आईसीसी अध्यक्ष और बीसीसीआई सचिव जय शाह की मौजूदगी में वनडे वर्ल्ड कप 2023 के शेड्यूल की घोषणा कर दी गई है। 5 अक्टूबर से 19 नवंबर के बीच खेले जाने वाले क्रिकेट के इस महाकुंभ का आगाज इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच मैच से होगा। यह मुकाबला वर्ल्ड के सबसे बड़े नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत अपने अभियान की शुरुआत 8 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगा जबकि 15 अक्टूबर को टीम पाकिस्तान से भिड़ेगी। वर्ल्ड कप का पहला सेमीफाइनल कोलकाता में जबकि दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। फाइनल मुकाबला 19 नवंबर को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 के बड़े मुकाबले
डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच पहला मुकाबला खेला जाएगा, जबकि 8 अक्टूबर को भारत अपना पहला मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगा।
13 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका की टीम आमने-सामने होगी। यह मुकाबला लखनऊ में खेला जाएगा। भारत-पाकिस्तान 15 अक्टूबर को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भिडेंगे। 20 अक्टूबर को पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया की टीम भिड़ेगी। अगले दिन इंग्लैंड का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा।
22 अक्टूबर को टीम इंडिया, न्यूजीलैंड के खिलाफ उतरेगी, जहां उसकी कोशिश 2019 की हार का बदलना लेने की होगी। 4 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया अपने सबसे बड़े राइवल इंग्लैंड से भिड़ेगा। 29 अक्टूबर को भारतीय टीम इंग्लैंड से भिड़ेगी। ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला 12 नवंबर को खेला जाएगा।
नॉक आउट मुकाबला (Knockout Matches)
नॉक आउट मुकाबले 15 नवंबर और 16 नवंबर को खेले जाएंगे जबकि फाइनल मुकाबला 19 नवंबर को अहमदाबाद क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। फाइनल मुकाबले के लिए एक दिन रिजर्व डे की व्यवस्था है।
