क्रिकेट

ICC World Cup 2023: शेड्यूल जारी होते ही विराट को आई 2011 वर्ल्डकप फाइनल की याद

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jun 27, 2023, 05:17 PM IST

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और साल 2011 में विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे विराट कोहली ने विश्व कप 2023 का शेड्यूल जारी होने के बाद अपनी प्रतिक्रिया दी है और बताया है कि वो किस मैदान पर खेलने के लिए बेहद उत्साहित हैं।

Image

विराट कोहली(साभार ICC)

मुंबई: भारत की मेजबानी में आयोजित होने वाले आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 के कार्यक्रम का ऐलान मंगलवार को हो गया। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत पांच बार की विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 8 अक्टूबर को चेन्नई में भिडंत के साथ करेगी। भारतीय टीम की पाकिस्तान के साथ भिड़ंत 15 अक्टूबर को अहमदाबाद में होगी। भारतीय टीम अपना आखिरी मुकाबला 11 नवंबर को बेंगलुरू में विश्व कप क्वालीफायर की उपविजेता टीम के साथ होगा।

विश्व कप का शेड्यूल जारी होने के बाद दुनियाभर के खिलाड़ी अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। ऐसे में वनडे क्रिकेट में मौजूदा दौर के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और किंग ऑफ चेज के नाम से विख्यात विराट कोहली ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। विराट कोहली को विश्व कप 2023 का शेड्यूल देखने के बाद साल 2011 में श्रीलंका के खिलाफ मुंबई में खेले गए विश्व कप फाइनल की याद आ गई।

इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच भिड़ंत के साथ होगा आगाज

विश्व कप 2023 की शुरुआत साल 2019 के फाइनल के दोहराव के साथ होगा। 5 अक्टूबर को टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की टीमें अहमदाबाद में आमने-सामने होंगी। भारत चौथी बार विश्व कप की मेजबानी कर रहा है लेकिन पहली बार उसके अकेले कंधों पर टूर्नामेंट के आयोजन का जिम्मा है।

इस मैदान पर खेलने को बेताब हैं विराट

साल 2011 की विश्व चैंपियन टीम के सदस्य रहे विराट कोहली ने आगामी विश्व कप के दौरान अपने फेवरेट वेन्यू के बारे में भी खुलासा किया है। विराट एक बार फिर घरेलू सरजमीं पर विश्व कप में शिरकत करने को लेकर उत्साहित हैं। भारत के पूर्व कप्तान ने कहा, व्यक्तिगत तौर पर मैं इस बार विश्व कप के दौरान मुंबई में खेलने के लिए उत्साहित हूं। वहां उस माहौल का फिर से अनुभव करना शानदार होगा। एक बार फिर घर पर विश्व कप का आयोजन हो रहा है तो दर्शक इसे लेकर कितने उत्साहित होंगे।

विराट ने खेली थी 49 गेंद में 35 रन की पारी

मुंबई में श्रीलंका के खिलाफ एमएस धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने 6 विकेट के अंतर से मात देकर विश्व कप पर 28 साल बाद कब्जा किया था। उस मैच में विराट कोहली ने सचिन तेंदुलकर और सहवाग के आउट होने के बाद 49 गेंद में 35 रन का अहम पारी खेली थी। फॉलो थ्रू में तिलकरत्ने दिलशान ने उनका शानदार कैच लपका था। विराट ने विश्व चैंपियन बनने के अनुभव के बारे में कहा, मैं उस दौरान बहुत युवा था। मैंने देखा था कि उस जीत के सीनियर खिलाड़ियों के लिए क्या मायने थे। मैं समझ सकता हूं कि उनके लिए उस जीत के क्या मायने थे।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article