क्रिकेट

विजय कुमार वैशाख ने की टीम इंडिया के नए टी20 कप्तान की जमकर तारीफ, बताया अय्यर क्यों है अच्छे लीडर?

भारतीय टी20 टीम के नए कप्तान श्रेयस अय्यर की पंजाब किंग्स के लिए खेलने वाले कर्नाटक के तेज गेंदबाज विजय कुमार वैशाख ने जमकर तारीफ की है। उन्होंने बताया है कि अय्यर क्यों हैं एक अच्छे लीडर?

Image

श्रेयस अय्यर (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

चेन्नई: श्रेयस अय्यर अगले महीने इंग्लैंड में पहली बार भारत के पूर्णकालिक टी20 कप्तान के रूप में कमान संभालेंगे और पंजाब किंग्स में उनके साथी खिलाड़ी विजयकुमार वैशाख का कहना है कि मुंबई के इस क्रिकेटर की लोगों के प्रबंधन की बेहतरीन क्षमता उनके काम आएगी। इस महीने की शुरुआत में अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति ने सूर्यकुमार यादव की जगह अय्यर को टी20 टीम की कमान सौंपने का फैसला किया था।

सबके साथ एक जैसा व्यवहार करते हैं अय्यर

वैशाख ने ’पीटीआई’ से कहा,'मुझे लगता है कि जिस तरह से वह सभी के साथ एक जैसा व्यवहार करते हैं वह सबसे बड़ी बात है क्योंकि जाहिर है कि युवा खिलाड़ी काफी दबाव में होंगे। इसलिए आप उन्हें कैसे संभालते हैं और उनसे कैसे बात करते हैं इससे बहुत फर्क पड़ता है। आईपीएल एक मुश्किल प्रतियोगिता है और आप जानते हैं कि भारतीय खिलाड़ी ही आपके लिए टूर्नामेंट जीतेंगे। इसलिए जिस तरह से उन्होंने सभी भारतीय खिलाड़ियों और घरेलू खिलाड़ियों को संभाला वह सुकून देने वाला था और इससे मुझे और सभी को बहुत कुछ सीखने को मिला। यही उन्हें एक अच्छा नेतृत्वकर्ता बनाता है।'

करीब से देखा है अय्यर को खिलाड़ी से लीडर बनता

आईपीएल 2025 से पहले पंजाब किंग्स से जुड़ने वाले वैशाख ने अय्यर की कप्तानी में दो सत्र खेले हैं और एक नेतृत्वकर्ता और बल्लेबाज के तौर पर उनके विकास को करीब से देखा है। उन्होंने कहा,'जब से मैंने उन्हें 2025 में पहली बार देखा है तब से वह एक कप्तान और खिलाड़ी के तौर पर काफी परिपक्व हो गए हैं। हर दिन वह कुछ नया लेकर आते हैं और हर दिन उसे आजमाने के लिए उत्सुक रहते हैं। जब भी वह मैदान पर उतरते हैं तो उनमें एक अलग ही जोश और तेज होता है क्योंकि वह हर हाल में जीतना चाहते हैं। जिस तरह से वह खुद को संभालते हैं और टीम में सभी को संभालते हैं वह बहुत अच्छा लगता है।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article