क्रिकेट

T20 World Cup 2026: श्रीलंका और न्यूजीलैंड को लगा बड़ा झटका, बाहर हुए ये दो मैच विनर खिलाड़ी

टी20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका और न्यूजीलैंड की टीम को बड़ा झटका लगा है। श्रीलंका के मैच विनर ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा चोट के कारण वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं। न्यूजीलैंड के माइकल ब्रेसवेल भी अब वर्ल्ड कप का हिस्सा नहीं हैं। न्यूजीलैंड इस वर्ल्ड कप में दो मुकाबला जीतकर अजेय है।

Image

वानिंदु हसरंगा (साभार-X)

श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा और न्यूजीलैंड के माइकल ब्रेसवेल चोट के कारण मंगलवार को टी20 विश्व कप के शेष मुकाबलों से बाहर हो गए। हसरंगा को रविवार को आयरलैंड के खिलाफ श्रीलंका के शुरुआती मैच के दौरान बाईं मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था। आईसीसी ने हसरंगा के स्थान पर एक लेग स्पिन हरफनमौला दुशान हेमांथ को श्रीलंका की टीम में शामिल करने की मंजूरी दे दी है। माइकल ब्रेसवेल को न्यूजीलैंड के टूर्नामेंट के शुरुआती मैच से पहले अभ्यास के दौरान पिंडली में चोट लग गई। यह मैच आठ फरवरी को चेन्नई में अफगानिस्तान के खिलाफ खेला गया था।

न्यूजीलैंड क्रिकेट ने एक बयान में कहा, "ब्रेसवेल पिछले महीने भारत के खिलाफ तीसरे वनडे में लगी पिंडली की चोट से उबर चुके थे, लेकिन रविवार को अभ्यास के दौरान मांसपेशी दोबारा चोटिल हो गई।" बयान में आगे कहा गया, "जांच के बाद चोट की पुष्टि हुई है और उनके पूरी तरह फिट होने में लगभग तीन सप्ताह का समय लग सकता है।" ऑफ स्पिन ऑलराउंडर कोल मैककॉन्ची, तेज गेंदबाज बेन सीयर्स के साथ रिजर्व के तौर पर टीम से जुड़ने के लिए भारत आएंगे।

विजय रथ पर सवार न्यूजीलैंड

न्यूजीलैंड की टीम आईसीसी टूर्नामेंट में अलग ही लेवल पर खेलती है। इस बार भी यह टीम विजय रथ पर सवार है। पहले मुकाबले में अफगानिस्तान को धूल चटाने के बाद उसने दूसरे मुकाबले में यूएई को 10 विकेट से पटखनी दी। यह टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड की सबसे बड़ी जीत थी। दूसरी तरफ श्रीलंका ने एक मुकाबला खेला है और उसमें उसे जीत मिली है। श्रीलंका ने पहले मुकाबले में आयरलैंड को 20 रन से हराया था। श्रीलंका का दूसरा मुकाबला 12 फरवरी को ओमान से होगा जबकि न्यूजीलैंड अपना तीसरा लीग मुकाबला 14 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलेगा। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article