क्रिकेट

क्या विराट कोहली और रोहित शर्मा खेल पाएंगे 2027 का वनडे विश्व कप? सुनील गावस्कर ने दिया दो टूक जवाब

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने विराट कोहली और रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान करने के बाद उनकी साल 2027 के वनडे विश्व कप में खेलने की संभावना के बारे में दो टूक जवाब दिया है।

Image

विराट कोहली और रोहित शर्मा

Photo : PTI

नई दिल्ली: भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर का मानना है कि टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली शायद ही 2027 वनडे विश्व कप में खेल पायेंगे। भारतीय क्रिकेट के सबसे महान खिलाड़ियों में शामिल गावस्कर ने कहा कि टी20 अंतरराष्ट्रीय और अब टेस्ट क्रिकेट से इस्तीफा देने के बाद वनडे विश्व कप में खेलने की उनकी संभावनाओं पर काफी असर पड़ेगा। गावस्कर ने ‘स्पोर्ट्स् टुडे’ से कहा, 'नहीं, मुझे नहीं लगता कि वे खेलेंगे (एकदिवसीय विश्व कप)’। मैं बहुत ईमानदारी से कहूं तो मुझे नहीं लगता कि वे तब तक खेलेंगे। इसकी हालांकि संभावना है कि वे अगले एक साल में शानदार लय में आ जाए और लगातार शतक बनाते रहें। अगर ऐसा होता है तो भगवान भी उन्हें टीम से बाहर नहीं कर पायेंगे।'

चयन समिति और प्रदर्शन पर करेगा निर्भर

रोहित और विराट की जोड़ी ने भारत को चैंपियंस ट्रॉफी खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा,'वे खेल के इस प्रारूप में बहुत बढ़िया प्रदर्शन कर रहे हैं। क्या हमें लगता है कि वे 2027 विश्व कप के लिए टीम में होंगे? क्या वे उस तरह का योगदान दे पाएंगे जिसके लिए उन्हें जाना जाता है?' उन्होंने कहा,'इस पर चयन समिति को काफी विचार करना होगा। अगर चयन समिति को लगता है कि वे उस समय भी टीम में उतना ही बड़ा योगदान देंगे जितना अभी दे रहे हैं,तो ये दोनों खिलाड़ी अपनी जगह बरकरार रख सकते हैं।'

कोहली के संन्यास के फैसले से हैरान नहीं है गावस्कर

भारत के पूर्व कप्तान गावस्कर कोहली के संन्यास के फैसले से हालांकि हैरान नहीं है। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने चयनकर्ताओं से बातचीत के बाद ही यह फैसला लिया होगा। उन्होंने इस बात की सराहना की कि वे अपनी शर्तों पर राष्ट्रीय टीम से अलग हुए। गावस्कर ने कहा,'हर कोई चाहता था कि ये दोनों खिलाड़ी अपनी शर्तों पर खेल को अलविदा कहे और वही हुआ।'

आगरकर को दिया शानदार ढंग से चुनौती से निपटने का श्रेय

गावस्कर ने भारतीय क्रिकेट के भले के लिए इस मामले से शानदार तरीके से निपटने का श्रेय मौजूदा चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर को दिया। उन्होंने कहा,'मैं कभी चयनकर्ता नहीं रहा हूं, इसलिए मुझे उनके बारे में ज्यादा पता नहीं है। आप हालांकि टीम का विकास देखना चाहते हैं। आप टीम को तेजी से आगे बढ़ते देखना चाहते हैं। ऐसे में कभी-कभी आपको खेल की जरूरत के मुताबिक कठोर निर्णय लेने पड़ते हैं।'

बुमराह को बनाना चाहिए कप्तान

गावस्कर ने बुमराह के चोटिल होने की चिंताओं को खारिज करते उन्हें भारत का अगला टेस्ट कप्तान बनाने का समर्थन किया। उन्होंने कहा,'मेरे लिए जसप्रीत बुमराह टीम का कप्तान होना चाहिये। अगर आप किसी और को नियुक्त करते हैं, तो वे हमेशा बुमराह से एक अतिरिक्त ओवर चाहेंगे क्योंकि वह आपका नंबर एक गेंदबाज है। उसके पास किसी भी समय विकेट लेने में सक्षम है और ऐसे में आप हमेशा एक अतिरिक्त ओवर करना चाहते हैं। उन्होंने कहा,'बुमराह अगर खुद कप्तान होंगे तो उन्हें पता होगा कि उन्हें कब ब्रेक लेना है। उन्हें अपने शरीर और कार्यभार की जानकारी होगी।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article