Fox Enters stadium: आपने शायद श्रीलंका में सांपों की वजह से या फिर भारत में कुत्ते के घूसने की वजह से खेल रुकते देखा होगा, लेकिन इंग्लैंड में एक ऐसा जानवर मैच के दौरान घुस गया जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया। दरअसल लॉर्ड्स मैदान पर लोमड़ी घूस गई है। यह मज़ेदार वाकया द हंड्रेड टूर्नामेंट के मुकाबले में हुआ, जहां ओवल इनविंसिबल्स और लंदन स्पिरिट के बीच मुकाबला खेला जा रहा था। जैसे ही ओवल इनविंसिबल्स ने लंदन स्पिरिट को केवल 80 रन पर समेट दिया, मैच लगभग एकतरफा हो गया। लेकिन तभी मैदान पर एक लोमड़ी की एंट्री ने दर्शकों को फिर से उत्साहित कर दिया। उसकी इस ‘कैमियो’ उपस्थिति ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया।
रशीद खान का जलवा, स्पिरिट की बल्लेबाज़ी ढही
हालांकि दर्शकों को लोमड़ी की वजह से रोमांच मिला, लेकिन लंदन स्पिरिट की टीम को रशीद खान की फिरकी के सामने कोई जवाब नहीं मिला। अफगानी स्पिनर ने केवल 20 गेंदों में 11 रन देकर 3 विकेट झटके और विपक्ष की कमर तोड़ दी। उनके साथी सैम करन ने भी शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 3 विकेट पर 18 रन दिए।
बड़े नामों की नाकामी
डेविड वॉर्नर और केन विलियमसन जैसे स्टार बल्लेबाज़ों से उम्मीदें थीं, लेकिन दोनों ही बल्ले से कुछ खास नहीं कर सके। स्पिरिट के लिए एश्टन टर्नर ने सबसे ज़्यादा 21 रन बनाए, जो टीम के कुल स्कोर 80 में ही सबसे बड़ा योगदान रहा।
लक्ष्य का पीछा करते हुए ओवल इनविंसिबल्स ने दिखाया धैर्य
जवाबी पारी में ओवल इनविंसिबल्स ने तेज़ शुरुआत नहीं की, लेकिन ज़रूरत भी नहीं थी क्योंकि लक्ष्य बेहद मामूली था। विल जैक्स और टावांडा मुएये ने पहले विकेट के लिए 32 गेंदों में 34 रन जोड़े। हालांकि बीच में कुछ विकेट गिरे, लेकिन स्कोरबोर्ड पर रन की कमी के कारण स्पिरिट वापसी नहीं कर सका और ओवल की टीम ने मुकाबला 6 विकेट से जीत लिया।
रशीद खान बने हीरो ऑफ द मैच
मैच के बाद रशीद खान ने कहा कि "जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत करना अच्छा लगा। आईपीएल के बाद थोड़ा ब्रेक लेना ज़रूरी था ताकि खुद को मानसिक और शारीरिक रूप से तरोताज़ा कर सकूं। इस पिच पर स्पिन मिल रही थी, मैंने बस सही एरिया में गेंदबाज़ी करने की कोशिश की और नतीजा मेरे पक्ष में रहा।अनुभव हमेशा मदद करता है, खासकर ऐसे टूर्नामेंटों में जहाँ खेल बहुत तेज़ी से बदलता है। भले ही मैंने कुछ महीने गेंदबाज़ी नहीं की, लेकिन पिछले 10 साल में जो क्रिकेट खेला है, वो अनुभव काम आया।"
