क्रिकेट

विराट कोहली ने शुरू की ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए तैयारी, लंदन में किया अभ्यास

भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने अक्तूबर में होने वाले ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए तैयारी शुरू कर दी है। लंदन में उन्होंने गुजरात टाइटंस के सहायक कोच नईम अमीन की मौजूदगी में अभ्यास किया

Image

नईम अमीन के साथ विराट कोहली (फोटो क्रेडिट Virat Kohli Instagram)

नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले टीम इंडिया के रन मशीन के नाम से मशहूर विराट कोहली पिच पर लौट आए हैं। उन्होंने गुजरात टाइटंस के सहायक कोच नईम अमीन की मौजूदगी में लंदन में अभ्यास किया। कोहली ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा,'हिट में मदद के लिए शुक्रिया, भाई। आपको देखकर हमेशा अच्छा लगता है।' उन्होंने सेशन के दौरान अमीन के साथ अपनी एक तस्वीर भी शेयर की।

अमीन ने अपने अकाउंट पर स्टोरी दोबारा शेयर करते हुए कहा,'भाई, आपको देखकर अच्छा लगा! जल्द ही मिलते हैं।' अमीन बर्कशायर, बकिंघमशायर और लंदन में माइटी विलो अकादमी चलाते हैं और इससे पहले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में सनराइजर्स हैदराबाद के कोचिंग स्टाफ में थे। इससे पहले, भारत के तेज गेंदबाज ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या भी अच्छे अभ्यास सत्रों के लिए अमीन की अकादमी में आ चुके हैं। विराट कोहली टेस्ट और टी20 क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। कोहली का ध्यान अब पूरी तरह से भारत के लिए वनडे और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के साथ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की प्रतिबद्धताओं पर है। कोहली ने 302 वनडे इंटरनेशनल मैचों में 14,181 रन बनाए हैं।

आईपीएल फाइनल में आखिरी बार खेलते नजर आए थे विराट

उन्होंने आखिरी बार आईपीएल 2025 के फाइनल में खेलते नजर आए थे। विराट कोहली ने उस मैच में 43 रनों की पारी खेली थी,जिससे आरसीबी ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए खिताबी मुकाबले में पंजाब किंग्स को छह रनों से हराकर 18 साल में पहली पर खिताब अपने नाम किया था। उसके बाद से कोहली मैदान पर नजर नहीं आए हैं। कोहली को फिर से मैदान पर खेलता देखने के लिए प्रशंसक बेताब हैं। हालांकि, इसके लिए फैंस को अभी अक्टूबर माह तक इंतजार करना होगा।

इस वजह से लंबा हुआ वापसी का इंतजार

ऐसे तो भारत को अगस्त में बांग्लादेश में तीन एकदिवसीय मैच खेलने थे, लेकिन बीसीसीआई और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच आपसी सहमति के बाद इस सीरीज को सितंबर 2026 तक के लिए स्थगित कर दिया गया। कोहली और रोहित शर्मा, जो टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों से भी दूर हैं, दोनों के भारत के ऑस्ट्रेलिया के सीमित ओवरों के दौरे के एकदिवसीय चरण के लिए वापसी करने की उम्मीद है। 19 अक्टूबर से पर्थ स्टेडियम में यह टूर्नामेंट शुरू होगा। इसके बाद 23 और 25 अक्टूबर टूर्नामेंट के अन्य मैच खेले जाएंगे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article