क्रिकेट

Virat Kohli Retires: खत्म हुई अफवाहें, विराट कोहली ने लिया टेस्ट क्रिकेट से संन्यास, सोशल मीडिया पर दी जानकारी

Virat Kohli Retires From Test Cricket: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। तमाम अफवाहों और चर्चाओं के बाद अब खुद विराट ने इसका ऐलान कर दिया है।

Image

विराट कोहली ने टेस्ट से लिया संन्यास

Virat Kohli Retires From Test Cricket: भारत के महान बल्लेबाज विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला लिया है। पिछले कुछ समय से चल रही अफवाहों व चर्चाओं को विराम देते हुए कोहली ने अब खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर विदाई संदेश लिख दिया है। वो टी20 अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं, हालांकि वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलना जारी रखेंगे।

गौरतलब है कि रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के कुछ ही दिन बाद खबर आई थी कि विराट कोहली ने बीसीसीआई को अपने संन्यास लेने के विचार के साथ पत्र लिखा है। इसके बाद बोर्ड ने विराट कोहली इंग्लैंड दौरे पर जाने और उसके बाद इस पर विचार करने का आग्रह किया। एक दिन तक तो शांति रही लेकिन फिर अचानक विराट कोहली ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दुनिया को बता दिया कि अब वो दोबारा भारत की टेस्ट जर्सी में नजर नहीं आएंगे।

विराट कोहली ने अपने विदाई संदेश में क्या कहा

टेस्ट क्रिकेट में पहली बार बैगी ब्लू जर्सी पहने हुए 14 साल हो चुके हैं। ईमानदारी से कहूं तो मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह फॉर्मेट मुझे किस सफर पर ले जाएगा। इसने मेरी परीक्षा ली, मुझे आकार दिया और मुझे ऐसे सबक सिखाए जिन्हें मैं जीवन भर साथ रखूंगा।

सफेद कपड़ों में खेलना एक बहुत ही निजी अनुभव है। शांत परिश्रम, लंबे दिन, छोटे-छोटे पल जिन्हें कोई नहीं देखता लेकिन जो हमेशा आपके साथ रहते हैं।

जब मैं इस फॉर्मेट से दूर जा रहा हूं, तो यह आसान नहीं है - लेकिन यह सही लगता है। मैंने इसमें अपना सबकुछ दिया है और इसने मुझे मेरी उम्मीद से कहीं ज़्यादा दिया है।

मैं दिल से आभार के साथ जा रहा हूं - खेल के लिए, उन लोगों के लिए जिनके साथ मैंने मैदान साझा किया और हर उस व्यक्ति के लिए जिसने मुझे इस रास्ते पर देखा।

विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट में आंकड़े

मैच- 123

पारी- 210

रन- 9230

औसत- 46.85

शतक- 30

अर्धशतक- 31

सर्वाधिक स्कोर- नाबाद 254 रन

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article