Chandauli Accident News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में सैयदराजा से भाजपा के विधायक सुशील सिंह के काफिले के साथ एक बड़ा हादसा हो गया। काफिले के बीच अचानक एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी घुस गई और एक के बाद एक कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में विधायक के काफिले की तीन गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि खुद विधायक की गाड़ी भी अनियंत्रित होकर पलट गई। विधायक ने घटना को संदिग्ध बताते हुए पुलिस में औपचारिक शिकायत देने की बात कही है।
कई वाहनों को टक्कर मारते हुए आगे निकली स्कॉर्पियो
बीजेपी विधायक सुशील सिंह के मुताबिक, काफिले में उनकी गाड़ी के पीछे करीब 15 और आगे लगभग पांच वाहन चल रहे थे। इसी दौरान उनके ठीक पीछे चल रहे एक वाहन का गंभीर एक्सीडेंट हो गया और उनकी अपनी गाड़ी भी पलट गई। विधायक ने बताया कि हादसे को अंजाम देने वाली स्कॉर्पियो उनकी गाड़ी को ओवरटेक करके आगे निकली और सामने चल रहे वाहन को टक्कर मार दी।
'नशे में नहीं थे आरोपी'
विधायक सुशील सिंह ने बताया कि काफिले में आगे चल रहे वाहनों में सवार लोगों ने किसी तरह हस्तक्षेप कर स्कॉर्पियो सवारों को रोका। बातचीत के दौरान गाड़ी में बैठे लोगों ने खुद को स्थानीय निवासी बताया। हालांकि, विधायक ने इस पूरी घटना को महज एक सामान्य दुर्घटना मानने से इनकार किया है।
उन्होंने कहा, "बातचीत करने पर ऐसा बिल्कुल नहीं लगा कि वे किसी तरह के नशे में थे। जिस तरह से उन्होंने जबरदस्ती रास्ता बनाते हुए एक के बाद एक चार गाड़ियों को टक्कर मारी, वह बेहद संदिग्ध प्रतीत होता है।" विधायक सुशील सिंह ने स्पष्ट किया कि वे इस पूरे मामले की गहन जांच के लिए पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज करा रहे हैं।
