क्रिकेट

Virat Kohli: 13 साल बाद रणजी में विराट की वापसी रही फीकी, नहीं छू पाए दहाई का आंकड़ा

Virat Kohli: 13 साल बाद रणजी ट्रॉफी खेल रहे विराट अपनी वापसी को यादगार नहीं बना पाए। रेलवे के खिलाफ मैच में फैंस विराट को देखने आए थे, लेकिन वह दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। हिंमाशु सांगवान की गेंद पर किंग 6 रन बनाकर क्लीन बोल्ड हो गए।

Image

विराट कोहली रणजी ट्रॉफी (साभार-जियोसिनेमा)

Virat Kohli: दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में उस वक्त सन्नाटा पसर गया जब विराट कोहली 15 गेंद में 6 रन बनाकर आउट हो गए। विराट 13 साल बाद रणजी में वापसी कर रहे थे जिसको लेकर डीडीसीए ने खूब तैयारियां की थी। फैंस के लिए खास इंतजाम किया गया था और उन्हें किंग की बैटिंग देखने के लिए पहले आओ और पहले पाओ के आधार पर फ्री में एंट्री दी गई थी। लेकिन फैंस जिसकी उम्मीद लगाए बैठे थे वह पूरी नहीं हुई। रेलवे के तेज गेंदबाज हिमांशु सांगवान ने किंग कोहली का विकेट लिया और दिल्ली की टीम को सबसे बड़ा झटका दिया। विराट इस मुकाबले में आयुष बडोनी की कप्तानी में खेल रहे हैं।

फीकी रही विराट की वापसी

रेलवे के 241 रन के जवाब में दिल्ली ने दूसरे दिन 2 विकेट के नुकसान पर 79 रन से आगे खेलना शुरू किया। विराट का खाता खुलना बाकी था। फैंस को उम्मीद थी कि उन्हें किंग कोहली की धमाकेदार बल्लेबाजी देखने को मिलेगी। लेकिन हुआ इसके ठीक उलट, वह दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। विराट को तेज गेंदबाज हिमांशु सांगवान ने क्लीन बोल्ड कर दिया। उन्होंने 1 चौके की मदद से 15 गेंद में 6 रन बनाए।

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर फॉर्म से जूझ रहे कोहली के लिए चैंपियंस ट्रॉफी से पहले खुद को आजमाने का अच्छा मौका था, लेकिन वह यहां भी फेल रहे। अब फैंस को उम्मीद है कि वह कम से कम दूसरी पारी में अपनी छाप छोड़ने में कामयाब रहेंगे।

आखिरी बार कब रणजी खेले थे विराट

विराट कोहली आखिरी बार 13 साल पहले रणजी ट्रॉफी मैच खेले थे। खराब फॉर्म से जूझ रहे विराट ने फॉर्म की तलाश में घरेलू क्रिकेट में वापसी की है। इसके अलावा बीसीसीआई ने भी घरेलू क्रिकेट को अनिवार्य कर दिया है जिसका परिणाम है कि विराट, रोहित, रवींद्र जडेजा, केएल राहुल जैसे बड़े नाम रणजी खेलते नजर आ रहे हैं। विराट ने आखिरी बार 2012 में गाजियाबाद के जवाहरलाल नेहरु स्टेडियम में दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बीच मैच में हिस्सा लिया था।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article