Mumbai News: मुंबई में खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई के नियमों का उल्लंघन करने पर दक्षिण मुंबई के 9 नामी रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों पर बड़ी कार्रवाई हुई है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इनके लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिए गए हैं। टीम द्वारा 17 नवंबर को की गई जांच में इन प्रतिष्ठानों में गंदगी, खाने की चीजों के गलत तरीके से रखरखाव, कीटों की मौजूदगी और जरूरी दस्तावेजों की कमी जैसी गंभीर खामियां सामने आईं।
इन रेस्टोरेंट के लाइसेंस सस्पेंड
लाइसेंस सस्पेंड किए गए प्रतिष्ठानों में कैफे आइडियल (कोलाबा), आइकॉनिक चेतना रेस्टोरेंट (काला घोड़ा), अल अरबियन एक्सप्रेस यानी मियां कबाब (फोर्ट), चुल्हा रेस्टोरेंट (कफ परेड), नेचुरल आइसक्रीम (चर्चगेट), श्रेययोग रेस्टोरेंट (फोर्ट), गुप्ता फ्रूट जूस सेंटर (नरीमन पॉइंट), प्रकाश डोसा (फोर्ट) और सौरभ होटल्स (कोलाबा) शामिल हैं।
प्रतिष्ठानों में मिलीं चौंकाने वाली गड़बड़ियां
जांच के दौरान कैफे आइडियल के किचन में खुले कचरे के बैग, खुले बिजली के तार और कच्चे-पके मांस को एक साथ रखा हुआ पाया गया। वहीं, आइकॉनिक चेतना रेस्टोरेंट में जंग लगे रैक, खराब रेफ्रिजरेटर, फंगस और सीलन जैसी समस्याएं देखने को मिलीं। मियां कबाब में ग्राहक की टेबल पर रखे मेन्यू कार्ड पर कॉकरोच मिला। यहां कच्चा चिकन 13 डिग्री सेल्सियस पर रखा था, जबकि इसे 4 डिग्री या उससे कम तापमान पर रखना जरूरी है।
चुल्हा रेस्टोरेंट में चूहों और मक्खियों की मौजूदगी के साथ जंग लगे चिलर में मिठाइयां और आइसक्रीम रखी मिलीं। नेचुरल आइसक्रीम में आइसक्रीम अस्वच्छ फ्रीजर में बिना ढके रखी गई थी। उत्पादों पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट के लेबल नहीं थे। श्रेययोग रेस्टोरेंट में खाने का सामान कचरे के पास फर्श पर रखा मिला और किचन में मक्खियां थीं।
कर्मचारियों के जरूरी प्रमाणपत्र भी नहीं मिले
वहीं, गुप्ता फ्रूट जूस सेंटर, प्रकाश डोसा और सौरभ होटल्स में भी खाद्य पदार्थों के भंडारण, किचन की सफाई और जरूरी रिकॉर्ड से जुड़ी अनियमितताएं पाई गईं। कई जगह कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस और FoSTaC ट्रेनिंग सर्टिफिकेट भी उपलब्ध नहीं थे।
खाद्य सुरक्षा विभाग के आदेश के मुताबिक, लाइसेंस निलंबित रहने तक इन प्रतिष्ठानों को खाद्य पदार्थों की खरीद, बिक्री या वितरण की अनुमति नहीं होगी। आदेश का उल्लंघन करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

