स्पोर्ट्स

Asian Youth Table Tennis Championships 2026: अभिनंद और दिव्यांशी की जोड़ी ने मिक्स्ड डबल्स में भारत का पदक किया पक्का

पीबी अभिनंद और दिव्यांशी भौमिक शीर्ष वरीय अंडर-19 मिश्रित जोड़ी ने बुधवार को एशियाई युवा टेबल टेनिस चैंपियनशिप में चीन की जोड़ी को हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की की और भारत के लिए एक और पदक पक्का कर दिया।

Image

भारत बनाम चीन

बैंकॉक: पीबी अभिनंद और दिव्यांशी भौमिक की भारत की शीर्ष वरीय अंडर-19 मिश्रित जोड़ी ने बुधवार को एशियाई युवा टेबल टेनिस चैंपियनशिप में चीन की जोड़ी को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। क्वार्टर फाइनल में चीन के यिरेन तांग और यियी जियांग पर 11-9, 11-6, 11-7 की शानदार जीत के साथ अभिनंद और दिव्यांशी ने ना केवल अंतिम चार में जगह पक्की की बल्कि इस प्रतिष्ठित महाद्वीपीय चैंपियनशिप में देश के लिए कम से कम कांस्य पदक भी पक्का कर लिया।

थाईलैंड की जोड़ी से होगी सेमीफाइनल में भिड़ंत

अभिनंद और दिव्यांशी सेमीफाइनल में थिताफत प्रीचायान और कुलापास्र विजितविरियागुल की थाईलैंड की जोड़ी से भिड़ेगी। स्थानीय जोड़ी को घरेलू दर्शकों का समर्थन तो मिलेगा लेकिन टूर्नामेंट की शीर्ष वरीय जोड़ी को रोकना उनके लिए बड़ी चुनौती होगी। प्रियनुज भट्टाचार्य और सिंड्रेला दास की भारत की दूसरी मिश्रित युगल जोड़ी ने भी प्रभावित किया लेकिन वे क्वार्टर फाइनल से बाहर हो गए।

पुरुषों के युगल में जीता कांस्य पदक

इसके अलावा भारत ने पुरुषों के युगल वर्ग में हांगकांग को 3-1 के अंतर से पटखनी देकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की थी। भारतीय जोड़ी ने अगले साल की विश्व युवा टेबल टेनिस चैंपियनशिप के लिए भी सीधा क्वालीफिकेशन हासिल कर लिया। इसके बाद भारतीय टीम को सेमीफाइनल में चीन के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा और इस वर्ग में कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

बैंकॉक में हो रहा है टूर्नामेंट का आयोजन

30वीं एशियन यूथ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 का आयोजन थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में हो रहा है। 28 जून से 4 जुलाई 2026 के बीच आयोजित होने वाला यह प्रतिष्ठित महाद्वीपीय टूर्नामेंट महाद्वीप के युवा टेबल टेनिस खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और विश्व स्तर पर जगह बनाने के लिए मंच प्रदान करता है।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article