Virat Kohli vs Babar Azam: पाकिस्तान ने दूसरा टेस्ट मैच जीतकर वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 से बराबर की। दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान ने 8 विकेट से जीत दर्ज की। तीन साल बाद विदेश में टेस्ट जीतने के बाद पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। यह उनके करियर का पहला प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड था। इस जीत के साथ बाबर ने कप्तान के तौर पर अपनी 11वीं टेस्ट जीत पूरी की। हालांकि, अगर पूरे एशिया के कप्तानों से तुलना करें तो बाबर आजम भारत के पूर्व टेस्ट कप्तान विराट कोहली के आस-पास भी नहीं ठहरते हैं।
एशिया के नंबर-1 कप्तान विराट कोहली
विराट कोहली टेस्ट कप्तानी में जीत के मामले में एशिया में पहले नंबर पर काबिज हैं। जहां टेस्ट जीत में कोहली की बादशाहत है, वहीं बाबर आजम इस मामले में लिस्ट में 15वें नंबर पर हैं। उन्होंने अब तक 22 टेस्ट में पाकिस्तान की कप्तानी की है। जिसमें पाकिस्तान को 11 जीत मिली है, वहीं इसमें 7 हार और 4 ड्रॉ शामिल हैं। गौरतलब है कि शान मसूद को हटाने के बाद बाबर आजम को दोबारा पाकिस्तान की टेस्ट कप्तानी सौंपी गई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- WTC Points Table: पाकिस्तान की जीत से बदल गई पॉइंट टेबल की तस्वीर
विराट से कोसों दूर हैं बाबर
टेस्ट कप्तानी में जीत के मामले में विराट कोहली का रिकॉर्ड बिल्कुल अलग स्तर का है। उन्होंने साल 2014 से 2022 तक भारतीय टीम की कप्तानी की। इस दौरान उनकी कप्तानी में भारत ने कुल 68 टेस्ट मैच खेले, जिसमें टीम इंडिया को 40 में जीत मिली। इसमें से 17 मैच में भारतीय टीम को हार और 11 ड्रॉ का सामना करना पड़ा। इस वजह से वह एशिया के सबसे सफल टेस्ट कप्तान बन गए। कोहली ने टेस्ट और टी20 को अलविदा कह दिया है और अब सिर्फ एकदिवसीय क्रिकेट खेलते हैं। कोहली के बाद टेस्ट जीत के मामने में दूसरे नंबर पर महेंद्र सिंह धोनी का नाम आता है। धोनी ने 60 टेस्ट में भारत की कप्तानी की और 27 में जीत दिलाई। तीसरे नंबर पर पाकिस्तान के मिस्बाह उल हक हैं। उन्होंने 56 टेस्ट में कप्तानी की और 26 में जीत दिलाई।
दुनिया के चौथे सबसे सफल कप्तान विराट
टेस्ट जीत के मामले में सौरव गांगुली एशिया में चौथे नंबर पर हैं। जिनके नाम 49 टेस्ट में 21 जीत शामिल है। श्रीलंका के सनथ जयसूर्या 18 जीत के साथ पांचवें नंबर पर हैं। रोहित शर्मा और दिमुथ करुणारत्ने के नाम भी 12-12 जीत है, जो बाबर आजम से आगे हैं। बाबर और इंजमाम उल हक दोनों के नाम अभी 11-11 जीत दर्ज हैं। वहीं अगर दुनिया भर के कप्तानों का आंकड़ा देखें तो सबसे सफल टेस्ट कप्तान दक्षिण अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ हैं जिनके नाम 109 मैचों में 53 जीत हैं। उनके बाद ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग 48 जीत और स्टीव वॉ 41 जीत के साथ आते हैं। चौथे नंबर पर विराट कोहली हैं।
