क्रिकेट

​अफगानिस्तान ने वेस्टइंडीज का किया काम तमाम! वर्ल्ड कप 2027 खेलने के लिए क्वालिफायर का दरिया करना होगा पार

आयरलैंड के खिलाफ अफगानिस्तान की तीसरे वनडे में जीत के साथ बड़ा उलटफेर हो गया। अफगानिस्तान की जीत के चलते दो बार की वर्ल्ड चैंपियन वेस्टइंडीज को अब वनडे वर्ल्ड कप 2027 में जगह बनाने के लिए क्वालिफायर खेलना होगा। उसकी सीधी एंट्री पर अफगानिस्तान ने पानी फेर दिया है।

Image

अफगानिस्तान ने वेस्टइंडीज का किया काम तमाम!

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आयरलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में अफगानिस्तान की जीत से वेस्टइंडीज के लिए विश्व कप 2027 में एंट्री का समीकरण बिगड़ गया। दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज को अब वर्ल्ड कप 2027 में हिस्सा लेने के लिए क्वालीफाइंग टूर्नामेंट से गुजरना होगा। उसकी सीधी एंट्री की सारी उम्मीदें खत्म हो गई हैं। 30 सितंबर तक आईसीसी वनडे रैंकिंग की टॉप आठ टीमें, जिसमें दो मेजबान देश साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे को छोड़कर विश्व कप के लिए सीधे क्वालीफाई करेंगी।

दूसरी तरफ बेलफास्ट में खेले गए आयरलैंड और अफगानिस्तान ने तीसरे वनडे मैच में तीन विकेट से शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही अफगानिस्तान ने वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए सीधे क्वालीफाई कर लिया। सीधे क्वालीफाई करने वाले में अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, श्रीलंका, इंग्लैंड, बांग्लादेश, साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे की लिस्ट में शामिल होगा। कट ऑफ तारीख से पहले वेस्टइंडीज, भारत के साथ दो वनडे मैच की सीरीज खेलेगा, अगर वह दोनों मुकाबेल जीत भी जाएगा तो भी टॉप-8 में जगह नहीं बना पाएगा। फिलहाल वह 10वें पायदान पर काबिज है।

टीम की साख पर सवाल

वनडे वर्ल्ड कप 2027 में खेलने के लिए वेस्टइंडीज को अगले साल फरवरी में आयोजित होने वाले क्वालिफायर की कड़ी टक्कर से गुजरना होगा। वेस्टइंडीज 2023 वनडे विश्व कप के लिए भी सीधे क्वालीफाई नहीं कर पाई थी। पिछले विश्व कप में उसे क्वालिफायर खेलना पड़ा था, जहां वे सुपर सिक्स राउंड में पांचवें स्थान पर रहे। यह पहला मौका था जब वेस्टइंडीज की टीम विश्व कप में नहीं खेल पाई थी, जिसके कारण टीम 2025 चैंपियंस ट्रॉफी से भी बाहर हो गई थी। वेस्टइंडीज साल 2013 के बाद से चैंपियंस ट्रॉफी में नहीं खेली है। इसके चलते उसकी साख पर सवाल उठने लगे हैं।

क्वालिफायर का दरिया करना होगा पार

बता दें कि क्वालिफायर के विजेता को 2027 विश्व कप के दूसरे दौर में सीधी एंट्री मिलेगी, जबकि दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें सुपर सीरीज खेलेंगी। उस त्रिकोणीय सीरीज की शीर्ष टीम फिर दूसरे दौर में पहुंचेगी। 30 सितंबर 2026 तक वनडे रैंकिंग में निचले पायदान की दो गैर मेजबान फूल मेंबर टीमें, जिसमें आयरलैंड और वेस्टइंडीज क्रिकेट विश्व कप लीग 2 की शीर्ष चार टीमें और विश्व कप क्वालिफायर प्लेऑफ की शीर्ष चार टीमें इस क्वालिफायर का हिस्सा होंगी।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article