Virat Kohli Age: भारत के महानतम क्रिकेटरों में से एक विराट कोहली ने सोमवार को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की है। उनका यह फैसला रोहित शर्मा के संन्यास के कुछ समय बाद आया है, जो भारतीय क्रिकेट के एक युग का अंत है। कोहली का टेस्ट करियर 14 साल तक चला, इस दौरान उन्होंने 123 मैच खेले और 46.85 की औसत से 9,230 रन बनाए, जिसमें 30 शतक शामिल हैं। 2014 से 2022 तक कप्तान के रूप में, उन्होंने भारत को 68 टेस्ट मैचों में 40 जीत दिलाई, जिससे वह देश के सबसे सफल टेस्ट कप्तान बन गए। कोहली और रोहित से पहले रविचंद्रन अश्विन ने भी टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। आइए जानते हैं कि तीनों में से किसने सबसे ज्यादा उम्र में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा है।
कोहली के नेतृत्व ने टेस्ट क्रिकेट में भारत के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसमें 2021 और 2023 में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचना भी शामिल है। रिपोर्ट के मुताबिक विराट कोहली ने BCCI को इंग्लैंड में 20 जून से शुरू होने वाली आगामी पांच मैचों की श्रृंखला से पहले टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के अपने फैसले के बारे में सूचित किया था, जहां उन्हें टीम में शामिल किए जाने की संभावना थी।
कोहली का भावुक अलविदा संदेश
विराट ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में संन्यास का ऐलान करते हुए लिखा है कि "आज से 14 साल पहले मैंने पहली बार टेस्ट क्रिकेट में भारत की बैगी ब्लू टोपी पहनी थी। सच कहूं, तो मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह फॉर्मेट मुझे इतना उंचाइयों तक ले जाएगा। इसने मेरी परीक्षा ली, मुझे गढ़ा और जीवन भर याद रहने वाले सबक सिखाए। व्हाइट्स (टेस्ट क्रिकेट) में खेलने का अपना ही एक अलग महत्व है। यहां की मेहनत, लंबे दिन और वो छोटे-छोटे पल जिन्हें कोई नहीं देखता, लेकिन वो हमेशा आपके साथ रहते हैं। इस फॉर्मेट से अलविदा कहना आसान नहीं, लेकिन यह सही समय लगता है। मैंने इसे अपना सब कुछ दिया और इसने मुझे उससे कहीं ज्यादा दिया, जिसकी मैंने कभी उम्मीद की थी।"*
उन्होंने आगे लिखा, "मैं एक आभारी दिल के साथ इस पड़ाव को छोड़ रहा हूँ — इस खेल के लिए, उन सभी लोगों के लिए जिनके साथ मैंने मैदान साझा किया, और हर उस शख्स के लिए जिसने मुझे इस सफर में साथ दिया। मैं हमेशा अपने टेस्ट करियर को मुस्कुराते हुए याद करूंगा। #269, साइनिंग ऑफ।"इस पोस्ट को अब तक 4 मिलियन से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं।
विराट रोहित और अश्विन ने किस उम्र में किया रिटायर
विराट कोहली के रिटायरमेंट के बाद उनकी उम्र को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई है। चेज मास्टर विराट कोहली की उम्र फिलहाल 36 साल और 6 महीने है। उनका जन्म 5 नवंबर 1988 को हुआ था। वहीं रोहित शर्मा ने 38 साल की उम्र में रिटायरमेंट लिया है। इसके अलावा पिछले साल रिटायर हुए रविचंद्रन अश्विन ने भी 38 साल की उम्र में रिटायरमेंट लिया था।
