क्रिकेट

India Champions vs Pakistan Champions: रद्द हुआ भारत-पाकिस्तान मुकाबला, भारतीय खिलाड़ियों ने किया था खेलने से इनकार

इंग्लैंड में आयोजित हो रहे वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 में रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच आज खेला जाने वाला मुकाबला रद्द हो गया है। आयोजकों ने आधिकारिक तौर पर इसका ऐलान किया है।

Image

भारत बनाम पाकिस्तान ( फोटो क्रेडिट WCL 2025 X)

लंदन: इंडिया चैंपियंस और पाकिस्तान चैंपियंस के बीच खेले जाने वाले मैच से भारत के कुछ पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों ने अपना नाम वापस लेने के बाद आयोजकों ने मैच को रद्द करने का फैसला किया है। आयोजकों ने मैच को रद्द किए जाने के संबंध में आधिकारिक तौर पर बयान जारी किया है। भारत पाकिस्तान मैच का बायकॉट करने वाले खिलाड़ियों में शिखर धवन, हरभजन सिंह, सुरेश रैना और यूसुफ पठान और इरफान पठान के नाम शामिल थे। पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के बीच रिश्तों में तल्खी में इजाफा हुआ और इस माहौल में भारत सरकार और आवाम पाकिस्तान के साथ अच्छे संबंध बनाए रखने की पक्षधर नहीं है। ऐसे में मैच में भाग ले रहे खिलाड़ियों को सोशल मीडिया पर बुरी तरह ट्रोल किया जा रहा था और उनकी देश भक्ति पर सवाल उठाए जा रहे थे। ऐसे में बवाल को बढ़ता देख खिलाड़ियों को भी इस मुकाबले से दूरी बनाने का फैसला मैच की पूर्व संध्या पर करना पड़ा।

लोगों को देना चाहते थे सुखद यादें

WCL ने मैच को रद्द किए जाने संबंधी आधिकारिक बयान में कहा, हम WCL में हमेशा क्रिकेट को बहुत प्यार और सम्मान देते आए हैं। हमारा एकमात्र उद्देश्य प्रशंसकों को कुछ अच्छे, सुखद पल देना रहा है। जब हमें यह समाचार मिला कि पाकिस्तान की हॉकी टीम इस साल भारत आ रही है, और हमने हाल ही में भारत बनाम पाकिस्तान वालीबॉल मैच और अन्य कुछ खेलों में दोनों देशों के बीच मुकाबले देखे, तो हमने सोचा कि WCL में भारत बनाम पाकिस्तान का मैच के आयोजन का कार्यक्रम बनाए रखा ताकि दुनियाभर के लोगों के लिए कुछ सुखद यादें बनाई जा सकें। लेकिन शायद इस प्रक्रिया में, हमने कई लोगों की भावनाओं को आहत कर दिया और भावनात्मक हलचल पैदा कर दी।

भारतीय प्रशंसकों से मांगी माफी

बयान में आग कहा गया, हमने अनजाने में अपने भारतीय क्रिकेट दिग्गजों को असहजता दी, जिन्होंने देश को इतनी सारी उपलब्धियां दिलाई हैं, और साथ ही उन ब्रांड्स को भी प्रभावित किया जो सिर्फ खेल के प्रेम में हमारा समर्थन कर रहे थे। इसलिए, हमने भारत बनाम पाकिस्तान का मैच रद्द करने का निर्णय लिया है। हम एक बार फिर से दिल से क्षमा चाहते हैं यदि हमने किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाई हो और आशा करते हैं कि लोग समझेंगे कि हमारा एकमात्र उद्देश्य केवल प्रशंसकों के लिए कुछ सुखद पल लाना था।

देश से बढ़कर कुछ नहीं

शिखर धवन ने मैच से बाहर होने का ऐलान करते हुए कहा, जो कदम 11 मई को लिया, उसपर आज भी वैसे ही खड़ा हूं। मेरा देश मेरे लिए सबकुछ है और देश से बढ़कर कुछ नहीं। जय हिंद!

आतंकी हमले में मारे गए थे 26 लोग

22 अप्रैल 2025 को जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने दिल दहला देने वाले हमले में 26 लोगों को मौत के घाट उतार दिया था। इसके अलावा 20 पर्यटक घायल हो गए थे। इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव युद्ध के मुहाने तक पहुंच गया था। भारतीय सेना ने इस आतंकी घटना में शामिल आतंकियों के खात्मे और उनकी मदद करने वाले पाकिस्तान को माकूल जवाब देने के लिए ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। जिसे दोनों देशों की सेनाओं के बीच युद्ध विराम की सहमति बनने के बाद रोक दिया गया था।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article