क्रिकेट

एडिलेड में विराट ने फिर मचाया धमाल, बने अंतरराष्ट्रीय टी20 के पहले चार हजारी

  • Authored by: नवीन चौहानWritten by: नवीन चौहान
  • Updated Nov 10, 2022, 03:14 PM IST

विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया में अपने चहेते मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप 2022 के दूसरे सेमीफाइनल के दौरान अंतरराष्ट्रीय टी20 में चार हजार रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए।

Image

विराट कोहली( साभार AP)

एडिलेड: विराट कोहली और एडिलेड के मैदान के बीच स्पेशल कनेक्शन गुरुवार को टी20 विश्व कप 2022 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ भी जारी रहा। केएल राहुल के आउट होने के बाद विराट कोहली को बल्लेबाजी करने का मौका जल्दी मिल गया। ऐसे में फॉर्म में चल रहे विराट कोहली ने अपनी लय को बरकरार रखते हुए अच्छी शुरुआत की। इस दौरान विराट ने जैसे ही 42 रन के आंकड़े को पार किया वो अंतरराष्ट्रीय टी20 में 4 हजार रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए।

टी20 विश्व कप 2022 में मचाया है धमाल, जड़ा चौथा पचासा

इसके बाद विराट ने अपनी पारी को जारी रखते हुए 39 गेंद में अपना मौजूदा विश्व कप का चौथा और कुल 14वां अर्धशतक पूरा किया। यह उनके अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर का 37वां अर्धशतक है। विराट अपनी इस पारी को बड़ी नहीं कर पाए और शॉर्ट थर्ड मैन पर क्रिस जॉर्डन की गेंद पर लपके गए। विराट ने अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का जड़ा।

टी20 विश्व कप में चार अर्धशतक जड़ने वाले पहले खिलाड़ी

मौजूदा विश्व कप में विराट ने धमाल मचाते हुए 6 मैच की 6 पारियों में 98.66 के औसत और 136.40 के स्ट्राइक रेट से 296 रन बनाए हैं। विराट का इस दौरान सर्वाधिक स्कोर नाबाद 82* रन रहा है। ये पारी उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ मेलबर्न में खेली थी। विराट कोहली टी20 विश्व कप में चार अर्धशतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए।

ऐसा रहा है विराट का अंतरराष्ट्रीय टी20 में प्रदर्शन

विराट के नाम पहले ही अंतराष्ट्रीय टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है। विराट कोहली ने अबतक खेले 115 मैच की 107 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 4008 रन बनाए हैं। ये रन उन्होंने 137.96 के स्ट्राइक रेट और 52.73 के औसत से बनाए हैं। इसमें 37 अर्धशतक और एक शतक शामिल हैं। विराट का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 122* रन रहा है।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article