुआत की थी लेकिन इसके बाद शानदार वापसी करते हुए लगातार चार मैच जीते और सीरीज पर कब्जा कर लिया। इसके साथ ही शुभमन गिल कप्तानी के पहले टेस्ट में फर्स्ट डिवीजन वाले अंकों से पास हो गए और भविष्य में टीम के कप्तान के लिए अपनी दावेदारी भी पेश कर दी है।

कप्तानी के पहले टेस्ट में पास होने पर खुशी जताते हुए गिल ने कहा, ईमानदारी से कहूं तो सीरीज जीत के बाद अच्छा लग रहा है। मुझे इतने प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के दल का नेतृत्व करने के मौका मिला। मैं इन सभी खिलाड़ियो के साथ एज ग्रुप क्रिकेट में कभी न कभी साथ या खिलाफ खेल चुका हूं। इसलिए ये फीलिंग शानदार है।

पहले से खिलाड़ियों को जानने का मिला फायदा

हम उम्र खिलाड़ियों का नेतृत्व करने के अनुभव का खुलासा करते हुए गिल ने कहा, मैं टीम में शामिल अधिकांश के साथ पहले खेल चुका हूं तो सीरीज में बतौर कप्तान मेरा काम थोड़ा आसान हो गया। मैं उन्हें पहले से बतौर खिलाड़ी और व्यक्ति जानता था जिसका फायदा मुझे मिला। अंत में मजाकिया अंदाज में गिल ने कहा, टीम के अधिकांश खिलाड़ी बतौर कप्तान मेरी बात मानते हैं। नहीं सुनने वाले खिलाड़ियों का नाम गिल ने साझा नहीं किया।

हर मैच में सीख रहा हूं कप्तानी

क्या कप्तानी के गुर सीख रहे हैं, इसके जवाब में गिल ने कहा, मैं कप्तानी हर मैच में सीख रहा हूं। यह आपके अंदर से हर बार सर्वश्रेष्ठ लेकर आता हैं क्योंकि मैं मैच में इन्वॉलव रहना पसंद करता हूं। ये मेरे उस पक्ष को सामने लेकर आता है जिसे में इन्जॉय करता हूं।

रोहित को मानते हैं कप्तानी में आदर्श

धोनी, विराट, रोहित और हार्दिक में से कप्तानी में किसे आदर्श मानते हैं इसके जवाब में शुभमन ने कहा, सभी में वो क्वालिटी है जो कि आप उनसे सीख सकते हैं चाहे रोहित, माही, विराट या हार्दिक भाई कोई भी हों सभी में सीखने वाली क्वालिटी हैं। मैं रोहित भाई की कप्तानी में सबसे ज्यादा खेला हूं। ऐसे में मैं उनसे सबसे ज्यादा सीखता हूं और प्रभावित हूं। मुझे उनकी कप्तानी में खेलने में मजा आता है।

गिल ने खुद को बॉलर्स कैप्टन कहे जाने के बारे में कहा, ये कुल मिलाकर गेंदबाजों को विश्वास और आजादी देने वाली बात है कि वो क्या करना चाहते हैं, उनके क्या प्लान हैं, उनकी योजनाओं पर भरोसा करना और उसे अमलीजामा पहनाने का काम मैं बतौर कप्तान हूं।

परिस्थितियों के अनुरूप लिए निर्णय

कप्तानी के दौरान बल्लेबाजी की मनोदशा के बारे में गिल ने कहा, परिस्थितियों को समझने के बाद लक्ष्य को देखना खासकर जब हम उसका पीछा कर रहे हों। ये गलती हमने पहले टी20 मुकाबले में की थी। स्कोर ज्यादा बड़ा नहीं था लेकिन हमने परिस्थितियों को नहीं समझा और पॉवरप्ले में ही बहुत सारे विकेट गंवा दिए एक बार जब आप दबाव में आ जाते हैं तो चेज करने के दौरान हमेशा पीछे रहते हैं। बहुत से नए खिलाड़ी आ रहे हैं अगर मैं नॉन स्ट्राइकर वाले छोर पर हूं तो उन्हें बल्लेबाजी करता देखने में मजा आता है।

कप्तानी करने में होता है दबाव

क्या कप्तानी करने में दबाव होता है क्या शुरुआती मैच में दबाव में थे? इसके जवाब में गिल ने कहा, हां दबाव था लेकिन मैं ऐसा नहीं कहूंगा कि कप्तानी का अतिरिक्त दबाव था। जब आप केवल बतौर बल्लेबाज खेल रहे होते हैं और प्रदर्शन नहीं कर पाते हैं तो वो दबाव अलग तरह का होता है जो उसके साथ आता है लेकिन यही इसका मजेदार हिस्सा है। आपके मन में बहुत तरह की भावनाएं उमड़ती हैं दबाव उनमें से एक है जब आप उससे बाहर आतें हैं तो जो संतोष होता है वो सबसे अलग होता है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article