क्रिकेट

अबतक की सबसे बड़ी जीत...कप्तान शांतो ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐतिहासिक विजय के बाद क्या कहा?

बांग्लादेश ने रविवार को दुनिया की नंबर एक टीम ऑस्ट्रेलिया को पहले टेस्ट के चौथे दिन ही नौ विकेट से करारी शिकस्त देकर इतिहास रच दिया इस जीत को कप्तान नजमुल हसन शांतो ने बांग्लादेश क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी जीत बताया है।

Image

नजमुल हुसैन शांतो (फोटो क्रेडिट AI Generated)

डार्विन (ऑस्ट्रेलिया): बांग्लादेश ने रविवार को दुनिया की नंबर एक टीम ऑस्ट्रेलिया को पहले टेस्ट के चौथे दिन ही नौ विकेट से करारी शिकस्त देकर इतिहास रच दिया। यह उसकी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसकी धरती पर पहली और कुल मिलाकर दूसरी जीत है। बांग्लादेश की पहली पारी में महत्वपूर्ण अर्धशतक बनाने वाले मेहदी हसन मिराज ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया और ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में पांच विकेट लेकर उसे 284 रन पर आउट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस तरह से ऑस्ट्रेलिया केवल 56 रन की बढ़त ही हासिल कर पाया।

बांग्लादेश की यह है सबसे बड़ी जीत

बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने कहा,'किसी भी प्रारूप में बांग्लादेश की यह अब तक की सबसे बड़ी जीत है। हम भविष्य में कुछ खास करेंगे।' बांग्लादेश में भी इस जीत का जमकर जश्न मनाया जा रहा है। बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने भी शांतो को वीडियो कॉल करके टीम को बधाई दी। शांतो ने कहा,'हमारे लिए यह विशेष पल है और मुझे पूरा विश्वास है कि स्वदेश में भी लोग इसका जश्न मना रहे होंगे। हमें ऐसे पल बहुत कम मिलते हैं इसलिए हमें इसका पूरे दिन भर जश्न मनाना चाहिए।'

कैमरीन ग्रीन के शतक पर फिरा पानी

कैमरन ग्रीन ने अपना तीसरा टेस्ट शतक और ऑस्ट्रेलिया में अपना पहला शतक बनाया। उन्होंने 201 गेंदों में 104 रन बनाए लेकिन इससे ऑस्ट्रेलियाई पारी की हार ही टाल पाया। बांग्लादेश के सामने केवल 57 रन का लक्ष्य था लेकिन उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही। जोश हेजलवुड ने पहली पारी में शतक लगाने वाले तंजीद हसन को शून्य पर आउट कर दिया, लेकिन शादमान इस्लाम (नाबाद 25) और मोमिनुल हक (नाबाद 30) ने संयम बनाए रखते हुए अपनी टीम को 14.2 ओवरों में लक्ष्य तक पहुंचा दिया। बांग्लादेश की यह जीत इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि उसने मैच में शुरू से लेकर आखिर तक दबदबा बनाए रखा।

पहली पारी में 228 रन की बांग्लादेश ने हासिल की बढ़त

ऑस्ट्रेलिया अपनी पहली पारी में केवल 198 रन ही बना सका, जिसमें स्टीव स्मिथ ने सर्वाधिक 71 रन बनाए। इसके बाद बांग्लादेश ने पिच के सपाट होने का फायदा उठाते हुए 426 रन बनाए और 228 रन की मजबूत बढ़त हासिल कर ली। ग्रीन के शानदार शतक के बावजूद ऑस्ट्रेलिया पहली पारी के खराब प्रदर्शन से नहीं उभर पाया। इस तरह से बांग्लादेश ने ऐतिहासिक जीत हासिल की। इससे पहले उसने 2017 में ढाका में ऑस्ट्रेलिया को हराया था।

149 साल के टेस्ट इतिहास की सबसे अपमानजनक पराजय

ऑस्ट्रेलिया के लिए यह हार उसके 149 साल के टेस्ट इतिहास में घर पर हुई सबसे अपमानजनक पराजय में से एक है। इससे अब चयनकर्ताओं पर 22 अगस्त से क्वींसलैंड राज्य के मैकाय में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट से पहले टीम में बदलाव करने का काफी दबाव होगा। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने कहा,'मुझे लगता है कि जब भी इस तरह का कोई मैच होता है, तो आप हमेशा अगले मैच के लिए अपनी टीम की रणनीति पर विचार करते हैं। वापसी करने में हमारा रिकार्ड अच्छा है। सभी खिलाड़ी एक साथ मिलकर इस मैच के बारे में अच्छी तरह सोचेंगे और यह पता लगाएंगे कि हम कहां सुधार कर सकते हैं।'

दूसरी पारी में मेहदी हसन के पंजे में फंसे कंगारू बल्लेबाज

ऑस्ट्रेलिया ने चौथे दिन की शुरुआत चार विकेट पर 161 रन से की लेकिन मेहदी ने 66 रन देकर पांच विकेट लिए और मेजबान टीम को बड़ा स्कोर नहीं बनाने दिया। तीसरे दिन के आखिर में स्मिथ का विकेट लेकर उन्होंने मैच को निर्णायक रूप से बांग्लादेश की ओर मोड़ दिया। इस ऑफ स्पिनर ने चौथे दिन पहले एलेक्स कैरी (30) को विकेट के पीछे लिट्टन दास हाथों कैच कराया और फिर ब्यू वेबस्टर (05) को बोल्ड किया। कमिंस (08) की पारी संक्षिप्त रही। उन्होंने शॉर्ट लेग पर हसन मिराज को कैच दिया जो मेहदी का सुबह का तीसरा विकेट था। उन्होंने नाथन लियोन को एलबीडब्ल्यू आउट करके ऑस्ट्रेलिया की पारी का अंत किया। इस बीच हसन महमूद ने ग्रीन का महत्वपूर्ण विकेट लिया, जिन्होंने अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article