क्रिकेट

'चर्चा इस चीज पे होती है कि यार...', विराट कोहली ने बताया रोहित शर्मा के साथ कैसी है उनकी कैमिस्ट्री

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 30, 2022, 12:03 PM IST

दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा के साथ अपने रिश्ते को लेकर बात की है। दोनों खिलाड़ी लंबे अरसे से साथ में खेल रहे हैं। कोहली और रोहित कई यादगार मैचों का हिस्सा रहे हैं लेकिन फिलहाल दोनों की नजर भारत को टी20 विश्व कप खिताब जिताने पर है।

Image

विराट कोहली और रोहित शर्मा

विराट कोहली और रोहित शर्मा भारतीय क्रिकेट टीम के दो दिग्गज खिलाड़ी हैं। दोनों के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का लगभग 15 वर्षों का अनुभव है। रोहित उस टीम का हिस्सा थे, जिसने 2007 टी20 विश्व कप खिताब जीता। विराट 2011 वनडे विश्व कप जीतने वाली टीम में थे। वहीं, दोनों ने साथ मिलकर 2013 चैंपियंस ट्रॉफी जीती। विराट और रोहित इस साल भारत को एक और आईसीसी ट्रॉफी जिताने की जद्दोजहद में हैं। रोहित के नेतृत्व में टीम इंडिया इन दिनों ऑस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप में अपना दमखम दिखा रही है।

विराट और रोहित की नजर फिलहाल टी20 विश्व कप जीतकर भारत के सबसे छोटे फॉर्मेट में 15 साल के खिताबी सूखे को खत्म करने पर है। भारत सुपर-12 राउंड में पाकिस्तान और नीदरलैंड को मात दे चुका है और अब उसे तीसरा मैच रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलना है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले से पहले कोहली ने रोहित के साथ अपनी कैमिस्ट्री को लेकर बात की। 33 वर्षीय विराट ने स्टार स्पोर्ट्स द्वारा शेयर किए गए वीडियो में कहा कि उनका और रोहित का भारत को जिताने के लिए साझा नजरिया है।

विराट ने कहा, 'हमारी चर्चा इस चीज पर होती है कि यार हमें बड़ा टूर्नामेंट कैसे जीतना है। जब ऐसा भाई-चारा होता है, ऐसा माहौल होता है, तो आप खेलने के लिए उत्साहित होते हैं। फिर आप टीम के लिए कुछ भी करने के लिए तत्पर रहते हैं। हमारी समझ और खेल के लिए नजरिया हमेशा समान रहा है। हमारा मकसद हमेशा भारत को जीत दिलाने का होता है। हम यह सुनिश्चित करने की कोशिश करते हैं कि सभी खामियों को दूर करते रहें। जितनी भी छोटी-छोटी चीजें है, जिनपर टीम के लिए काम करना है तो उस पर निगाह रहती है। अभी क्या है और आगे क्या हो सकता है, उस पर इनपुट्स देते हैं। बहुत खुला माहौल है।'

विराट ने कहा, 'सबकी नजरें अभी मुख्य लक्ष्य (बड़े टूर्नामेंट जीतना) पर है। पूरी टीम इसी में ढली हुई है। जब आपके पास ऐसा बॉन्ड होता है तो आप खेलने के लिए उत्साहित होते हैं। हमारा नजरिया हमेशा भारत को जीत की राह पर ले जाना का होता है। हम छोटी-छोटी चीजों पर काम करने हैं, जिन्हें हम सुधार सकते हैं।' विराट और रोहित टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के दो प्रमुख खिलाड़ी हैं। दोनों ने हाल ही में अपना जलवा बिखेरा। विराट ने पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 82 रन और नीदरलैंड के विरुद्ध 62 रन की पारी खेली। दूसरी, ओर रोहित ने नीदरलैंड के सामने 53 रन जुटाए। रोहित और विराट ने इस मैच में दूसरे विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी की।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article