Washington Sundar: भारत की टीम अगले महीने श्रीलंका दौरे पर दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी। लेकिन सीरीज से पहले ही टीम इंडिया को चोटों के कारण बड़ा झटका लगा है। आलराउंडर वाशिंगटन सुंदर 15 अगस्त से गॉल में शुरू होने वाले पहले टेस्ट से बाहर हो गए हैं। वहीं नीतीश कुमार रेड्डी और तेज गेंदबाज हर्षित राणा का पूरे दौरे में खेलना भी संदिग्ध है।
दूसरे टेस्ट में खेल सकते हैं सुंदर
बीसीसीआई के एक सूत्र के अनुसार वाशिंगटन सुंदर इंग्लैंड दौरे के दौरान पैर में चोटिल हो गए थे। पूरी तरह फिटनेस हासिल करने के बाद ही वह दूसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध हो पाएंगे। दूसरा टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के एसएससी मैदान पर खेला जाएगा। वाशिंगटन के बाहर होने से भारत के स्पिन विकल्पों पर असर पड़ेगा, खासकर गॉल की टर्निंग पिच पर उनकी उपयोगिता टीम के लिए अहम थी।
तेज गेंदबाजी विभाग में भी चिंता है। नीतीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा दोनों ही चोटिल हैं। बीसीआई मेडिकल टीम अभी उनकी प्रगति पर नजर रख रही है। दोनों के पहले टेस्ट तक फिट होने की संभावना कम है। हर्षित राणा की अनुपस्थिति तेज आक्रमण की गहराई को प्रभावित कर सकती है, जबकि नीतीश के बाहर होने से निचले क्रम में बल्लेबाजी और चौथे-पांचवें गेंदबाज का विकल्प कमजोर होगा।
बुमराह को 30 जुलाई तक मिला आराम
राहत की खबर ये है कि भारत के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को 30 जुलाई तक आराम दिया गया है। इसके बाद वह बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' में रिपोर्ट करेंगे और फिटनेस टेस्ट से गुजरेंगे। उम्मीद है कि वह श्रीलंका सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे। टॉप ऑर्डर में भी साई सुदर्शन की उपलब्धता फिटनेस पर निर्भर है। हालांकि सूत्रों के मुताबिक बाएं हाथ के इस बल्लेबाज के जल्द ठीक होकर टीम से जुड़ने की संभावना अधिक है।
कब शुरू होगा भारत का श्रीलंका दौरा
भारत का श्रीलंका दौरा 15 अगस्त से शुरू होगा। पहला टेस्ट गॉल में और दूसरा टेस्ट कोलंबो में खेला जाएगा। लगातार क्रिकेट और इंग्लैंड दौरे की थकान के बाद चोटों ने टीम प्रबंधन के लिए सिरदर्द बढ़ा दिया है। ऐसे में बेंच स्ट्रेंथ और फिट खिलाड़ियों के प्रबंधन पर खास ध्यान देना होगा।
