क्रिकेट

शुभमन गिल ने क्यों की ये गुजारिशः कोविड-19 को बीते कई साल हो गए, अब गेंद पर लार लगाने की इजाजत दे ICC

Shubman Gill Requests ICC on lifting ban on use of salive for shining ball: टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने भारत-न्यूजीलैंड पहला टेस्ट मैच ड्रॉ होने के बाद आईसीसी से क्यों गुजारिश की है कि अब गेंद पर लार लगाने का प्रतिबंध हटाया जाए।

Image

शुभमन गिल ने आईसीसी से की गुजारिश

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • शुभमन गिल की आईसीसी से गुजारिश
  • भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट ड्रॉ होने के बाद रखी मांग
  • गेंद पर लार लगाने का प्रतिबंध हटाया जाए

भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) से गेंद को चमकाने के लिए लार के इस्तेमाल करने पर लगे प्रतिबंध पर फिर से विचार करने का आग्रह किया और साथ ही कहा कि कूकाबुरा गेंद बहुत जल्दी नरम हो जाती है जिससे गेंदबाजों के लिए प्रतिकूल परिस्थितियों में गेंदबाजी करना मुश्किल हो जाता है।

गिल ने यह टिप्पणी भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट ड्रॉ रहने के बाद की। पिच से गेंदबाजों को कोई मदद नहीं मिल रही थी जिससे न्यूजीलैंड पहली पारी में 352 रन से पिछड़ने के बावजूद मैच ड्रॉ करने में सफल रहा।

गिल ने मैच समाप्त होने के बाद पत्रकारों से कहा, "हम कोविड काल से बहुत आगे निकल चुके हैं। एक नियम था कि गेंद को चमकाने के लिए लार का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। अब सात-आठ साल हो गए हैं। मुझे नहीं पता कि वे इसकी अनुमति क्यों नहीं दी जा रही है।"

उन्होंने कहा, "हमने जो पहली गेंद ली थी वह मुझे लगता है कि 25-30 ओवरों के बाद बहुत नरम हो गई थी। मुझे लगता है उन्होंने (न्यूजीलैंड) भी शिकायत की थी। हमने इंग्लैंड में भी यही देखा था।"

भारतीय कप्तान ने कूकाबुरा गेंद की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि नरम गेंद के बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर या स्लिप में जाने की संभावना काफी कम हो जाती है।

उन्होंने कहा, "मुझे नहीं पता कि गेंदों की गुणवत्ता कम हो गई है या क्या हुआ है। लेकिन ऐसी परिस्थितियों में अगर विकेट से कोई मदद न मिले और गेंद भी नरम पड़ जाए तो गेंदबाजों के लिए विकेट लेना बहुत मुश्किल हो जाता है।"

गिल ने कहा कि इस तरह की गेंद बल्ले का किनारा लेकर नहीं जाती जिससे विकेटकीपर और स्लिप क्षेत्र में कैच की संभावना कम हो जाती है। उन्होंने कहा, ’’इस तरह की गेंद के बल्ले का किनारा लेने की संभावना बहुत कम होती है। इसलिए विकेटकीपर को कैच देकर आउट होने की संभावना कम हो जाती है। अगर पिच से मदद नहीं मिल रही है तो एलबीडब्ल्यू करना भी आसान नहीं होता है।"

गिल का मानना है कि लार की अनुमति देने से टीमों को गेंद को लंबे समय तक अच्छी स्थिति में रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा, "जहां तक लार का सवाल है तो मुझे लगता है कि टीमों को इसका इस्तेमाल करने की अनुमति मिलनी चाहिए। यह नियम कोविड के दौरान लागू किया गया था। हम उस दौर से बहुत आगे निकल चुके हैं।"

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article