क्रिकेट

IPL 2024: सुनील गावस्कर के जवाबी हमले के बाद विराट कोहली के बचाव में आए वसीम अकरम

स्ट्राइक रेट पर सवाल उठाने वालों को विराट कोहली के करारा जवाब देने के बाद सुनील गावस्कर ने उन्हें फिर से आड़े हाथ लिया है। लेकिन उनके समर्थन में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम उतर आए हैं।

Image

विराट कोहली (साभार IPL/BCCI)

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में विराट कोहली जमकर रन बना रहे हैं और ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। विराट के बल्ले से रन तो निकल रहे हैं लेकिन उसका स्ट्राइक रेट लगातार सवालों के घेरे में है। विराट ने पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में 44 गेंद में 70 रन की आतिशी पारी खेलने के बाद सुनील गावस्कर सहित आलोचकों को करारा जवाब नाम लिए बगैर दिया।

ऐसे में शनिवार को विराट कोहली ने गुजरात के खिलाफ 27 गेंद में 42 रन की पारी खेली। 155.55 के स्ट्राइक रेट से खेली गई पारी के दौरान विराट ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए 2 चौके और 4 छक्के जड़े। मैच के शुरू होने से पहले गावस्कर ने विराट को आड़े हाथ लिया और उनसे पूछा कि अगर आपको लोगों के सवालों से फर्क नहीं पड़ता तो उन सवालों का जवाब क्यों दे रहे हैं।

सुनील गावस्कर के जवाबी हमले के बाद विराट कोहली के समर्थन में पाकिस्तान के पूर्व पेसर वसीम अकरम उतर आए हैं। वसीम अकरम ने स्पोर्ट्स कीड़ा से कहा, उनकी जो भी आलोचना हो रही है वो इसलिए है क्योंकि उनकी टीम हार रही है। अगर कोई खिलाड़ी 150 के स्ट्राइक रेट से शतक 100 रन बना रहे हैं तो ये ठीक है। अगर टीम जीतती है तो कोई इसकी आलोचना नहीं करेगा। विराट कोहली जब टीम के कप्तान थे तब भी दबाव में थे। कप्तानी छोड़ने के बाद भी वो दबाव में हैं। वो रन बना रहे हैं लेकिन एक खिलाड़ी आपके लिए मैच नहीं जीत सकता।'

अकरम ने कहा, विराट की आलोचना अनावश्यक है। ये सही नहीं है। लंबी दूरी की बात करें तो विराट कोहली के अंदर अभी बहुत सी क्रिकेट बची हुई है। आरसीबी को सोचना होगा कि पिछले 16 साल में उनका प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। उनकी बल्लेबाजी ठीक है लेकिन गेंदबाजी कमजोर कड़ी है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article