बारबाडोस: रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2024 के सुपर-8 दौर की शुरुआत जीत के साथ की। गुरुवार को बारबाडोस में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को 47 रन के अंतर से मात दी। टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 181 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में अफगानिस्तान की टीम 20 ओवर में 134 रन बनाकर ढेर हो गई।
परिस्थितियों के अनुरूप बनाई योजना
जीत के बाद कप्तान रोहित ने खुशी जताते हुए कहा, हमने पिछले दो सालों में यहां टी20 मैच खेल चुके हैं। इसलिए यहां की परिस्थितियों को समझते हुए हमने अपनी योजना बनाई। हम परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढाला और 180 रन का स्कोर खड़ा किया जो कि बल्लेबाजों द्वारा किया गया शानदार प्रयास था। हमारे पास विश्व स्तरीय गेंदबाज भी थे और हम शानदार तरीके से लक्ष्य का बचाव कर सके।
हर खिलाड़ी ने किया अपना काम
रोहित ने जीत को साझा प्रयास करार देते हुए कहा, हर खिलाड़ी ने अपना काम किया, जो कि महत्वपूर्ण है और हम इसी पर ध्यान देते हैं। स्काई(सूर्यकुमार यादव) और हार्दिक पांड्या के बीच हुई साझेदारी महत्वपूर्ण थी। हमें एक ऐसे खिलाड़ी की जरूरत थी जो अंत तक पिच पर टिक सके और उन्होंने ऐसा कर दिखाया।
विश्व स्तरीय गेंदबाज हैं बुमराह
4 ओवर में 7 रन देकर 3 विकेट झटकने वाले जसप्रीत बुमराह की जमकर तारीफ करते हुए रोहित ने कहा, हम सभी बुमराह के खेल के क्लास से वाकिफ हैं और यह भी जानते हैं कि वो क्या कर सकते हैं। हमारे लिए सबसे अहम है कि परिस्थितियों से इतर हम उनका कितनी चतुराई से उपयोग करते हैं। वो जिम्मेदारी लेना चाहते हैं और पिछले कुछ सालों से ऐसा कर रहे हैं।
क्या है तीन स्पिनर्स वाला प्लान
मैच में तीन स्पिनर्स के संयोजन के साथ उतने के बारे में रोहित ने कहा, हम आज तीन स्पिनर्स के साथ मैदान में उतरे। लेकिन आने वाले मैचों में परिस्थितियों, विरोधियों का आकलन करके अगर जरूरत पड़ी तो बदलाव के लिए तैयार रहना होगा। मुझे लगा कि आज के मुकाबले में तीन स्पिनरों ने अच्छा प्रदर्शन किया। लेकिन आने वाले मैचों में अगर हमें तेज गेंदबाजी के लिए मददगार विकेट मिलें तो हम फिर से तेज गेंदबाजों के साथ मैदान में उतरेंगे।
